Home Blog Page 2583

लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे होंगे देश के नए सेना प्रमुख, ऑर्मी चीफ बनने वाले पहले इंजीनियर होंगे पांडे

नई दिल्ली। लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे नए सेना प्रमुख नियुक्त किए गए हैं। मनोज पांडे ऑर्मी चीफ बनने वाले पहले इंजीनियर हैं। मौजूदा सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे अप्रैल 2022 के अंत तक सेवानिवृत्त होने वाले हैं। मनोज पांडे उनकी जगह लेंगे। नरवणे को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के पद के लिए सबसे आगे देखा जा रहा है। सीडीएस का पद दिसंबर 2021 में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जनरल बिपिन रावत के असामयिक निधन के बाद खाली हो गया था। इससे पहले जनवरी 2022 में पांडे को वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के रूप में नियुक्त किया गया था।

लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे को दिसंबर 1982 में कोर ऑफ इंजीनियर्स में कमीशन दिया गया था। वह स्टाफ कॉलेज, केम्बरली (यूके) से स्नातक हैं और उन्होंने आर्मी वॉर कॉलेज, महू और दिल्ली में नेशनल डिफेंस कॉलेज में हायर कमांड कोर्स में भी भाग लिया था। लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे ने अपनी 37 साल की सेवा में ऑपरेशन विजय और ऑपरेशन पराक्रम में सक्रिय भाग लिया है।

पिछले तीन महीनों में कुछ शीर्ष अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद पांडे सबसे वरिष्ठ बन गए हैं। लेफ्टिनेंट जनरल राज शुक्ला, जो सेना के प्रशिक्षण कमान (एआरटीआरएसी) की कमान संभाल रहे थे, 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो गए। कुछ अन्य वरिष्ठ जनवरी के अंत तक सेवानिवृत्त हो गए। लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहंती और लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुए थे।

बिपिन रावत का उत्तराधिकारी कौन

जनरल बिपिन रावत के निधन के बाद नरवणे को चीफ ऑफ स्टाफ कमिटी के चेयरमैन की जिम्मेदारी मिली थी, जो कि सीडीएस पद के सृजन के पहले वरिष्ठतम पद था। नरवणे को चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के चेयरमैन पद की जिम्मेदारी इसलिए मिली थी, क्योंकि वह तीन सेना प्रमुखों में सबसे वरिष्ठ अधिकारी थे। ऐसे में इस बात की संभावना है कि नरवणे को अगले सीडीएस की अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।

भूपेश कैबिनेट का बड़ा फैसला: सरकारी अस्पतालों में ब्रांडेड दवाईयां लिखने पर होगी कड़ी कार्रवाई, कही ये बड़ी बात

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा पर्यावरण एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक ली। मुख्यमंत्री ने बैठक में श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना की समीक्षा के दौरान सरकारी अस्पतालों में जेनेरिक दवाईयों की बजाय ब्रांडेड दवाई लिखने पर कड़ी नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा कि जो सरकारी डॉक्टर ब्रांडेड दवाईयां लिखते हैं उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ने तत्काल सभी कलेक्टरों और सीएमएचओ को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि यह सुनिश्चित करें की डॉक्टर सिर्फ जेनेरिक दवाईयां ही लिखे। मुख्यमंत्री को यह जानकारी मिली थी कि बार-बार हिदायत के बावजूद डॉक्टर जेनेरिक की बजाय ब्रांडेड दवाईयां लिख रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि लोगों को सस्ती दवाईयां मिलें, इसके लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर शुरू किए हैं। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में इस योजना के तहत 159 मेडिकल स्टोर संचालित हैं। इन मेडिकल स्टोर्स के माध्यम से अब तक विक्रय की गई दवाईयों से लगभग 17 लाख 92 हजार नागरिकों केे 17 करोड़ 38 लाख रूपए की बचत हुई है।

ब्रेकिंग: फिश प्रोसेसिंग यूनिट में बड़ा हादसा, दम घुटने से 5 मजदूरों की मौत

मंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु में फिश प्रोसेसिंग यूनिट में उतरे पांच मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसा मंगलुरु के श्री उल्का एलएलपी में स्थित फिश प्रोसेसिंग यूनिट में हुआ है।

