The Duniyadari: राजधानी रायपुर में वन्यजीव तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने जिंदा पैंगोलिन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों ने इस दुर्लभ वन्यजीव का सौदा करीब 50 करोड़ रुपये में करने की योजना बनाई थी।
वन परिक्षेत्र अधिकारी दीपक कुमार तिवारी के अनुसार, विभाग को मुखबिर से पैंगोलिन की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर तस्करों को पकड़ने की रणनीति तैयार की गई। टीम ने ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क किया और सौदे की बात आगे बढ़ाई। जैसे ही आरोपी पैंगोलिन के साथ भाटागांव क्षेत्र में पहुंचे, टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पैंगोलिन को पखांजूर से रायपुर लाए थे और इसे 50 करोड़ रुपये में बेचने की तैयारी थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खोखन हालदार और गोपाल बोपचे के रूप में हुई है। इनमें से एक आरोपी बालाघाट का निवासी है, जिसके पास से पैंगोलिन बरामद किया गया, जबकि दूसरा पखांजूर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
वन विभाग अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह के मुख्य सरगना तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना है।













