Wednesday, April 15, 2026
Home Breaking वर्दी पर दाग: महिला कॉन्स्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों पर 7 लाख की...

वर्दी पर दाग: महिला कॉन्स्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों पर 7 लाख की उगाही का आरोप

30

The Duniyadari: पुणे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कानून के रखवालों पर ही उगाही के गंभीर आरोप लगे हैं। एक महिला पुलिस कॉन्स्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि इन पुलिसकर्मियों ने एक स्कूल प्रिंसिपल को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 7 लाख रुपये वसूल लिए।

आरोपियों की पहचान पुलिस सब-इंस्पेक्टर अजीत बडे, कॉन्स्टेबल सुदाम तायड़े और दामिनी स्क्वाड की सदस्य सोनाली हिंगे के रूप में हुई है। सोनाली हिंगे सोशल मीडिया पर ‘रील स्टार’ के रूप में जानी जाती हैं और इंस्टाग्राम पर उनके करीब 40 हजार फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। मामला बंडगार्डन पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुणे के एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान के 55 वर्षीय प्रिंसिपल को निशाना बनाया। उन्होंने प्रिंसिपल को डराया कि उनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज किया जाएगा। इस कानून के तहत गिरफ्तारी और सामाजिक बदनामी का खतरा होता है, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने दबाव बनाया।

बताया जा रहा है कि तीनों पुलिसकर्मी स्कूल में गुड टच-बैड टच जागरूकता कार्यक्रम के नाम पर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने प्रिंसिपल को टारगेट किया और बाद में उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे की मांग की। आरोप है कि दबाव में आकर प्रिंसिपल ने 7 लाख रुपये दे दिए।

हालांकि, बाद में प्रिंसिपल को पूरे मामले पर शक हुआ। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपनी वर्दी और पद का दुरुपयोग करते हुए यह पूरी साजिश रची थी।

जानकारी के मुताबिक, अजीत बडे वर्तमान में साइबर पुलिस स्टेशन में पदस्थ हैं, जबकि सोनाली हिंगे और सुदाम तायड़े शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन से जुड़े हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने जांच के आदेश दिए हैं।

प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस तरह की घटनाओं में और लोग भी शामिल हैं। वहीं सोशल मीडिया पर सक्रिय महिला कॉन्स्टेबल का नाम सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस ने कहा है कि जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।