Sunday, September 27, 2026
Home Breaking डबल मर्डर का खुलासा: होली का मुखौटा पहनकर नशेड़ियों ने की साहू...

डबल मर्डर का खुलासा: होली का मुखौटा पहनकर नशेड़ियों ने की साहू दंपती की हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

85

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा। खपरी गांव में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड को गांव के ही दो नशेड़ियों ने अंजाम दिया था, जिन्होंने पहचान छिपाने के लिए होली का मुखौटा पहन रखा था। आरोपियों को घटना के बाद फरार होने में दो अन्य लोगों ने मदद की। पुलिस ने इस मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना से तीन दिन पहले मृतक छतराम साहू के घर शादी समारोह आयोजित हुआ था। इस कार्यक्रम में मुख्य आरोपी गजेंद्र पाल फोटोग्राफर के रूप में मौजूद था। जांच के दौरान घटनास्थल पर मिले खून से सने पैरों के निशान और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने परिजनों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही क्षेत्र के करीब 50 निगरानी बदमाशों की सूची बनाकर जांच आगे बढ़ाई गई।

जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान गजेंद्र पाल के हाथ में चोट लगी थी, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला। आरोप है कि आरोपी को फरार होने में उसके पिता और बेटे ने भी सहयोग किया। वहीं घटना के दौरान इस्तेमाल किए गए होली के मुखौटे का बाल आरोपियों के पास मिले सोने की चैन से मेल खा गया, जिससे मामला और स्पष्ट हो गया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी गजेंद्र पाल और उसके साथी सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त चाकू और बाइक भी जब्त कर ली गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।