Wednesday, March 4, 2026
Home कवर्धा होली की खुशियां मातम में बदली: NH-30 पर पिकअप की टक्कर से...

होली की खुशियां मातम में बदली: NH-30 पर पिकअप की टक्कर से छात्र की मौत, बहन की हालत गंभीर

7

The Duniyadari: कवर्धा। रंगों के त्योहार की रौनक के बीच कबीरधाम जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-30 पर हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन हादसे का शिकार हो गए, जिसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना रायपुर-जबलपुर मार्ग पर बिरकोना के पास हुई। मृतक की पहचान अमर दीवान के रूप में हुई है, जो रायपुर में पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह होली मनाने अपनी बहन के साथ बाइक से अपने गांव बोड़तरा लौट रहा था। रास्ते में सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की सहायता से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।

होली जैसे खुशियों के पर्व पर हुई इस दर्दनाक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति और सावधानी का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।