Home Blog Page 144

होली से पहले बांकीमोंगरा में रोशनी की सौगात: नगर पालिका अध्यक्ष ने किया स्काई लाइट का भव्य शुभारंभ।

The Duniyadari: बांकीमोंगरा:- रंगों के पावन पर्व होली से ठीक पहले बांकीमोंगरा वासियों को नगर पालिका की ओर से एक बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र को आधुनिक रोशनी से जगमगाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा द्वारा ‘स्काई लाइट’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस नई पहल से न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने वार्ड क्रमांक 6 इंदिरा नगर व वार्ड क्रमांक 10 सागर डेली नीड्स के सामने स्काई लाइट का लोकार्पण बटन दबाकर किया इस दौरान वार्ड पार्षदों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

होली के त्यौहार से पहले सड़कों और प्रमुख चौराहों पर हाई-मास्ट स्काई लाइट लगने से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भारी हर्ष देखा जा रहा है।

लाइटों के लग जाने से देर रात आवाजाही करने वाले लोगों को सुविधा होगी और अंधेरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।

शुभारंभ के अवसर पर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने क्षेत्र की जनता को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा हमारा लक्ष्य बांकीमोंगरा को एक आदर्श और आधुनिक नगर बनाना है। होली के अवसर पर यह स्काई लाइट क्षेत्र की जनता के लिए एक उपहार है। अब हमारे शहर की रातें भी दिन की तरह रोशन होंगी।

नगर पालिका के इस कदम की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की मांग की जा रही थी। त्यौहार के ऐन वक्त पर मिली इस सुविधा ने उत्सव के उत्साह को दोगुना कर दिया है।

इस दौरान पालिका अध्यक्ष के साथ पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ विकास झा, जिला भाजपा मंत्री सतीश झा, मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, पार्षद व पीआईसी मेंबर प्रमोद सोना, पार्षद प्रतिनिधि लालू साहु सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, नेतागण व आम नागरिक उपस्थित थे।

राज्यसभा चुनाव: छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा पर भाजपा का दांव, प्रदेश राजनीति में तेज़ हुई हलचल

The Duniyadari: रायपुर, 3 मार्च। आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। छत्तीसगढ़ से पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया है। नाम सामने आते ही प्रदेश की सियासत में चर्चा का दौर तेज हो गया है।

पार्टी द्वारा लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाए जाने को कई दृष्टियों से अहम माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व ने एक बार फिर महिला नेतृत्व को प्राथमिकता देते हुए राजनीतिक सहभागिता में संतुलन का संकेत दिया है। संगठन में उनकी सक्रियता और लंबे समय से निभाई जा रही जिम्मेदारियों को इस निर्णय का प्रमुख आधार बताया जा रहा है।

प्रदेश भाजपा नेताओं ने फैसले का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनका राज्यसभा पहुंचना छत्तीसगढ़ की आवाज को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती प्रदान करेगा। कार्यकर्ताओं के बीच भी उत्साह का माहौल है और इसे संगठन की सोच-समझकर उठाई गई रणनीतिक पहल माना जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, राज्यसभा चुनाव के परिप्रेक्ष्य में भाजपा ने सामाजिक समीकरणों के साथ-साथ महिला प्रतिनिधित्व को भी संतुलित करने की कोशिश की है। अब ध्यान नामांकन प्रक्रिया और आगामी चुनावी घटनाक्रम पर केंद्रित है, जो आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति की दिशा तय कर सकता है।

उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के निवास पर कल होली स्नेह मिलन समारोह की रहेगी धूम

The Duniyadari: कोरबा। नगर विधायक और कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के चारपारा कोहड़िया स्थित निवास में 4 मार्च की सुबह 9:30 बजे से 12 बजे तक होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन रखा गया है। प्रति वर्ष की भांति मंत्री श्री देवांगन के निवास पर होली मिलन समारोह में अधिक संख्या में कार्यकर्ता और आम जन मानस शामिल होंगे। मंत्री श्री देवांगन ने सभी सम्मानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को होली मिलन समारोह में शामिल होने का आग्रह किया है।

