Friday, July 3, 2026
Home Breaking राम मंदिर चंदा विवाद ने पकड़ा तूल: भाजपा विधायक समेत तीन पर...

राम मंदिर चंदा विवाद ने पकड़ा तूल: भाजपा विधायक समेत तीन पर गंभीर आरोप, SIT से जांच की मांग

10

The Duniyadari: अयोध्या– श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अब कर्नाटक के एक भाजपा विधायक और विश्व हिंदू परिषद (VHP) के एक पदाधिकारी समेत तीन लोगों के खिलाफ विशेष जांच दल (SIT) से जांच की मांग की गई है। शिकायत में चंदा संग्रह में कथित अनियमितताओं और आय से अधिक संपत्ति बनाने के आरोप लगाए गए हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता दीपक पाटिल ने उत्तर प्रदेश SIT को पत्र भेजकर कर्नाटक के भाजपा विधायक प्रभु चव्हाण, VHP नेता गोपाल और उनके सहयोगी सतीश नौबड़े के खिलाफ जांच की मांग की है। शिकायत के साथ कुछ दस्तावेज भी सौंपे गए हैं, जिनके आधार पर आरोप लगाया गया है कि राम मंदिर निर्माण अभियान के दौरान एकत्र किए गए चंदे में कथित गड़बड़ी हुई और संबंधित लोगों की संपत्तियों में असामान्य वृद्धि दर्ज की गई।

शिकायतकर्ता का कहना है कि इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी प्रकार की बेनामी या अवैध संपत्ति अर्जित की गई है तो उसकी भी विस्तृत पड़ताल की जाए।

इसी विवाद के बीच हरिशंकर सफरीवाला ने भी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि वर्ष 1987 में पंजीकृत राम निवास धाम मंदिर की संपत्ति को मंदिर समिति की जानकारी और सहमति के बिना अपने कब्जे में लिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 5.80 करोड़ रुपये के कथित सौदे में 60 लाख रुपये अग्रिम देकर मंदिर का कब्जा हासिल किया गया। साथ ही लगभग 50 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति, 250 बीघा जमीन, मंदिर में मौजूद दान राशि, मूर्तियां, सिंहासन, पलंग और अन्य कीमती सामान पर भी कब्जा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समिति द्वारा सामान का हिसाब और रसीद मांगे जाने के बावजूद कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।

हालांकि, इन सभी आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों की ओर से इस मामले में विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। जांच एजेंसियों द्वारा शिकायतों पर आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।