Thursday, June 18, 2026
Home Breaking 14 दिन की पैरोल पर छूटा POCSO दोषी फरार, तय समय पर...

14 दिन की पैरोल पर छूटा POCSO दोषी फरार, तय समय पर जेल नहीं लौटा; पुलिस की तलाश जारी

8

The Duniyadari: Bilaspur- केंद्रीय जेल बिलासपुर से पैरोल पर रिहा किया गया पॉक्सो मामले का एक दोषी निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी वापस जेल नहीं लौटा। घटना सामने आने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

जानकारी के मुताबिक मुंगेली जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जल्लीखुर्द निवासी 28 वर्षीय निरंजन सत्यम पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर मामलों में दोषसिद्ध होने के बाद 20 वर्ष की सजा काट रहा था। उसे वर्ष 2022 में विशेष न्यायालय द्वारा घर में घुसकर अपराध करने, जान से मारने की धमकी देने तथा पॉक्सो एक्ट के तहत दोषी पाए जाने पर सजा सुनाई गई थी। इसके बाद उसे केंद्रीय जेल बिलासपुर में रखा गया था।

जेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार डीजी जेल के आदेश पर निरंजन को 29 मई 2026 को 14 दिनों की पैरोल मंजूर की गई थी। पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद उसे 13 जून की शाम तक जेल में आत्मसमर्पण करना था, लेकिन तय समय गुजरने के बावजूद वह वापस नहीं पहुंचा।

कैदी के नहीं लौटने पर जेल प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के गृह जिले मुंगेली समेत आसपास के क्षेत्रों में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर और मुंगेली पुलिस की संयुक्त टीमों को सक्रिय किया गया है। आरोपी के रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित संपर्कों की भी निगरानी की जा रही है। वहीं जेल मुख्यालय को पूरे घटनाक्रम की जानकारी भेज दी गई है।

इस घटना के बाद पैरोल व्यवस्था और निगरानी तंत्र को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जेल प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पैरोल प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। फिलहाल फरार दोषी की तलाश जारी है और पुलिस को जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है।