महानदी कॉम्प्लेक्स व्यापारी संघ की शिकायत के बाद भी नगर निगम खामोश, ठेले वालों पर नहीं हुई कोई कार्रवाई

The Duniyadari: कोरबा। शहर के निहारिका स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स के सामने ठेले संचालकों की मनमानी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में महानदी कॉम्प्लेक्स व्यापारी संघ ने नगर निगम को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

व्यापारी संघ द्वारा 08 जनवरी 2026 को नगर निगम कोरबा को दिए गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि ठेले व्यवसायी कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों के सामने ठेले लगाते हैं। जब दुकानदार आपत्ति जताते हैं या अपनी दुकान के सामने वाहन खड़ा करते हैं, तो ठेले वाले न केवल रास्ता अवरुद्ध करते हैं, बल्कि गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार भी करते हैं।

पत्र में यह भी उल्लेख है कि 02 जनवरी 2026 को एक घटना में ठेले संचालक द्वारा दुकान के सामने बदसलूकी और धमकी देने की बात सामने आई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध होने का दावा किया गया है। व्यापारी संघ का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे व्यापारिक माहौल प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों को भी असुविधा उठानी पड़ रही है।

इसके साथ ही ठेले संचालकों पर परिसर में गंदगी फैलाने का भी आरोप है। दुकानों के सामने कचरा इकट्ठा कर छोड़ दिया जाता है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। व्यापारी संघ ने पत्र में स्पष्ट रूप से परिसर से ठेलों को हटाने और उचित कार्रवाई की मांग की थी।

हालांकि शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक नगर निगम द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी यदि प्रशासन कदम नहीं उठाता, तो स्थिति और बिगड़ सकती है।

व्यापारी संघ ने निगम प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर अतिक्रमण हटाने, गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने और परिसर में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग दोहराई है।

गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में होली समारोह के दौरान दो गुटों में फिर भिड़ंत, वीडियो वायरल

The Duniyadari: बिलासपुर। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय (GGU) के परिसर में होली उत्सव के दौरान एक बार फिर छात्रों के दो समूहों के बीच हिंसक झड़प हो गई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। उल्लेखनीय है कि महज चार दिन पहले भी विश्वविद्यालय में होली कार्यक्रम के दौरान विवाद की स्थिति बनी थी।

मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार को कैंपस में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया था। ऑडिटोरियम के सामने डीजे और साउंड सिस्टम के साथ छात्र-छात्राएं रंग-गुलाल उड़ाते हुए जश्न मना रहे थे। इसी दौरान आपसी कहासुनी ने अचानक उग्र रूप ले लिया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ छात्र नशे की हालत में थे और रंग लगाने के दौरान एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। बात बढ़ते-बढ़ते कपड़े फाड़ने और हाथापाई तक पहुंच गई। एक ओर जहां डीजे की धुन पर डांस जारी था, वहीं दूसरी ओर दोनों गुटों के बीच लात-घूंसे चलते रहे। कुछ छात्रों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन स्थिति कुछ देर तक तनावपूर्ण बनी रही।

इससे पहले विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के होली मिलन कार्यक्रम के दौरान मंच पर चढ़ने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि कुछ छात्रों ने जबरन स्टेज पर जाने की कोशिश की, जिसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में झड़प हो गई थी।

ताजा घटना कोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। फिलहाल कैंपस में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासनिक सर्जरी: 16 राजस्व निरीक्षकों का तबादला, कलेक्टर अजित बसंत का आदेश जारी

The Duniyadari: अंबिकापुर। जिले के राजस्व प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए कलेक्टर अजित बसंत ने विभिन्न तहसीलों में पदस्थ 16 राजस्व निरीक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। प्रशासनिक कसावट और कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। जारी आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना स्थल पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

