The Duniyadari: रायपुर- रायपुर पुलिस ने अवैध कबाड़ के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। शहर के उरला थाना क्षेत्र में स्थित एक कबाड़ दुकान पर छापा मारकर पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी का लोहा और अन्य सामान बरामद किया है। मौके से दुकान संचालक को हिरासत में लिया गया और दुकान को सील कर दिया गया।
पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि इलाके में कुछ कबाड़ी चोरी का लोहा, सरकारी संपत्ति और औद्योगिक स्क्रैप खरीद रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच और उरला थाना पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर मंगलवार दोपहर छापा मारा।
*बिना दस्तावेज मिले टनों लोहा*
तलाशी के दौरान दुकान से टनों वजनी लोहे के एंगल, चादर, पाइप और मशीनों के पार्ट्स मिले। संचालक इन सामानों के बिल या खरीद से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। पूछताछ में उसने कबूला कि माल आसपास के फैक्ट्री इलाकों और निर्माण साइटों से चोरी कर लाया गया था।
*पहले भी दर्ज हैं मामले*
पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी पहले भी कबाड़ चोरी के मामलों में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ उरला और आसपास के थानों में केस दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और चोरी का माल कहां-कहां खपाया जाता था.
फिलहाल जब्त माल की कीमत का आकलन किया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस ने साफ किया है कि अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान चलता रहेगा।
SSP ने कहा कि चोरी के सामान की खरीद-बिक्री करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। शहर में सभी कबाड़ दुकानों का सत्यापन भी कराया जाएगा।















