The Duniyadari खरसिया- रायगढ़ जिले के खरसिया सिविल अस्पताल में एक 22 वर्षीय युवक की ऑपरेशन के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हंगामा मच गया। मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल के पास चाय की दुकान संचालित करने वाले राजेंद्र प्रसाद शर्मा के छोटे बेटे ताम्रेश्वर शर्मा को कुछ दिनों से खूनी दस्त की शिकायत थी। परिजन उसे उपचार के लिए खरसिया सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टर विक्रम राठिया ने ऑपरेशन की सलाह दी। परिजनों की सहमति मिलने के बाद गुरुवार को युवक को भर्ती कर ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया।
परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद डॉक्टर और स्टाफ ने उन्हें बताया कि मरीज को होश नहीं आ रहा है और बेहतर इलाज के लिए उसे रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। जब परिजन युवक को लेकर रायगढ़ पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी मौत खरसिया अस्पताल में ही हो चुकी थी।
यह जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने मौत की सही जानकारी छिपाई और डॉक्टर की लापरवाही के कारण युवक की जान गई। मृतक के पिता का कहना है कि उनके बेटे को केवल पाइल्स की समस्या थी और सामान्य ऑपरेशन के दौरान इस तरह मौत होना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















