Home Blog Page 105

फायर स्टेशनों की कमी पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार से मांगा ठोस एक्शन प्लान

The Duniyadari: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में फायर स्टेशनों की कमी को लेकर हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। डिवीजन बेंच ने साफ कहा है कि जिन इलाकों में अब तक फायर स्टेशन नहीं बने हैं, वहां जल्द से जल्द व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वह इस संबंध में विस्तृत एक्शन प्लान तैयार कर पेश करे।

दरअसल, बिलासपुर में फायर स्टेशन के निर्माण को लेकर 2020 में मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन करीब ढाई साल बीतने के बाद भी जमीन तय नहीं हो सकी। हाल ही में मोपका क्षेत्र में बिजली सब स्टेशन और दुकानों में आग लगने की घटनाओं के बाद यह मुद्दा फिर सुर्खियों में आया। मीडिया में खबरें सामने आने के बाद चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने स्वतः संज्ञान लेते हुए इसे जनहित याचिका के रूप में सुनवाई के लिए स्वीकार किया।

राज्य सरकार ने अपने शपथपत्र में जानकारी दी है कि फिलहाल 9 जिलों में फायर स्टेशन पूरी तरह संचालित हैं। इनमें दुर्ग, नवा रायपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, रायगढ़, राजनांदगांव और कबीरधाम शामिल हैं। वहीं बिलासपुर और उरला-सिलतरा में निर्माण कार्य जारी है।

इसके अलावा 7 जिलों—जशपुर, महासमुंद, कोरिया, दंतेवाड़ा, कांकेर, बलौदाबाजार और धमतरी—में फायर स्टेशन के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। बावजूद इसके कई ऐसे जिले हैं जहां अभी तक स्थायी फायर स्टेशन स्थापित नहीं हो सके हैं और वहां अस्थायी तौर पर होमगार्ड परिसर से सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि आगजनी जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त और समयबद्ध व्यवस्था बेहद जरूरी है, ऐसे में सरकार को इस दिशा में तेजी से काम करना होगा।

गोंदिया में ट्रैक मरम्मत का असर: छत्तीसगढ़ रूट की 14 ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

The Duniyadari: रायपुर। छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली रेल सेवाओं पर अप्रैल महीने में बड़ा असर देखने को मिलेगा। रेलवे ने गोंदिया स्टेशन पर प्रस्तावित मरम्मत कार्य के चलते कुल 14 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। ये रद्दीकरण 5 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों में लागू रहेगा।

रद्द की गई ट्रेनों में 10 एक्सप्रेस और 4 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं, जिनका आवागमन रायपुर और बिलासपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होता है। इसके अलावा कुछ ट्रेनें नागपुर मंडल के गोंदिया मार्ग से गुजरती हैं, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों पर भी असर पड़ेगा।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर ट्रैक सुधार और मरम्मत का काम किया जाएगा। इसके लिए अप मेन लाइन नंबर 5 को करीब 20 दिनों तक बंद रखा जाएगा, जिससे ट्रेनों का संचालन संभव नहीं हो पाएगा।

इस निर्णय का असर छत्तीसगढ़ के साथ-साथ महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और दिल्ली जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।

रायपुर में मेट्रो का सपना फिर चर्चा में, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जताया भरोसा

The Duniyadari: रायपुर/दिल्ली। राजधानी रायपुर में मेट्रो सेवा को लेकर एक बार फिर उम्मीदें तेज हो गई हैं। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नई दिल्ली में मेट्रो यात्रा के अनुभव साझा करते हुए संकेत दिए कि आने वाले समय में रायपुर को भी ऐसी आधुनिक सुविधा मिल सकती है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया कि संसद की कार्यवाही खत्म होने के बाद उन्होंने दिल्ली मेट्रो में सफर किया। इस दौरान उन्होंने मेट्रो को आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी और शहर के विकास का अहम आधार बताया।

