Home Blog Page 131

महिला दिवस पर लगा निशुल्क आयुर्वेद शिविर, 54 मरीज हुए लाभान्वित हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच के साथ दी गई दवाइयां व स्वास्थ्य सलाह

The Duniyadari: कोरबा। 08 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका रोड में निशुल्क आयुर्वेद-योग चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, विश्व हिंदू परिषद, आरोग्य भारती और आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें 54 मरीजों को स्वास्थ्य लाभ मिला।

शिविर में महिलाओं एवं युवतियों के लिए निशुल्क हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और रक्त शर्करा की जांच की गई तथा शुगर के मरीजों को परीक्षित औषधियां भी मुफ्त में वितरित की गईं। साथ ही महिलाओं के लिए ऊर्जा बढ़ाने वाला विशेष क्वाथ भी निशुल्क पिलाया गया।

छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध आयुर्वेद विशेषज्ञ नाड़ीवैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा और नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने अपनी सेवाएं देते हुए बताया कि शिविर में जांच के दौरान अधिकांश महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी पाई गई। उन्होंने बताया कि इसका मुख्य कारण महिलाओं का अपनी सेहत के प्रति लापरवाह होना और चयापचय का सही न होना है।

डॉ. नागेंद्र शर्मा ने बताया कि हीमोग्लोबिन की कमी दूर करने के लिए गिलोय और गेहूं के जवारे का रस अत्यंत लाभकारी होता है। उन्होंने महिलाओं को अपनी सेहत के प्रति सजग रहने और संतुलित आहार के साथ नियमित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।

शिविर में श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के अध्यक्ष शिव जायसवाल, कोषाध्यक्ष गजेंद्र राठौड़, संरक्षक सुधीर सक्सेना, नेत्रनंदन साहू, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, अरुण मानिकपुरी, मनीष कौशिक, तोरेंद्र सिंह, महेंद्र साहू, देवबली कुंभकार, राकेश इस्पात, सिद्धराम शाहनी तथा श्री डायग्नोस्टिक सेंटर पैथो लैब के संचालक कंवल चंद्रा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

मधुमक्खियों के झुंड का अचानक हमला, कांग्रेसी नेता समेत 8 लोग घायल अस्पताल के पास मची अफरा-तफरी, लंबे समय से बनी समस्या पर उठे सवाल

The Duniyadari: रामानुजगंज। रविवार को अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में एक कांग्रेसी नेता सहित कुल 8 लोग घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल के आसपास काफी समय से मधुमक्खियों का आतंक बना हुआ है। कई बार इसकी शिकायत भी की गई, लेकिन इसके बावजूद नगरपालिका की ओर से इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

घटना के बाद लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। उनका कहना है कि अगर समय रहते मधुमक्खियों के छत्तों को हटाने की कार्रवाई की जाती, तो इस तरह की स्थिति पैदा नहीं होती।

हसदेव नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक युवक बहा, साथियों की कोशिश के बाद भी नहीं बच पाया

The Duniyadari: दर्री क्षेत्र के कलमीदुग्गू के पास हुआ हादसा, नौशाद अंसारी की तलाश जारी

कोरबा। दर्री क्षेत्र के कलमीदुग्गू के पास हसदेव नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक युवक तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। साथियों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

जानकारी के अनुसार रविवार को चार दोस्त कलमीदुग्गू के पास हसदेव नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक नौशाद अंसारी गहरे पानी और तेज बहाव में फंसकर बहने लगा। उसके दोस्तों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण वे उसे बाहर नहीं निकाल सके।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू की गई। बताया जा रहा है कि बहने वाला युवक नौशाद अंसारी, पिता कलामुद्दीन है। खबर लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है और उसकी तलाश जारी है।

स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा कोरबा के जिला महामंत्री प्रमोद जांगड़े व जिला मंत्री सूरज टांडेकर बनाए गए उनके समर्थकों में हर्ष और उत्साह का माहौल है

The Duniyadari: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मान. किरण सिंह देव जी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) मान. पवन साय जी की सहमति एवं भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष माननीय डॉ सनम जागड़े जी के अनुमोदन एवं भारतीय जनता पार्टी कोरबा जिलाध्यक्ष मान. गोपाल मोदी जी के अनुशंसा से भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश लहरे द्वारा भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा जिला कोरबा के जिला पदाधिकारियों, एवं मंडल अध्यक्षों की घोषणा की गई है जिसमें प्रमोद जांगड़े और सूरज टांडेकर को जिला महामंत्री और जिला मंत्री का दायित्व दिया गया है जो की उत्कृष्ट कार्यो के कार्यों के लिए जाने जाते हैं जिसमें अनुसूचित जाति संगठन व भारतीय जनता पार्टी संगठन को एक मजबूती प्रदान होगी

