The Duniyadari: दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अटल आवास और आशाराम बापू आश्रम मैदान के आसपास चल रहे नशे के कथित कारोबार का खुलासा करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग को भी संरक्षण में लिया गया।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद टीम ने संबंधित इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं मिलीं। बरामद सामान में 0.5 एमजी की 1200 अल्प्राजोलम टैबलेट, आठ मोबाइल फोन, 1400 रुपये नकद और दो एयर गन शामिल हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 99 हजार रुपये बताई गई है।

युवाओं को निशाना बनाने का आरोप
एएसपी भोजराज अग्रवाल के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों के आसपास युवाओं को नशीली गोलियां उपलब्ध कराकर आर्थिक लाभ कमाने का काम कर रहे थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नशीली दवाओं की सप्लाई के स्रोत की जानकारी जुटा रही है।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c) और 22 के तहत अपराध दर्ज किया है। वहीं, जब्त की गई एयर गन को लेकर भी पुलिस उसके तकनीकी और कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है। इस संबंध में अलग से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ये आरोपी पकड़े गए
पुलिस कार्रवाई में साहिल शेख, योगेश कुमार साहू, अम्रन साहू, मयंक यादव, जानी यादव और समीर ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीली गोलियां आरोपियों तक कहां से पहुंच रही थीं।



















