Saturday, June 13, 2026
Home Breaking बस को ओवरटेक करना पड़ा भारी: दो बाइकों की भिड़ंत में कर्मचारी...

बस को ओवरटेक करना पड़ा भारी: दो बाइकों की भिड़ंत में कर्मचारी का सिर फुटरेस्ट में फंसा, कटर से किया गया रेस्क्यू

9
Oplus_16908288

The Duniyadari: भिलाई- शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा उस समय हो गया, जब बस को ओवरटेक करने की कोशिश में दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि एक बाइक सवार युवक का सिर दूसरी बाइक के लोहे के फुटरेस्ट में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की मदद से कटर मशीन बुलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के मुताबिक, पाररास वार्ड क्रमांक-1 निवासी वामेन साहू नगर पालिका में प्लेसमेंट कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। वह स्वच्छ भारत मिशन के तहत हेल्पर की जिम्मेदारी निभाता है। शुक्रवार सुबह ड्यूटी समाप्त कर वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। गणेश मंदिर के पास पहुंचने पर उसने आगे चल रही बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक दिखाई नहीं दी और दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई।

दूसरी बाइक पर घुमका निवासी पुनाराम यादव अपनी पत्नी भगवंतीन के साथ आमापारा स्थित रिश्तेदार के घर जा रहे थे। अचानक सामने आई बाइक से बचने के प्रयास में पुनाराम ने वाहन मोड़ा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से उनकी बाइक सड़क किनारे नाली में जा गिरी।

हादसे में वामेन साहू गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पुनाराम और उनकी पत्नी को हल्की चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर स्थानीय लोग और राहत दल मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कटर मशीन से फुटरेस्ट काटकर घायल युवक को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।