Thursday, July 16, 2026
Home Breaking केंद्र के तीन बड़े फैसलों का मुख्यमंत्री साय ने किया स्वागत, कहा-...

केंद्र के तीन बड़े फैसलों का मुख्यमंत्री साय ने किया स्वागत, कहा- विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम

9

The Duniyadari: Raipur- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार द्वारा सेमिकॉन 2.0, राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 (NIPU-2026) और मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना (MPMS) को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए इसे देश की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति के लिए अहम निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए जा रहे ये फैसले आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को नई गति देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई सेमिकॉन 2.0 योजना से देश में आधुनिक तकनीक आधारित विनिर्माण को मजबूती मिलेगी। उनका कहना है कि इससे भारत वैश्विक सप्लाई चेन में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा। साथ ही छत्तीसगढ़ में भी निवेश, उद्योग और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावना बढ़ेगी।

उन्होंने राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 को किसानों के हित में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे देश में उर्वरकों की उपलब्धता बेहतर होगी और किसानों को समय पर खाद मिल सकेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, इसका लाभ छत्तीसगढ़ के कृषि क्षेत्र को भी मिलेगा और उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी।

मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना (MPMS) पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण और निर्यात के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में सहायक होगी। इससे अनुसंधान, नवाचार, स्थानीय उत्पादन और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और तकनीकी उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार की ये योजनाएं देश की आर्थिक मजबूती, तकनीकी आत्मनिर्भरता और औद्योगिक विकास को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि इन पहलों से विकसित भारत के साथ-साथ विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को भी बल मिलेगा।