अग्रवाल ने कहा कि आज के दौर में मेट्रो सिर्फ एक परिवहन साधन नहीं रही, बल्कि शहरों की जीवनरेखा बन चुकी है। यह रोजाना लाखों लोगों को उनके गंतव्य तक समय पर पहुंचाने के साथ-साथ शहरी जीवन को गति देती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर, खासकर स्टेट कैपिटल रीजन के लोगों को भी जल्द ही ऐसी सुविधाजनक और आधुनिक परिवहन व्यवस्था का लाभ मिल सकता है। उनके मुताबिक, मेट्रो परियोजना शुरू होने से राजधानी के विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी।

19 मार्च 2026 का राशिफल: नई शुरुआत के लिए शुभ दिन

♈ मेष (Aries)

आज आपको नए अवसर मिल सकते हैं। काम में प्रगति होगी, लेकिन निर्णय सोच-समझकर लें। जल्दबाजी से बचें।

♉ वृषभ (Taurus)

मानसिक शांति मिलेगी। तनाव कम होगा और परिवार के साथ अच्छा समय बीतेगा।

♊ मिथुन (Gemini)

पुरानी परेशानियां दूर होंगी। नई योजनाएं सफल हो सकती हैं, लेकिन ध्यान केंद्रित रखना जरूरी है.

♋ कर्क (Cancer)

आत्मचिंतन का दिन है। भावनाओं को समझें और जल्दबाजी में कोई फैसला न लें।

♌ सिंह (Leo)

भाग्य का साथ मिलेगा। नए अवसर और आर्थिक लाभ के संकेत हैं।

♍ कन्या (Virgo)

काम में थोड़ी रुकावट आ सकती है। धैर्य रखें, सब धीरे-धीरे ठीक होगा।

♎ तुला (Libra)

नए मौके मिलेंगे। रिश्तों में सुधार होगा और सकारात्मक सोच फायदा देगी।

♏ वृश्चिक (Scorpio)

जीवन में बदलाव का समय है। पुराने काम खत्म होंगे और नई शुरुआत होगी।

♐ धनु (Sagittarius)

नए काम शुरू हो सकते हैं। उत्साह बना रहेगा, लेकिन योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ें।

♑ मकर (Capricorn)

जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। काम का दबाव रहेगा, लेकिन मेहनत का फल मिलेगा।

♒ कुंभ (Aquarius)

आर्थिक लाभ के योग हैं। पुरानी निवेश योजनाओं से फायदा मिल सकता है।

♓ मीन (Pisces)

भावनात्मक उतार-चढ़ाव रहेगा। प्रेम जीवन में हल्की उलझन लेकिन खुशी भी रहेगी।

शासन की योजनाओं से साकार हुआ सपनाः- गुंजा साहू को मिला पक्का आवास

The Duniyadari: कोरबा 18 मार्च 2026/ 

कोरबा शहर के काशीनगर में निवासरत श्रीमती गुंजा साहू का पक्के आवास का सपना अब साकार हो गया है। शासन की महत्वाकांक्षी ’पीएम आवास शहरी 2.0 योजना’ के अंतर्गत उन्हें आवास निर्माण हेतु आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिससे उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हो सका। श्रीमती गुंजा साहू के पति श्री सोनू राम साहू ठेका कर्मी के रूप में ऑपरेटर का कार्य करते हैं। सीमित आय के कारण परिवार के लिए पक्का घर बनाना एक बड़ी चुनौती थी। ऐसे में शासन की इस योजना ने उनके जीवन में नई आशा जगाई।

योजना के तहत श्रीमती साहू को कुल तीन किश्तों में लगभग 2.50 लाख रुपए की राशि प्राप्त हुई। इस सहायता राशि का सदुपयोग करते हुए उन्होंने अपने आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ किया। इसके अतिरिक्त, परिवार ने अपनी जमा पूंजी भी लगाकर घर को पूर्ण रूप दिया। इसी क्रम में, राज्य शासन की ’मुख्यमंत्री गृह प्रवेश योजना’ के तहत भी उन्हें शीघ्र ही अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्राप्त होगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा और उन्हें आवश्यक जरूरतों की पूर्ति में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। आज श्रीमती साहू का परिवार अपने पक्के घर में सुरक्षित एवं सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर रहा है। यह आवास उनके लिए न केवल एक आश्रय स्थल है, बल्कि उनके आत्मसम्मान और स्थिर जीवन का आधार भी बन गया है। हितग्राही श्रीमती साहू ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि, “पक्का घर बनना हमारे लिए एक सपना था, जो अब पूरा हो गया है। इसके लिए हम प्रधानमंत्री जी का हृदय से धन्यवाद करते हैं।”

