Friday, July 10, 2026
Home Breaking खेत की करंटयुक्त तार बनी जानलेवा, युवक की मौके पर दर्दनाक मौत

खेत की करंटयुक्त तार बनी जानलेवा, युवक की मौके पर दर्दनाक मौत

3

The Duniyadari: कबीरधाम- पंडरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए बिजली प्रवाहित फेसिंग तार ने एक युवक की जान ले ली। करंट की चपेट में आने से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मंझोली निवासी रामभीषण चंद्रवंशी किसी काम से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क खेत की मेड़ पर लगाए गए बिजली प्रवाहित तार से हो गया। तेज करंट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मक्के की फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए खेत की घेराबंदी में अवैध रूप से बिजली का करंट छोड़ा गया था। इसी लापरवाही ने एक व्यक्ति की जान ले ली।

घटना की सूचना मिलने पर पंडरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि खेत में करंट प्रवाहित करने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति कौन है। जांच पूरी होने के बाद दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने किसानों से भी अपील की है कि फसलों की सुरक्षा के लिए बिजली प्रवाहित तारों का इस्तेमाल न करें, क्योंकि यह न केवल गैरकानूनी है, बल्कि लोगों और मवेशियों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।