Monday, August 31, 2026
Home रायपुर रायपुर में युवक की हत्या से सनसनी, पीछा कर बदमाशों ने धारदार...

रायपुर में युवक की हत्या से सनसनी, पीछा कर बदमाशों ने धारदार हथियार से किया हमला; 4 नाबालिग हिरासत में

6

The Duniyadari: रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास 22 वर्षीय युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

भागने की कोशिश के दौरान घेरा

पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 11 बजे की है। अश्वनी नगर में किसी बात को लेकर युवक और कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर युवक एक्टिवा लेकर वहां से निकलने लगा। इसी दौरान उसकी स्कूटी नाली में फंस गई और वह सड़क पर गिर पड़ा।

आरोप है कि पीछे से आए हमलावरों ने युवक को घेर लिया और धारदार हथियार से उस पर कई वार किए। हमले के बाद आरोपी मौके से निकल गए। मृतक की पहचान डंगनिया निवासी अहमद खान (22) के रूप में हुई है।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एम्स अस्पताल भेजा गया। हालांकि, इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। वारदात से जुड़े सुराग जुटाने के साथ ही पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू कर दी।

ट्रेन से भागने की तैयारी में थे आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के ट्रेन के जरिए शहर से बाहर निकलने की तैयारी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद आरपीएफ के साथ समन्वय कर पुलिस ने कार्रवाई की। तीन नाबालिगों को बिलासपुर से और एक को रायपुर से हिरासत में लिया गया।

पुलिस फिलहाल चारों से पूछताछ कर रही है और हत्या में उनकी भूमिका के साथ वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुरानी रंजिश का सामने आया एंगल

प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि हिरासत में लिए गए नाबालिगों में से एक हाल ही में लूट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था।

फिलहाल पुलिस हत्या की पूरी वजह, हमले में इस्तेमाल हथियार और आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है। मामले में पुलिस की विस्तृत कार्रवाई जारी है।