खैरागढ़/राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में खैरागढ़ उपचुनाव के लिए कल यानी शनिवार 16 अप्रैल को मतगणना होगी। राजनांदगांव शहर में स्थित बीज निगम कार्यालय परिसर को मतगणना स्थल बनाया गया है। यहां पर सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। इसके लिए 14 टेबल लगाई गई हैं। जिसमें 21 राउंड में मतों की गणना की जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पहले डाक मतपत्रों की गणना
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, 16 अप्रैल की सुबह उम्मीदवारों और अब्जर्वर की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। पहले डाक मतपत्रों की गणना की जाएगी। सके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के माध्यम से हुए मतदान की गणना होगी। मतगणना के लिए प्रत्येक टेबल पर दो गणना अधिकारी के साथ एक माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई है।
तीन लेयर में सुरक्षा व्यवस्था
मतगणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सिर्फ पास धारियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। वहीं मतगणना स्थल पर 3 लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी तारण प्रकाश सिन्हा ने शुक्रवार को मौके पर पहुंच मतगणना स्थल पर रिहर्सल का जायजा लिया।
उप चुनाव में 77.84% मतदान
खैरागढ़ विधानसभा के लिए 12 अप्रैल को हुए मतदान में 77.84% वोट पड़े थे। जिसमें 78.92% पुरुष और 77.74% महिला मतदाताओं ने मतदान किया है। यहां कुल मतदाता 2 लाख 11 हजार 516 हैं। इसमें 1 लाख 5 हजार 250 महिला और 1 लाख 6 हजार 266 पुरुष मतदाता हैं। इनमें 80 वर्ष से अधिक 1612 और नए मतदाता 3752 हैं। जबकि दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 1011 और सर्विस वोटर 89 शामिल हैं।
यह 10 उम्मीदवार हैं मैदान में
यशोदा वर्मा – कांग्रेस
कोमल जंघेल – भाजपा
नरेंद्र सोनी – जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़
मोहन भारती – राष्ट्रीय जनसभा पार्टी
अरुणा बनाफर – निर्दलीय
साधुराम धुर्वे – निर्दलीय
नितिन कुमार भांडेकर – निर्दलीय
विप्लव साहू – फॉरवर्ड डमेक्रेटिक लेबर पार्टी
ढालचंद साहू – आम्बेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया
संतोषी प्रधान – गोंडवाना गणतंत्र पार्टी




