सूरजपुर: मिड-डे मील के चावल को कार में ले जाने का आरोप, ग्रामीणों ने घेरकर रोका वाहन, जांच की मांग

The Duniyadari: सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के ग्राम रामपुर स्थित एक माध्यमिक स्कूल में मध्याह्न भोजन के चावल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने स्कूल के प्रधानपाठक पर मिड-डे मील के लिए आए चावल को कार में भरकर ले जाने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और पुलिस से शिकायत कर जांच की मांग की है।

बताया जा रहा है कि 3 मार्च की शाम करीब 6:15 बजे स्कूल परिसर से मिड-डे मील के करीब दो बोरी चावल एक कार में रखकर ले जाए जा रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिल गई और उन्होंने संदेह जताया कि चावल को स्कूल से बाहर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि समेत गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे और वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया। इसके बाद ग्रामीणों ने कार का पीछा किया और गांव के अंदर ही उसे रोक लिया।

घटना के बाद गांव में कुछ समय तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के चावल को बाहर ले जाने की कोशिश की गई, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

इधर प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी विश्वरंजन का निधन, पुलिस और प्रशासनिक जगत में शोक की लहर

The Duniyadari: रायपुर, 08 मार्च। छत्तीसगढ़ पुलिस के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विश्व रंजन का निधन हो गया। वे 1973 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे और इलाज के दौरान उनका देहांत हो गया।

अपने लंबे प्रशासनिक जीवन में विश्व रंजन ने कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाई। वे जुलाई 2007 से जुलाई 2011 तक छत्तीसगढ़ के डीजीपी रहे। उनके कार्यकाल के दौरान पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे।

उनके निधन की खबर सामने आते ही पुलिस विभाग और प्रशासनिक हलकों में शोक का माहौल है। कई वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया है।

पटना पहुंचते ही राबड़ी देवी का तीखा वार, कहा – नीतीश कुमार की मति हो गई है भ्रष्ट

The Duniyadari: पटना। बिहार की राजनीति इन दिनों काफी गर्म हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे और राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच दिल्ली में स्वास्थ्य जांच करवाकर लौटे राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के पटना पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला।

पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि नीतीश कुमार को जबरन हटाया जा रहा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी बुद्धि भ्रष्ट हो गई है और उन्हें बिहार छोड़कर कहीं जाने की जरूरत नहीं है। राबड़ी देवी ने कहा कि नीतीश को राज्य में रहकर ही काम करना चाहिए। उनका यह बयान नीतीश कुमार के उस सोशल मीडिया संदेश के बाद आया है, जिसमें उन्होंने राज्यसभा जाने और नई सरकार को समर्थन देने का संकेत दिया था।

इधर, राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पूरे घटनाक्रम के पीछे भाजपा की भूमिका होने का आरोप लगाया है। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में भी ‘महाराष्ट्र मॉडल’ लागू किया जा रहा है। उनके मुताबिक भाजपा अपने सहयोगियों को धीरे-धीरे कमजोर करने की राजनीति करती है और इसी रणनीति के तहत नीतीश कुमार को दबाव में लाया गया है।

दूसरी ओर, नीतीश कुमार के राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात करने के बाद सियासी हलकों में यह चर्चा तेज हो गई है कि वे जल्द ही पद छोड़ सकते हैं। इस बीच उनके बेटे निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने की भी चर्चा है।

बताया जा रहा है कि निशांत कुमार ने हाल ही में जदयू के वरिष्ठ नेता संजय झा के आवास पर पार्टी के करीब दो दर्जन विधायकों के साथ बैठक की। सूत्रों के मुताबिक 8 मार्च को वे औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ले सकते हैं। पार्टी के भीतर इसे नेतृत्व में संभावित बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है और कार्यकर्ताओं में भी इसे लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

दुर्ग में भाजपा नेता की जमीन पर अवैध अफीम की खेती पकड़ी गई, 5 एकड़ से ज्यादा फसल जब्त

The Duniyadari: दुर्ग। जिले में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में उगाई गई अफीम की फसल जब्त की है। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक जेवरा-सिरसा चौकी के अंतर्गत समोदा, झेंडारी और सिरसा गांव के बीच स्थित जमीन पर अवैध रूप से अफीम उगाई जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान खेत में अफीम की फसल मिलने के बाद अन्य संबंधित विभागों को भी कार्रवाई के लिए बुलाया गया।

