कोरबा। Murder in Korba : कोरबा में खाना परोसने के विवाद में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद खुद ही फोन करके पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
घटना जिले के सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र के नर्सरी पारा कोहडिया की है। यहां योगेंद्र श्रीवास (38) अपनी पत्नी मंजीता श्रीवास और दो बच्चों के साथ रहता था। योगेंद्र एक निजी अस्पताल में बतौर कंपाउंडर कार्यरत था। आसपास के लोगों की मानें तो पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था।
टंगिया से पत्नी पर किया ताबड़तोड़ हमला
शनिवार की शाम करीब 7:30 बजे योगेंद्र अस्पताल से घर पहुंचा। उसने थोड़ी देर बाद पत्नी से खाना परोसने को कहा। इसी समय दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद के बीच योगेंद्र ने आपना आपा खो दिया। पास में रखे टंगिया से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गई। कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
घटना के समय इसकी दस वर्षीय बेटी और आठ वर्षीय बेटा मौके पर ही मौजूद थे। दोनों पिता के क्रूरता को देखकर सहम गए। उन्हें घटना से बड़ा सदमा लगा है। करीब एक घंटे बाद आरोपी योगेंद्र ने रिश्तेदारों को फोन करके घटना के बारे में बताया। इसके बाद उसने खुद ही डायल 112 और पुलिस को फोन करके पत्नी का हत्या करने की बात बताई।
24 घंटे में हत्या की दूसरी वारदात
मृतका मंजिता का मायका मुलमुला जिले के जांजगीर में है। 13 साल पहले कोहड़िया निवासी योगेंद्र के साथ उसकी शादी हुई थी। बस्तीवासियों की मानें तो पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। कोई समझाने का भी प्रयास करता था तो योगेंद्र उससे ही झगड़ने लगता था। इससे लोगों ने उनके घर जाना बंद कर दिया।
स्थानीय निवासिनी संतोषी ने बताया कि घटना के कुछ देर पहले ही उसकी बेटी मेरे घर आई थी। उसने बताया कि उसका पिता, मां को टंगिया से मार डालने की बात कह रहा है। इसके कुछ देर बाद ही यह घटना घटित हो गई।
बताते चलें कि सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र में 24 घंटे में हत्या की दूसरी वारदात घटी है। इससे लोगों में भय का माहौल है। इससे पहले पंप हाउस में नुकीले हथियार से गोद कर युवती (Murder in Korba) की हत्या हुई है। पुलिस उसकी भी जांच कर रही है।