Saturday, October 3, 2026
Home कांकेर पिकनिक के दौरान बांडे नदी में हादसा, तेज बहाव में बहे दो...

पिकनिक के दौरान बांडे नदी में हादसा, तेज बहाव में बहे दो बच्चे; दूसरे दिन मिले शव

5

The Duniyadari: कांकेर। पखांजूर क्षेत्र में पिकनिक मनाने पहुंचे बच्चों के साथ हुए हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। इरपानर से घूमने निकले नौ बच्चों के दल में शामिल दो बच्चे बांडे नदी के तेज बहाव में लापता हो गए थे। करीब एक दिन तक चले तलाश अभियान के बाद शुक्रवार को दोनों के शव बरामद कर लिए गए।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे नौ बच्चे छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा के समीप करका-बुज गांव के पास बांडे नदी पहुंचे थे। इसी दौरान साहिल वर्माण और अजित विश्वास नदी में बह गए। घटना के बाद बच्चों के साथ मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की गई। कांकेर से रेस्क्यू टीम को भी बुलाया गया। वहीं महाराष्ट्र की ओर से कसनसूर थाना की टीम ने भी अभियान में सहयोग किया।

बच्चों की तलाश में स्थानीय ग्रामीणों ने भी पूरी रात और सुबह नदी के आसपास खोजबीन की। ग्रामीणों ने जाल, डंडों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिली।

इसके बाद शुक्रवार को छत्तीसगढ़ SDRF और महाराष्ट्र की रेस्क्यू टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। लगातार तलाशी के दौरान दोनों बच्चों के शव नदी से बरामद कर लिए गए। शव मिलने की खबर के बाद परिवारों में मातम छा गया, वहीं इलाके में भी शोक का माहौल है।

पुलिस और रेस्क्यू टीम की कार्रवाई के बाद दोनों शवों को आवश्यक प्रक्रिया के लिए भेजा गया। हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर नदी में पिकनिक और नहाने के दौरान सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।