सूरजपुर में भीषण सड़क हादसा: शिक्षिका की मौके पर मौत, पांच वर्षीय बेटा गंभीर

8

The Duniyadari: सूरजपुर। जिले में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, भुनेश्वरपुर की शिक्षिका शिखा त्रिपाठी (32) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में उनका पांच वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे नगर में शोक की लहर है।

मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षिका अपने बेटे के साथ रामानुजनगर स्थित किराए के आवास से स्कूटी पर स्कूल जा रही थीं। कौशलपुर स्थित एमपी ट्रैक्टर गैरेज के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक मॉडिफाइड ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में यूकेलिप्टस की अवैध लकड़ी लदी थी और चालक तेज गति व लापरवाही से वाहन चला रहा था।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।

शिखा त्रिपाठी संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, अंबिकापुर के कुलसचिव की सुपुत्री थीं। घटना की सूचना मिलते ही शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों में शोक व्याप्त हो गया।

पुलिस ने अवैध लकड़ी तस्करी में प्रयुक्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है तथा चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।