Saturday, August 15, 2026
Home कोरबा दर्री में बंदूक की नोक पर गैस सिलेंडरों की लूट, 7 सिलेंडर...

दर्री में बंदूक की नोक पर गैस सिलेंडरों की लूट, 7 सिलेंडर लेकर फरार हुए नकाबपोश

11

The Duniyadari: कोरबा। स्वतंत्रता दिवस की अलसुबह करीब 4 बजे दर्री स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के गेट के सामने हथियारबंद बदमाशों ने गैस सिलेंडर से भरे ट्रक को रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। स्कॉर्पियो में पहुंचे नकाबपोश बदमाश ड्राइवर को बंदूक की नोक पर धमकाकर ट्रक से 7 भरे हुए गैस सिलेंडर निकालकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

कनपटी पर बंदूक रखकर ड्राइवर को धमकाया

ट्रक चालक के अनुसार, वह सुबह करीब 4 बजे IOC से गैस सिलेंडर लेकर बिरला की ओर जा रहा था। तभी गेट के सामने एक स्कॉर्पियो आकर रुकी। वाहन में चार-पांच युवक सवार थे और सभी ने चेहरे ढक रखे थे।

आरोप है कि उनमें से एक युवक ने चालक की कनपटी पर बंदूक तान दी और चुप रहने की धमकी दी। हथियार देखकर चालक डर गया और किसी तरह का विरोध नहीं किया।

ट्रक से सात सिलेंडर निकालकर हुए फरार

ड्राइवर को काबू में करने के बाद बदमाशों ने ट्रक क्रमांक 5764 से सात भरे हुए गैस सिलेंडर उतारे और स्कॉर्पियो में लोड कर लिए। इसके बाद सभी आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए।

चालक ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपियों के पास बंदूक के साथ तलवार जैसा धारदार हथियार भी था। घटना की जानकारी सामने आते ही दर्री क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

वारदात ने खड़े किए सुरक्षा पर सवाल

दर्री में स्वतंत्रता दिवस की सुबह हथियारों के बल पर हुई इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों को ट्रक में भरे गैस सिलेंडरों की जानकारी कैसे मिली और वारदात के लिए इसी समय व स्थान को क्यों चुना गया, पुलिस इन बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।

दर्री पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना के बाद दर्री पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास के संभावित सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों को खंगाल रही है। फिलहाल वारदात में शामिल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

हथियारों के बल पर हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है।