The Duniyadari: सूरजपुर– जिला न्यायालय परिसर की पार्किंग से दिनदहाड़े बाइक चोरी होने से हड़कंप मच गया। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है, जिसके बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है।
एक वकील के मुंशी ने रोज की तरह अपनी नीले रंग की पल्सर N.S. 160 बाइक पार्किंग में खड़ी की थी। इसी बीच अज्ञात चोर ने मौके का फायदा उठाया और बाइक ले उड़ा।
CCTV फुटेज में दिख रहा है कि आरोपी युवक बाइक पर बैठा है और बिना स्टार्ट किए पैरों से धक्का मारकर उसे पार्किंग से बाहर सड़क तक ले गया। सड़क पर भी वह बाइक को पैर से धकेलते हुए आगे बढ़ता नजर आया।
हैरानी की बात है कि यह घटना कोतवाली थाने से सिर्फ 30 मीटर दूर हुई। वारदात के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस CCTV के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
दिनदहाड़े कोर्ट परिसर में हुई इस चोरी ने सुरक्षा इंतजाम और पार्किंग प्रबंधन की पोल खोल दी है।















