Saturday, April 18, 2026
Home Breaking अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने प्रशासन अलर्ट, नागरिकों से सहयोग की...

अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने प्रशासन अलर्ट, नागरिकों से सहयोग की अपील

13
Oplus_16908288

The Duniyadari: सारंगढ़-बिलाईगढ़-  अक्षय तृतीया के अवसर पर संभावित बाल विवाह को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त निगरानी शुरू कर दी है।

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने में सभी लोग जिम्मेदारी निभाएं और किसी भी संदिग्ध विवाह की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

कलेक्टर के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग समेत संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी उत्तम प्रसाद के नेतृत्व में निगरानी टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। संभावित स्थानों पर नजर रखी जा रही है और सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं भी बाल विवाह की आशंका हो तो तुरंत बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई, नजदीकी थाना, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 या आपातकालीन सेवा 112 पर जानकारी दें। समय पर सूचना मिलने से ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।

कलेक्टर ने बताया कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है, विशेषकर बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया के दौरान बड़ी संख्या में विवाह होने के कारण कम उम्र में शादी कराने के मामले सामने आते हैं, जो कानूनन अपराध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विवाह के लिए लड़कियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है, जिसका पालन करना अनिवार्य है।

प्रशासन ने बताया कि पिछले वर्षों में लगातार जागरूकता और निगरानी के कारण बाल विवाह के मामलों में कमी आई है, लेकिन इसे पूरी तरह समाप्त करने के लिए लगातार प्रयास जरूरी हैं।

जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ स्कूलों, गांवों और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है, जो लोगों को कानून और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दे रही हैं।

अधिकारियों ने कहा कि समाज के सहयोग से ही इस कुप्रथा को खत्म किया जा सकता है। अक्षय तृतीया को देखते हुए फिलहाल जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है और प्रशासन किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार है।