Sunday, March 22, 2026
Home Breaking तेज रफ्तार का कहर: परीक्षा देकर लौट रहे परिवार को ट्रक ने...

तेज रफ्तार का कहर: परीक्षा देकर लौट रहे परिवार को ट्रक ने मारी टक्कर, महिला की मौत

12

The Duniyadari: दुर्ग जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशहाल परिवार को पलभर में तबाह कर दिया। रायपुर से रेलवे परीक्षा देकर घर लौट रहे बाइक सवार परिवार को नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और मासूम बेटा घायल हो गए।

यह घटना पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, खुर्सीपार निवासी 30 वर्षीय एन भारती अपने पति और 4 साल के बच्चे के साथ शनिवार को रायपुर परीक्षा देने गई थीं। परीक्षा खत्म होने के बाद शाम को तीनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर लगते ही बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पति और बच्चे को चोटें आईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रक की तेज रफ्तार और टक्कर का खौफनाक मंजर साफ नजर आ रहा है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।