The Duniyadari: Raipur- युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जांजगीर-चांपा द्वारा 17 जुलाई 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), कुलीपोटा, जांजगीर में होगा।
रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां हिस्सा लेंगी, जहां कुल 820 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें मीटर इंस्टॉलेशन, पिकर एवं पैकर, फील्ड ऑफिसर और सिक्योरिटी गार्ड जैसे पद शामिल हैं।
भर्ती के लिए 10वीं, 12वीं और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। मीटर इंस्टॉलेशन पद के लिए आईटीआई योग्यता अनिवार्य रखी गई है। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 15 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। आवेदकों की आयु 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है और चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति जांजगीर-चांपा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में की जाएगी।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, रोजगार पंजीयन कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित होने की सलाह दी गई है। आयोजन से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, जांजगीर-चांपा से प्राप्त की जा सकती है।