ये रहे प्रमुख तबादले

  • विश्वनाथ तिवारी को अम्बिकापुर-3 से लखनपुर भेजा गया है।
  • रामकुमार राम अब अम्बिकापुर-4 से रघुनाथपुर (धौरपुर) में सेवाएं देंगे।
  • संजय सिंह को अम्बिकापुर-5 से उदयपुर स्थानांतरित किया गया है।
  • धर्मेन्द्र कुमार सिंह को अम्बिकापुर-6 से बतौली भेजा गया है।
  • सबल साय एक्का धौरपुर से अम्बिकापुर-3 आएंगे।
  • विकास कुमार सोनपाकर उदयपुर से अम्बिकापुर-4 में पदस्थ होंगे।
  • राज बहादुर सिंह को खम्हरिया (उदयपुर) से राजस्व निरीक्षक नजूल की जिम्मेदारी दी गई है।
  • संजय कुमार सिंह लखनपुर से अम्बिकापुर-5 में पदस्थ किए गए हैं।

इसके अलावा—

  • धर्मेन्द्र कुमार सिंह को सलका (लखनपुर) से अम्बिकापुर-6 भेजा गया है।
  • छय कुमार पैंकरा पेटला सीतापुर से नजूल शाखा में पदस्थ होंगे।
  • शिवपूजन तिवारी बतौली से नजूल में स्थानांतरित किए गए हैं।
  • रामदेव यादव नजूल से लुण्ड्रा भेजे गए हैं।
  • सरयू राम पैंकरा नजूल से खम्हरिया (उदयपुर) में पदस्थ होंगे।
  • आशीष गुहा नजूल से धौरपुर जाएंगे।
  • विजय कुमार श्रीवास्तव नजूल से सलका (लखनपुर) में सेवाएं देंगे।
  • सत्येन्द्र कुमार मिश्रा को राजस्व निरीक्षक डायवर्सन से पेटला सीतापुर स्थानांतरित किया गया है।

प्रशासनिक हलकों में इस व्यापक तबादले को राजस्व कार्यों की बेहतर मॉनिटरिंग और क्षेत्रीय संतुलन के नजरिए से अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी आएगी और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाओं में सहूलियत मिलेगी।

पार्षद एवं एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल ने शहरवासियों को दी होली की हार्दिक शुभकामनाएं

The Duniyadari: नगर निगम कोरबा के पार्षद एवं एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल ने रंगों के पर्व होली के अवसर पर शहरवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि होली का त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर है। यह पर्व जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करता है।

हितानंद अग्रवाल ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में होली मनाएं तथा सामाजिक एकता और सद्भाव की भावना को बनाए रखें।

रंगों के पर्व पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने दी जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं, प्रेम और भाईचारे से होली मनाने की अपील

The Duniyadari: भारतीय जनता पार्टी के कोरबा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने होली के पावन अवसर पर जिले के समस्त नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि होली का त्योहार आपसी सद्भाव, प्रेम और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व जीवन में नई उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

गोपाल मोदी ने सभी से आग्रह किया कि वे शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाएं तथा समाज में एकता और भाईचारे की भावना को और मजबूत करें।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने प्रदेशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं

The Duniyadari: छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग तथा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने रंगों के पावन पर्व होली पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि होली का यह पावन अवसर सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए। यह पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और भारतीय परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति है। सभी लोग आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं, यही इस पर्व की सच्ची भावना है।

सिविल लाइन क्षेत्र में 11वीं की छात्रा ने उठाया आत्मघाती कदम, पुलिस जांच में जुटी

The Duniyadari: कोरबा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 16 वर्षीय छात्रा ने घर के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल छा गया।

मृत छात्रा की पहचान सांची कंवर के रूप में हुई है। वह शहर के सेंट जेवियर स्कूल में कक्षा 11वीं की पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह मोगरा थाना में पदस्थ आरक्षक रजपाल सिंह कंवर की भांजी थी और पिछले कुछ समय से अपनी मां के साथ पुलिस लाइन क्षेत्र स्थित मामा के निवास पर रह रही थी। मूल रूप से वह अमरपुर, कटघोरा क्षेत्र की रहने वाली थी।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को अपने कब्जे में लिया। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट और छात्रा का मोबाइल फोन मिला है, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुसाइड नोट की सामग्री फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, जिसमें पारिवारिक, शैक्षणिक और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल शामिल है।

यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो तुरंत परिवार, मित्रों या किसी विशेषज्ञ से बात करना जरूरी है। समय रहते मदद लेना ही सबसे बड़ा सहारा साबित हो सकता है।