दरअसल, एक मजदूर कचरा कलेक्शन टैंक में गिर गया और बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए सात और मजदूर नीचे उतरे। कुछ देर बाद वो भी बेहोश हो गए। किसी तरह सभी बाहर निकाल कर अस्पताल ले जाया गया। जहां रात में तीन मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, आज सुबह दो मजदूरों की मौत हो गई।

CG TRANSFER BREAKING : वन विभाग में सीसीएफ के तबादले, CCF शालिनी रैना रायपुर, बीपी सिंह जाएंगे दुर्ग, देखें आदेश

रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन से सोमवार को वन विभाग में दो आईएफएस अधिकारियों की ट्रांसफर आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार 2001 बैच की IFS शालिनी रैना प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय में CCF होंगी। वहीं प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय में CCF बीपी सिंह को दुर्ग CCF बनाया गया है।

देखें आदेश.

ये नेता नहीं लड़ पाएंगे अगले 3 साल तक चुनाव, इलेक्शन कमीशन ने लगाई रोक

भोपाल।चुनाव आयोग ने मध्यप्रदेश के 11 नेताओं पर आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी है. दरअसल इन नेताओं ने पिछले विधानसभा चुनाव में हुए खर्च की जानकारी निर्वाचन आयोग को नहीं दी थी. जिसके बाद चुनाव आयोग ने इन नेताओं के अगले 3 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी है.

इन नेताओं का नाम शामिल
बता दें कि चुनाव आयोग ने जिन नेताओं के अगले 3 साल चुनाव लड़ने पर रोक लगाई है, उनमें आम आदमी पार्टी, सपाक्स और निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं. दरअसल चुनाव के बाद 30 दिन के भीतर प्रत्याशियों को चुनाव में हुए खर्च का ब्यौरा चुनाव आयोग को देना होता है लेकिन 11 प्रत्याशियों ने चुनाव आयोग को यह जानकारी नहीं दी थी.

इसके बाद आयोग की तरफ से इन प्रत्याशियों को नोटिस जारी किया गया लेकिन नोटिस के बावजूद इन नेताओं ने चुनाव खर्च का ब्यौरा नहीं दिया. ऐसे में आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए इन नेताओं पर प्रतिबंध लगा दिया है. प्रतिबंध के मुताबिक आदेश की तारीख से लेकर अगले 3 साल तक ये नेता विधानसभा या लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ पाएंगे.

जिन नेताओं पर प्रतिबंध लगाए गए हैं, उनमें करेरा से अर्जुन लाल, सतना से रामोराम गुप्ता, राजेंद्र कुमार वर्मा, श्याम अहिरवार, शशांक सिंह, मेहर से शिवम पांडे, देवतालाब से गौरीशंकर साकेत और खुरई निर्वाचन क्षेत्र से अनिल चौबे, नरेंद्र सिंह, भगवान सिंह, राजेश और राधे का नाम शामिल है. अब ये नेता अगले 3 वर्ष के लिए चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित कर दिए गए हैं.

ससुर का शव रखकर 50 घंटे तक प्रदर्शन, बैकफुट पर आई पुलिस ने बहु को किया गिरफ्तार

न्यूज डेस्क।उत्तर प्रदेश के देवरिया में ससुर की मौत के मामले में बहु की गिरफ्तारी नहीं होने के चलते परिजनों ने 50 घंटे तक शव को दरवाजे पर रखकर प्रदर्शन किया. परिजनों व ग्रामीणों के हो-हल्ला और हंगामे के बाद महुवाडीह थाना की पुलिस बैकफुट पर आई और रविवार रात को बहु पर मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.

इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार को तैयार हुए. आज सुबह पुलिस ने अपनी मौजूदगी में घटना के चौथे दिन शव का अंतिम संस्कार कराया. बहु ग्राम प्रधानी का चुनाव लड़ चुकी है और उसका पति विदेश रहता है. बताया रहा है कि बहु घर में बंटवारा चाहती है इसलिए आये दिन किसी ने किसी बात को लेकर झगड़ा करती रहती है.