मछुआ सहकारी समिति मर्यादित एतमा बसाहट अंतर्गत मतदाता सूची प्रकाशित

The Duniyadari: *दावा-आपत्ति 27 मार्च तक आमंत्रित*

कोरबा 18 मार्च 2026 /

आदिवासी मछुआ सहकारी समिति मर्यादित एतमा बसाहट पंजीयन क्रमांक 3506 अंतर्गत सोसायटी के सदस्यों का मतदाता सूची का प्रकाशन 18 मार्च 2026 को किया गया है। प्रकाशित सूची के सम्बंध में दावा-आपत्ति 27 मार्च 2026 तक आमंत्रित किया गया है।

रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि दावा-आपत्ति लिखित में मय प्रमाण के साथ सोसायटी के प्रबंधक/सदस्य श्री भोज नारायण पुरस्त के पास 27 मार्च 2026 तक कार्यालयीन समय पर प्रस्तुत किया जा सकता है। दावा-आपत्तियों का निराकरण सोसायटी कार्यालय में 28 मार्च को प्रातः 11ः30 बजे से किया जायेगा। उपांतरित सूची को अंतिम मतदाता सूची के रूप में प्रकाशित किया जायेगा।

जिले में कृषि विकास को गति व कृषक हितों को सशक्त बनाने कलेक्टर ने कृषि एवं संबद्ध विभागो की ली बैठक

The Duniyadari: *विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता व जवाबदेही के साथ काम करने हेतु किया निर्देशित*

*सभी शासकीय फार्म्स में धागाकरण यूनिट प्रारम्भ करने प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के दिए निर्देश*

*लाख पालन विकास हेतु ठोस रूपरेखा के साथ प्रस्ताव बनाने के निर्देश*

 *पपीता व ऑयल पाम प्लांटेशन के लिए स्थान सुनिश्चित करने हेतु किया निर्देशित*

जिले में द्विफलसी क्षेत्र विस्तार, मिलेट, दलहन तिलहन के उत्पादन बढ़ाने हेतु किया निर्देशित

कोरबा 18 मार्च 2026/ जिले में कृषि विकास को गति देने व कृषक हितों को सशक्त बनाने हेतु कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज

कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति, आगामी वर्ष की रणनीति और डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ काम करने हेतु निर्देशित किया, जिससे योजनाओं का प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित हो और निर्धारित लक्ष्यों में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जा सके और किसानों को वास्तविक लाभ प्राप्त हो।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए 

कृषि अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से किसानों के उत्पादन में सुधार सुनिश्चित करने एवं उनकी आय में बढ़ोत्तरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जिले में द्विफसली क्षेत्र के विस्तार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। किसानों को खरीफ मौसम में फसल विविधीकरण और रबी के फसलों का क्षेत्र विस्तार सुनिश्चित करने निर्देशित किया। जिले में मक्का, रागी, कोदो जैसे मिलेट एवं दलहन- तिलहन फसलों के उत्पादन को भी बढ़ावा देने की बात कही।

कलेक्टर ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत शत-प्रतिशत किसानों को लाभान्वित करने एवं ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग एवं एग्रीस्टेक पंजीकरण के निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति हेतु जमीनी स्तर पर एसएडीओ और आरईओ की जवाबदेही तय करने एवं आने वाले दिनों में कैम्प लगाकर लक्ष्य हासिल करने निर्देश दिए। उन्होंने नए एफपीओ गठन में वृद्धि लाने की बात कही। उन्होंने खरीफ सीजन के लिए अग्रिम खाद एवं बीज के उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी शासकीय रोपणियों की स्थिति और रोपित पौधों की अद्यतन जानकारी ली तथा उनसे होने वाली आय में वृद्धि के उपायों पर जोर दिया। उन्होंने ऑयल पाम के पौधारोपण के लिए प्रस्ताव तैयार कर स्थान चिन्हांकन करने, जिले के एक ब्लॉक में वृहद स्तर पर पपीता प्लांटेशन विकसित करने, मधुमक्खी पालन के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने तथा मसाला फसलों के क्षेत्र विस्तार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान के निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पशु नस्ल सुधार के लिए पशुपालकों को जागरूक एवं प्रेरित करने की बात कही। कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं के तहत बैकयार्ड कुक्कुट, नर बकरा एवं सुकरत्रयी वितरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए पशु टीकाकरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल यूनिट के माध्यम से सेवाओं का विस्तार और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के लिए कहा।

