The Duniyadari: Balod– जिले में एक भाजपा कार्यकर्ता ने अपनी पत्नी और भाजपा जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कार्यकर्ता का दावा है कि उसकी पत्नी के उक्त नेता से अवैध संबंध हैं। उसने दोनों को गुंडरदेही इलाके के एक रिसॉर्ट में साथ पकड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित पति ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि पत्नी घर में बच्चों के साथ बेरहमी से मारपीट करती है। आरोप है कि वह बच्चों की आंख और मुंह में लाल मिर्च डाल देती है। बच्चों को धमकाती है कि घर उसके नाम है, चाहे तो सबको बाहर निकाल देगी।
शिकायत के मुताबिक महिला बच्चों से कहती है कि वह उनके पिता को खाने में जहर देकर मार डालेगी। ज्यादा बोलने पर तीनों को घर से भगाने की धमकी देती है। पति का कहना है कि पत्नी उसे और बच्चों को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। पत्नी पर दूसरे पुरुषों से संबंध रखने का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित ने बताया कि पत्नी बार-बार झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर उसने एसपी को लिखित आवेदन दिया है।
दूसरी तरफ पत्नी ने भी पति पर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पति उसे बदनाम कर रहा है, मारपीट करता है और मानसिक रूप से परेशान करता है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो की भी पड़ताल क जा रही है।