क्या है पूरा मामला

महुवाडीह के ग्राम देवरिया नकछेद के रहने वाले रामेश्वर प्रसाद 14 अप्रैल को अम्बेडकर जयंती समारोह से लड्डू लेकर घर लौटे थे. उनकी बेटी ने लड्डू खा लिया, जिसके बाद रात में बहु सुमन अपने सास उर्मिला से झगड़ा करने लगी. जब ससुर ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो बहु ने उसी रात मायके फोन कर अपने भाईयों को बुला लिया.

इसके बाद झगड़ा होने लगा. इसी दौरान रामेश्वर को इस कदर पीट दिया गया कि वह गिर पड़े और नाक से खून निकलने लगा. आनन-फानन में सीएचसी पिपरा दौला कदम ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने इमरजेंसी के लिए रेफर कर दिया. इमरजेंसी के डॉक्टरों ने रामेश्वर प्रसाद को मृत घोषित कर दिया था.

इस मामले में 15 अप्रैल को शव को पीएम के लिए भेजा और दूसरी तरफ पुलिस ने सुमन के दोनों भाईयों भोला और राजकुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. घटना की सूत्रधार बहु सुमन के खिलाफ पुलिस कोई एक्शन नहीं ले रही थी, लेकिन मृतक के परिजन पुलिस द्वारा बहु के खिलाफ कार्यवाई नहीं करने से आक्रोशित थे.

15 अप्रैल की शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव को घर ले गए. महुवाडीह एसओ विपिन मलिक के सामने प्रस्ताव रखा कि जबतक बहु की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक वे दाह संस्कार नहीं करेंगे, यह जद्दोजहद 50 घंटे तक चलती रही लेकिन थानेदार बहु की गिरफ्तारी के लिए कतई तैयार नहीं थे.

इसके बाद एडिशनल एसपी राजेश सोनकर भी पहुंचे. पुलिस ने दर्ज हो चुके मुकदमे में विवेचना करते हुए बहु का नाम दर्ज किया और गिरफ्तारी की. इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए. आज सुबह पुलिस ने मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है.

एक तरफ जय श्रीराम तो दूसरी तरफ गूंजा अल्लाह हु अकबर का नारा, थाने के बाहर जुटीं महिलाएं

न्यूज डेस्क।हनुमान जयंती के दिन शनिवार (16 अप्रैल, 2022) को दिल्ली के जहांगीरपुरी में हुई हिंसा में अब तक 14 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसमें जहांगीरपुरी थाने के बाहर भारी संख्या में लोग नजर आ रहे हैं। इनमें जय श्रीराम और अल्लाह हु अकबर के नारे लगाए जा रहे हैं। वीडियो में ज्यादा संख्या में महिलाएं नजर आ रही हैं और एक तरफ से अल्लाह हु अकबर के नारे लग रहे हैं तो दूसरी तरफ से जय श्रीराम के नारों की आवाज सुनाई दे रही है।

रविवार (17 अप्रैल, 2022) को जहांगीरपुरी हिंसा मामले में पांच और लोगों की गिरफ्तारी हुई है। डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट उषा रंगनानी के मुताबिक, अभी तक इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि आगे की जांच फिलहाल जारी है।

ट्विटर यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
इस वीडियो पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी है। एक ट्विटर यूजर सुरेंद्र यादव (@skpandwalia) ने कहा, “अजीब देश है भारत, जहां रोहिंग्या और बांग्लादेशी सुरक्षित हैं, लेकिन यहां के हिंदू नहीं?” एक अन्यू यूजर शाहरुख (@SH_AH_rukh) ने रिप्लाई करते हुए कहा कि ये सब बेरोजगारी का नतीजा है सरकार का यही फंडा है इनको हिन्दू मुसलमान अजान हलाल में उलझाए रखो ओर रोजगार पर बात मत करो। एक यूजर अरूणेश तेवतिया (@TewatiaArunesh) ने धार्मिक दंगों का आरोप लगाते हुए कहा, “बीजेपी देश में धार्मिक दंगा कराना चाहती है। वजह देश लूट लिया गया है बेच दिया गया है। कहीं सरकार बदलते ही पोल न खुल जाऐ ओर जेल न जाना पड जाऐ।” एक और यूजर देशप्रेमी (@deshpremidilse) ने कहा कि देश में जहर भरा जा रहा है। सोच रहे हैं सिर्फ दूसरे का दम घुटेगा पर दम सबका ही घुटेगा। नफरत देश को नुकसान पहुंचाती है।”

