The Duniyadari: जशपुर- जिले के तुमला थाना क्षेत्र में बुधवार को एक नाबालिग लड़की के मोबाइल टॉवर पर चढ़ जाने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। युवती को टॉवर पर देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। बताया जा रहा है कि प्रेम संबंधों से जुड़ी पारिवारिक परिस्थितियों के चलते वह मानसिक रूप से परेशान थी और इसी नाराजगी में टॉवर पर चढ़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक लगातार समझाइश और बातचीत कर लड़की को शांत करने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, नाबालिग कोल्हनझरिया गांव की रहने वाली है। पुलिस ने उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवती को समझाइश दी जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने।
पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों के सहयोग से नाबालिग को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और मामले की आवश्यक जांच की जा रही है।















