Saturday, May 2, 2026
Home Breaking कोरबा में सनसनीखेज वारदात: बुरी नीयत में नाकाम युवक ने 7 वर्षीय...

कोरबा में सनसनीखेज वारदात: बुरी नीयत में नाकाम युवक ने 7 वर्षीय मासूम की हत्या कर शव कुएं में फेंका

30

The Duniyadari: कोरबा जिले में सात वर्षीय बालक की संदिग्ध मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने नशे की हालत में बालक को बहला-फुसलाकर ले जाने के बाद उसकी हत्या कर दी और शव कुएं में फेंक दिया।

यह घटना पाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डोंगानाला के आश्रित ग्राम गणेशपुर की है। यहां रहने वाले शिवकुमार खुरसेंगा का सात वर्षीय बेटा आयान खुरसेंगा 2 अप्रैल की दोपहर अपने दोस्तों के साथ तालाब नहाने गया था। उसके साथी घर लौट आए, लेकिन आयान वापस नहीं पहुंचा। देर शाम तक जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान जानकारी मिली कि घर के सामने रहने वाला 19 वर्षीय रंजित कुमार उर्फ रंजीत उसे अपने साथ ले गया था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार को पूरे दिन गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिला। गांव में बैठक भी बुलाई गई, जहां रंजीत से पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

कुएं में मिला शव

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी नागेश तिवारी मौके पर पहुंचे और आरोपी से सख्ती से पूछताछ की। दबाव में आकर उसने बताया कि बालक का शव पड़ोसी गांव करतली के एक खेत के कुएं में फेंका गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कुएं से शव बरामद किया।

नीयत खराब हुई, फिर हत्या

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में तालाब पहुंचा था। वहां नहाते हुए बालक को देखकर उसकी नीयत खराब हो गई। वह उसे बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले गया, लेकिन अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका। पकड़े जाने के डर से उसने पत्थर से बालक के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसने शव को कुएं में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।