The Duniyadari: चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की मनाली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, उनके पुत्र बाबूलाल सोरेन और अन्य परिजन शिमला के लिए रवाना हो गए। इस खबर से झारखंड के राजनीतिक हलकों, खासकर कोल्हान क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ कुल्लू-मनाली घूमने गए थे। सोमवार को वे सोलंगनाला और हामटा स्नो प्वाइंट में बर्फबारी का आनंद लेने के बाद अपने होम स्टे लौटे थे। मंगलवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि उन्होंने सिर में तेज दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद दवा ली और आराम करने चले गए।
दोपहर करीब ढाई बजे कमरे से गिरने की आवाज सुनकर दोस्तों ने देखा कि वीर सोरेन बिस्तर से नीचे गिरे पड़े हैं। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया। रास्ते में उनके मुंह से झाग निकलने की भी बात सामने आई है। अस्पताल में डॉक्टरों ने सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
स्थानीय पुलिस के अनुसार अस्पताल से सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया गया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और परिवार के शिमला पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
































