Sunday, June 28, 2026
Home Breaking इंस्टाग्राम पर गैंगस्टर स्टाइल रील्स से दहशत फैलाने की कोशिश, हत्या की...

इंस्टाग्राम पर गैंगस्टर स्टाइल रील्स से दहशत फैलाने की कोशिश, हत्या की धमकी और अश्लील वीडियो वायरल

9
Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur- राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया का दुरुपयोग लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ युवक-युवतियां इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक और धमकी भरे वीडियो पोस्ट कर खुद को दबंग और अपराधी छवि में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं। ताजा मामला डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा का है, जहां एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऐसा वीडियो साझा किया है, जिसमें वह हत्या और चाकूबाजी जैसी बातें कहते हुए दिखाई दे रहा है।

वायरल वीडियो में युवक खुद को अपराधी अंदाज में पेश करते हुए कहता है कि उसका “खेल” अलग है और 302 (हत्या) जैसे मामलों का जिक्र करते हुए खुलेआम चाकू मारने की धमकी देता नजर आ रहा है। इस तरह की भाषा और कंटेंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है।

इतना ही नहीं, एक अन्य इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक युवक और युवती लगातार अश्लील गाली-गलौज और धमकी भरे वीडियो अपलोड कर रहे हैं। वीडियो देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें कानून या पुलिस कार्रवाई का कोई भय नहीं है। जानकारी के अनुसार, संबंधित युवक ने इंस्टाग्राम पर “कमीने” नाम से आईडी बनाई हुई है, जिस पर इस तरह के कई वीडियो पोस्ट किए गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो युवाओं पर गलत प्रभाव डाल रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में संज्ञान लेकर संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।