Sunday, July 12, 2026
Home Breaking बाजार क्षेत्र में गंदगी फैलाने वालों पर निगम की सख्ती, 8 प्रतिष्ठानों...

बाजार क्षेत्र में गंदगी फैलाने वालों पर निगम की सख्ती, 8 प्रतिष्ठानों से वसूला 16,500 रुपये जुर्माना

32

The Duniyadari: Raipur नगर निगम ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। जोन क्रमांक-2 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाजार क्षेत्र में प्राप्त जनशिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई दुकानों और भोजनालयों में डस्टबिन नहीं पाए गए तथा आसपास गंदगी फैली हुई मिली।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी रवि लवनिया भी मौजूद रहे। निरीक्षण में शिकायतें सही पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ जुर्माना लगाया गया।

कार्रवाई के तहत मस्क रेस्टोरेंट एंड बेकरी पर 10 हजार रुपये, रायल राजस्थानी थाली रेस्टोरेंट पर 500 रुपये तथा एक्सिस जूस सेंटर, भारतीय भोजनालय, भारतीय डेली नीड्स, मिश्रा जनरल स्टोर्स, मिश्रा नाश्ता सेंटर और श्री बालाजी प्रतिष्ठान पर 1-1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह कुल 8 संस्थानों से 16,500 रुपये की राशि ई-चालान के माध्यम से वसूली गई।

निगम अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और डस्टबिन की व्यवस्था नहीं रखने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।