Thursday, July 16, 2026
Home Breaking मोबाइल हैक कर लाखों की साइबर ठगी, दो शातिर गिरफ्तार

मोबाइल हैक कर लाखों की साइबर ठगी, दो शातिर गिरफ्तार

12

The Duniyadari: Raipur में मोबाइल हैक कर बैंक खातों से लाखों रुपये उड़ाने वाले अंतर्राज्यीय साइबर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डीडी नगर निवासी एक चार्टर्ड अकाउंटेंट की शिकायत पर शुरू हुई जांच में पुलिस ने झारखंड के बोकारो से दो आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित के मोबाइल पर संदिग्ध संदेश भेजे गए थे। मैसेज खोलने के बाद उनके यूको बैंक और एक्सिस बैंक खातों से 8 से 10 नवंबर 2025 के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 3.94 लाख रुपये निकाल लिए गए। शिकायत मिलने पर डीडी नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। बैंकिंग ट्रांजेक्शन, मोबाइल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो जिले में ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर विशाल कुमार सिंह और महेश प्रसाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करने और बैंक खातों से अवैध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए ठगी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन, एक चेकबुक और दो हजार रुपये नकद जब्त किए हैं।

जांच एजेंसियां अब जब्त डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच कर रही हैं, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और देशभर में की गई संभावित साइबर ठगी के मामलों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।