Tuesday, June 30, 2026
Home Breaking नदी के पास फिर बड़ा हादसा, नदी में गिरी इनोवा; दंपती घायल,...

नदी के पास फिर बड़ा हादसा, नदी में गिरी इनोवा; दंपती घायल, सुरक्षित बचाया गया

13
Oplus_16908288

The Duniyadari: कवर्धा- कबीरधाम जिले में पांडातराई मोड़ के समीप हाफ नदी के पास एक बार फिर सड़क हादसा हुआ है। जबलपुर से कोरबा की ओर जा रही एक इनोवा कार तेज बारिश के बीच अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी और पलट गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लगातार हो रही बारिश और अंधेरे के बीच स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

बताया जा रहा है कि पांडातराई मोड़ पर तीखा मोड़, अपर्याप्त रोशनी और बारिश के कारण सड़क की दिशा स्पष्ट नहीं दिखने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे कार सीधे हाफ नदी में जा गिरी।

गौरतलब है कि इसी स्थान पर कुछ महीने पहले भी एक भीषण दुर्घटना हुई थी, जिसमें नदी में कार गिरने से पांच युवकों की जान चली गई थी। लगातार सामने आ रहे हादसों के बाद भी इस ब्लैक स्पॉट पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से यहां चेतावनी संकेत, स्ट्रीट लाइट और मजबूत सुरक्षा बैरियर लगाने की मांग की है।