मत्स्य संपदा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में संचालित हैचरी की स्थिति, स्पान उत्पादन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्पान उत्पादन में वृद्धि कर लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने मत्स्य पालकों को अधिक से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ने हेतु निर्देशित किया। इससे उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण में मदद मिलेगी। साथ ही विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के लोगों को मछली पालन के लिए प्रेरित कर उनकी आय वृद्धि के अवसर सृजित करने के निर्देश भी दिए।

रेशम विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नर्सरियों की स्थिति एवं संचालित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने टसर एवं मलबरी रेशम उत्पादन की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसके क्षेत्र विस्तार के लिए सर्वे कर उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी शासकीय फार्म्स में धागाकरण यूनिट प्रारंभ करने हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया, साथ ही कार्यरत स्व-सहायता समूहों की आय बढ़ाने के लिए ठोस पहल करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने जिले में लाख उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस पहल करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए, ताकि इस क्षेत्र में आय सृजन के नए अवसर विकसित किए जा सकें।

कलेक्टर ने कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों को जिले में कृषि विकास की संभावनाओं पर गंभीरता व व्यक्तिगत रुचि के साथ कार्य करने तथा नवाचारों और वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से किसानों को लाभान्वित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं हेतु निर्देशित किया।

कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विभागीय योजनाओं की लक्ष्यपूर्ति के लिए पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए ठोस और परिणाममुखी कार्ययोजना तैयार करने तथा परंपरागत योजनाओं के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति हेतु अभी से तैयारी शुरू कर आवश्यक प्रकरण तैयार करने को कहा।

कलेक्टर श्री दुदावत ने डीएमएफ अंतर्गत आउटपुट एवं आउटकम आधारित कार्यों के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने, फील्ड स्तर पर वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे। साथ ही उन्होंने डीएमएफ से स्वीकृत एवं अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा पूर्ण हो चुके कार्यों का तत्काल पूर्णता प्रमाण पत्र प्रेषित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी विभाग, रेशम, नोडल कोआपरेटिव बैंक, कृषि विज्ञान केंद्र सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

केंद्रीय विद्यालय संगठन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की प्रक्रिया 20 मार्च से

The Duniyadari: कोरबा 18 मार्च 2026/केंद्रीय विद्यालय संगठन (मुख्यालय), नई दिल्ली द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-1, बालवाटिका और अन्य उच्च कक्षाओं में प्रवेश हेतु आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। कक्षा-1 और बालवाटिका-1, 2 एवं 3 (चयनित विद्यालयों में) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 20 मार्च 2026 को प्रातः 10ः00 बजे से प्रारंभ होगी और 02 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक अभिभावक आधिकारिक पोर्टल https://admission.kvs.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी संगठन की वेबसाइट https://kvsangathan.nic.in पर उपलब्ध है।

केंद्रीय विद्यालय क्रमांक दो एनटीपीसी के प्राचार्य श्री सुनील कुमार साहू से प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा-1, बालवाटिका और अन्य उच्च कक्षाओं में प्रवेश हेतु आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रवेष के लिए आयु की गणना 31 मार्च 2026 के आधार पर की जाएगी। कक्षा-1 में प्रवेश के लिए बच्चे की न्यूनतम आयु 06 वर्ष होनी अनिवार्य है। इसी प्रकार, बालवाटिका-1 के लिए आयु 3 से 4 वर्ष, बालवाटिका-2 के लिए 4 से 5 वर्ष और बालवाटिका-3 के लिए 5 से 6 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सीटों का आरक्षण केवीएस के प्रवेश दिशा-निर्देशों 2026-27 के अनुसार सुनिश्चित किया जाएगा।