प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया कि इस खेती से भाजपा से जुड़े विनायक ताम्रकार का नाम सामने आ रहा है। मामले की जानकारी कलेक्टर अभिजीत सिंह तक पहुंचने पर उन्होंने तत्काल एसडीएम, तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम बनाकर जांच के निर्देश दिए। साथ ही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और फॉरेंसिक टीम को भी इसकी सूचना दी गई।

जांच के दौरान ग्राम झेंझरी पटवारी हल्का नंबर 8 की जमीन के खसरा नंबर 309 और 310 का निरीक्षण किया गया। यह भूमि मधुमती ताम्रकार और प्रीतिबाला ताम्रकार के पिता सीताराम ताम्रकार के संयुक्त नाम पर दर्ज बताई गई है। जांच में पाया गया कि करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में अफीम की खेती की गई थी। बताया जा रहा है कि इसे छिपाने के लिए मक्के की फसल के बीच अफीम के पौधे लगाए गए थे।

प्रारंभिक जांच में कुछ लोगों की संलिप्तता सामने आने के बाद उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में विनायक ताम्रकार (58), विकास विश्नोई (27), मनीष ठाकुर और अचला राम जाट (28) के नाम सामने आने की जानकारी दी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

भारत माला मार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो पलटी, कोरबा के व्यापारी घायल

The Duniyadari: कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के भारतमाला मार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि बोलेरो न्यूओ कार डिवाइडर से टकराने के बाद पलटकर सड़क के बीच जा गिरी। हादसे में वाहन सवार कोरबा के एक व्यापारी घायल हो गए, जबकि चालक की जान बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार महिंद्रा बोलेरो न्यूओ (क्रमांक CG 12 BJ 8333) में कोरबा के सीतामणी मुख्य मार्ग निवासी गौरव अग्रवाल सवार थे। वे बिलासपुर से कोरबा लौट रहे थे और वाहन स्वयं चला रहे थे। इसी दौरान रास्ते में झपकी आने से वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और डिवाइडर से टकराकर पलट गया।

दुर्घटना में घायल गौरव अग्रवाल को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही हरदीबाजार थाने में पदस्थ एएसआई कृपा शंकर दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और घायल की स्थिति की जानकारी ली। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

08 मार्च 2026 का राशिफल: जानिए आज का दिन किस राशि के लिए रहेगा शुभ और किसे बरतनी होगी सावधानी

The Duniyadari: आज कुछ राशियों को मिलेगा भाग्य का साथ, वहीं कुछ को कामकाज और खर्चों में बरतनी होगी सावधानी।

मेष

आज का दिन आपके लिए ऊर्जा और उत्साह से भरा रहेगा। कार्यक्षेत्र में नए अवसर मिल सकते हैं। परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा।

वृषभ

आज आपको आर्थिक मामलों में सतर्क रहने की जरूरत है। किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है। कामकाज में धैर्य बनाए रखें।

मिथुन

आज आपके विचारों की सराहना हो सकती है। नौकरी और व्यवसाय में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। स्वास्थ्य को लेकर थोड़ा ध्यान देने की आवश्यकता है।

कर्क

परिवार से जुड़ी कोई खुशखबरी मिल सकती है। आज मन थोड़ा भावुक रह सकता है। काम के सिलसिले में यात्रा का योग बन सकता है।

सिंह

आज आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। नए लोगों से संपर्क भविष्य में लाभदायक साबित होगा।

कन्या

आज का दिन सामान्य रहेगा। कार्यों को योजना बनाकर करने से सफलता मिलेगी। किसी पुराने विवाद का समाधान हो सकता है।

तुला

आज आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं। परिवार के साथ समय बिताने से मन प्रसन्न रहेगा। निवेश से पहले सोच-समझकर निर्णय लें।

वृश्चिक

आज आपको अपने काम पर विशेष ध्यान देना होगा। किसी करीबी व्यक्ति से सलाह लेना फायदेमंद रहेगा। स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें।

धनु

आज का दिन नए अवसर लेकर आ सकता है। नौकरी और व्यापार में प्रगति के योग हैं। सामाजिक कार्यों में रुचि बढ़ सकती है।

मकर

आज आपको धैर्य और संयम से काम लेना होगा। कार्यक्षेत्र में थोड़ी चुनौतियां आ सकती हैं, लेकिन प्रयास से सफलता मिलेगी।

कुंभ

आज का दिन आपके लिए सकारात्मक रहेगा। लंबे समय से अटके कार्य पूरे हो सकते हैं। परिवार में खुशी का माहौल रहेगा।

मीन

आज आपको अपने खर्चों पर नियंत्रण रखने की जरूरत है। किसी नए काम की शुरुआत करने से पहले अच्छी तरह विचार कर लें। मानसिक शांति बनाए रखें।