The Duniyadari: जगदलपुर- भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए बस्तर अंचल के श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात मिली है। बुधवार सुबह जगदलपुर रेलवे स्टेशन से पुरी के लिए विशेष ट्रेन रवाना हुई। ट्रेन के प्रस्थान के दौरान स्टेशन परिसर जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ अपनी यात्रा शुरू की।
सीधी रेल सुविधा मिलने से पुरी जाने वाले यात्रियों को अब लंबी और कठिन यात्रा से राहत मिली है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए रेलवे प्रशासन और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। यात्रियों को लगातार सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी दिए जाते रहे।
आरपीएफ ने सफर के दौरान यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने, किसी अजनबी से खाने-पीने की वस्तु स्वीकार नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना देने की अपील की।
वहीं, पुरी रेलवे स्टेशन पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। पेयजल, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह विशेष ट्रेन बस्तर के श्रद्धालुओं के लिए भगवान जगन्नाथ की नगरी तक पहुंचने का सुविधाजनक माध्यम साबित होगी।