कक्षा-2 और उससे ऊपर की कक्षाओं (कक्षा-XI को छोड़कर) तथा बालवाटिका-2 व 3 (जहाँ ऑनलाइन माध्यम उपलब्ध नहीं है) के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया रिक्तियां होने की स्थिति में ही संचालित की जाएगी। इसके लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन 02 अप्रैल 2026 प्रातः 10ः00 बजे से 08 अप्रैल 2026 सायं 4ः00 बजे तक किया जा सकेगा। विधिवत भरे हुए फॉर्म संबंधित केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य कार्यालय में जमा करने होंगे। इन कक्षाओं के लिए पंजीकरण प्रपत्रों और अन्य विवरणों की जानकारी संबंधित विद्यालयों की वेबसाइटों पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।

संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि आवेदन पत्र में कोई भी गलत या भ्रामक जानकारी पाई जाती है, तो प्रवेश प्रक्रिया के दौरान या उसके पश्चात भी प्रवेश निरस्त कर दिया जाएगा। अभिभावकों को निर्देशित किया गया है कि वे प्राचार्य या प्रवेश प्रभारी से केवल विद्यालय द्वारा बुलाए जाने पर ही निर्धारित समय अंतराल में संपर्क करें।

KORBA BREAKING: रोजगार कार्यालय में प्लेसमेन्ट कैम्प आज

The Duniyadari: कोरबा 18 मार्च 2026/

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा में 19 मार्च को प्लेसमेन्ट कैम्प का आयोजनें किया जा रहा है। जिसमें नियोजकों – परिश्रम ह्यूमन रिसोर्स गुड़गांव, एन.आई.आई.टी. लिमिटेड भिलाई, आर.आर सिस्टम कोरबा, वेदांता स्कील स्कूल बालको कोरबा द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।

रिक्तियों का विवरण इस प्रकार है – इलेक्ट्रिक मीटर टेक्निशियन – 150, रिलेशनशीप मैनेजर-15,डाटा एण्ट्री ऑपरेटर – 07, मोबाईल रिपेयरिंग-30, सिविंग मशीन ऑपरेटर-30, होटल मैनेजमेंट-30, फिटर- 30 योग्यता- 8वीं 10वी, 12वीं, आई.टी.आई. आयुसीमा- 18-35 वर्ष तक एवं वेतनमान रूपये – 10,000 से 30,000 तक नियोजक द्वारा निर्धारित किया गया है। उक्त रिक्त पद समस्त छत्तीसगढ़ के लिए है।

प्लेसमेंट कैम्प में सम्मिलित होने हेतु वेबसाईटwww.erojgar.cg.gov.in मेंं आवेदक का रोजगार पंजीयन आवश्यक है। साथ ही इच्छुक रिक्त पदों को चयन करें। जिन आवेदकों ने रोजगार पंजीयन नहीं किया है वे वेबसाईट में अपना पंजीयन करवा सकते हैं। प्लेसमेंट कैम्प में सम्मिलित होने हेतु अपना समस्त शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साईज फोटो रोजगार पंजीयन, अनुभव प्रमाण पत्र इत्यादि दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थल में उपस्थित हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोरबा के दूरभाष नंबर 07759-222069 में संपर्क कर सकते हैं एवं रोजगार कार्यालय के टेलीग्राम गु्रप-https://shorturl.at/an8XJ से जुड़ सकते हैं।

कोरबा में सनसनी: घर में सो रहे बुजुर्ग पर हमला, आंख फोड़कर फरार हुए हमलावर

The Duniyadari: कोरबा जिले के चैतमा चौकी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ग्राम बर्रा में मंगलवार देर रात घर में सो रहे एक बुजुर्ग पर अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने बेरहमी की हद पार करते हुए उनकी एक आंख तक निकाल दी और मौके से फरार हो गए।

घायल बुजुर्ग हीरा सिंह सरुता (80 वर्ष) को गंभीर हालत में पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि घटना रात करीब साढ़े 11 बजे की है, जब बुजुर्ग अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने अचानक धावा बोल दिया। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। खासतौर पर ‘बच्चा चोर गिरोह’ को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलने लगी हैं, हालांकि पुलिस ने इस तरह की किसी भी बात की पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। चैतमा चौकी प्रभारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।