The Duniyadari: उत्तर प्रदेश के Gorakhpur में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की भारी किल्लत ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गंगा गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं, जहां लोग भीषण गर्मी और उमस के बीच पूरी रात सड़क किनारे जागकर अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं। हालात इतने खराब हैं कि कई परिवारों में खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है।
पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने से उपभोक्ता सिलेंडर लेकर घंटों नहीं बल्कि कई-कई दिन लाइन में खड़े रह रहे हैं। लोग अपने सिलेंडरों में ताला लगाकर खुले आसमान के नीचे बैठ रहे हैं ताकि चोरी का डर न रहे। कुछ परिवार मच्छरदानी लगाकर सड़क किनारे रात गुजार रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि सिलेंडर मिलने की कोई निश्चित व्यवस्था नहीं है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
हांसूपुर निवासी राजाराम ने बताया कि हर महीने यही स्थिति बन जाती है। कई दिनों तक लाइन लगाने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस बार वे रात 11 बजे से कतार में लगे हैं और उनसे पहले सैकड़ों सिलेंडर लाइन में रखे हुए थे। परिवार की परेशानियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि घर में गैस खत्म होने के कारण पत्नी ने साफ कह दिया है कि सिलेंडर लेकर ही वापस आना।
गांवों से आने वाले लोगों की स्थिति और भी दयनीय है। बेलीपार क्षेत्र की बुजुर्ग महिला मनभावती देवी शाम से ही लाइन में खड़ी रहीं। उन्होंने बताया कि कई बार प्रयास करने के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिल सकी। पहले पति साथ आते थे, लेकिन गर्मी और उमस के कारण उनकी तबीयत खराब हो गई, इसलिए अब उन्हें अकेले ही पूरी रात सड़क पर बितानी पड़ रही है।
उधर प्रशासन लगातार जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा है, लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। महावीर छपरा की बेलमती देवी ने बताया कि पिछले कई दिनों से लाइन लगाने के बावजूद गैस नहीं मिल रही, जिसके चलते मजबूरी में लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है। इससे धुएं के कारण आंखों में जलन और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें बढ़ रही हैं।
महिलाओं का कहना है कि लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने में अधिक समय लगता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और स्कूल की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। लगातार बढ़ती परेशानी के बीच लोगों ने प्रशासन से गैस आपूर्ति व्यवस्था सुधारने और अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।















