Tuesday, April 14, 2026
Home Breaking कोरबा में तेज रफ्तार कार का कहर: मोबाइल दुकान में घुसी, तीन...

कोरबा में तेज रफ्तार कार का कहर: मोबाइल दुकान में घुसी, तीन युवक हिरासत में

28
Oplus_16908288

The Duniyadari: कोरबा- शहर के सोनालिया चौक के पास बुधवार को तेज रफ्तार कार ने जमकर उत्पात मचाया। अनियंत्रित कार पहले सड़क पर जा रहे बाइक सवार को टक्कर मारते हुए सीधे एक मोबाइल दुकान में घुस गई।

इस हादसे में राहगीर और दुकानदार बाल-बाल बच गए, लेकिन दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी देर से सोनालिया चौक के आसपास तेज रफ्तार में घूम रही थी। अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे स्थित मोबाइल दुकान में जा घुसी। कार की रफ्तार और युवकों की हालत देखकर लोगों को शक हुआ कि चालक नशे में था।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार में सवार तीन युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार युवक शराब के नशे में थे। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि हादसे से पहले टीपी नगर क्षेत्र स्थित शराब दुकान के पास भी युवकों ने हंगामा किया था।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवकों को पकड़ लिया गया। मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।