Tuesday, June 30, 2026
Home Breaking मुख्य सचिव से पहचान का झांसा देकर लाखों की ठगी, नौकरी दिलाने...

मुख्य सचिव से पहचान का झांसा देकर लाखों की ठगी, नौकरी दिलाने वाली महिला गिरफ्तार

8

The Duniyadari: बालोद- जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव का करीबी बताकर सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाती थी। जांच में सामने आया है कि उसने अब तक सात लोगों से करीब 25.50 लाख रुपये की ठगी की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी लता धीवर (36 वर्ष) ने अलग-अलग लोगों को कृषि विभाग और जिला अस्पताल समेत अन्य सरकारी कार्यालयों में नौकरी दिलाने का लालच दिया। हाल के मामलों में तीन पीड़ितों से उसने करीब 5.50 लाख रुपये वसूले। काफी समय बीतने के बाद भी नियुक्ति नहीं होने पर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि ठगी से प्राप्त रकम आरोपी ने अपने पास रखने के बजाय एक अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर की थी। अब पुलिस उस खाते की जांच कर रही है और इस पूरे नेटवर्क में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लता धीवर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।