जहांगीरपुरी हिंसा को लेकर बड़ा खुलासा
जहांगीरपुरी हिंसा को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। इस मालमे में जहांगीरपुरी थाने के एडिशनल एसएचओ राजीव रंजन की तरफ से शिकायत दर्ज करवाई गई है। एफआईआर में बताया गया कि पूरा बवाल अंसार और उसके 4-5 साथियों की बहस के बाद शुरू हुआ था। इसमें कहा गया है कि हनुमान जयंती के मौके पर निकाला गया जुलूस शाम को 6 बजे सी ब्लॉक में जामा मस्जिद के पास पहुंचा तो अंसार नाम का एक शख्स और उसके 4-5 साथी वहां आए और शोभायात्रा निकाल रहे लोगों से बहस करने लगे। देखते ही देखते बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। इस कारण शोभायात्रा में भगदड़ मच गई।

सीएम भूपेश बघेल का बड़ा फैसला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी घोषित होंगे राजपत्रित

रायपुर : प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल ने प्रदेश के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को बड़ा तोहफा दिया है। सीएम ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को राजपत्रित दर्जा देने की घोषणा की है। मंत्री शिव डहरिया की माँग पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगरीय निकायों के अधिकारियों हेतु खुशख़बरी दी है। बता दें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा पर्यावरण एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक मुख्यमंत्री निवास में जारी है। इस बैठक में ही यह निर्नय लिया गया है।

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव अलरमेलमंगई डी., आयुक्त, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अयाज भाई तम्बोली, टाउन एन्ड कंट्री प्लानिंग के संचालक जय प्रकाश मौर्य, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौमिल रंजन चौबे सहित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित हैं।

ब्रेकिंग: लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में मंत्री पुत्र आशीष मिश्रा की जमानत रद्द, फिर जाना होगा जेल, सुप्रीम कोर्ट का आदेश.सरेंडर करे आरोपी

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे एवं लखीमपुर खीरी हिंसा मामले के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा की जमानत रद्द कर दी है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा की पीड़ित पक्ष की सुनवाई ठीक से नहीं हुई है और जमानत देने में जल्दबाजी की। सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट को इस मामले पर फिर से सुनवाई करने को कहा है। कोर्ट ने आशीष मिश्रा को सरेंडर करने को कहा है।

चीफ जस्टिस एन वी रमण, जस्टिस सूर्य कांत और जस्टिस हिमा कोहली की पीठ ने यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने आशीष मिश्रा की जमानत रद्द किए जाने का अनुरोध करने की किसानों की याचिका पर 4 अप्रैल को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। इससे पहले, कोर्ट ने आशीष मिश्रा की जमानत याचिका मंजूर करने के इलाहबाद हाईकोर्ट के आदेश पर सवाल उठाए थे।

कोर्ट ने कहा था कि जब मामले की सुनवाई अभी शुरू होनी बाकी है, तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चोटों की प्रकृति जैसी अनावश्यक बातों पर गौर नहीं किया जाना चाहिए। स्पेशल बेंच ने इस फैक्ट का कड़ा संज्ञान लिया था कि राज्य सरकार ने कोर्ट की तरफ से नियुक्त विशेष जांच दल (एसआईटी) के सुझाव के अनुसार हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ याचिका दायर नहीं की। किसानों की ओर से पेश हए सीनियर एडवोकेट दुष्यंत दवे और प्रशांत भूषण ने दलील दी कि हाईकोर्ट ने व्यापक आरोप पत्र पर विचार नहीं किया, बल्कि प्राथमिकी पर भरोसा किया।

CG : सिंधिया सहित 4 केंद्रीय मंत्रियों का दौरा आज, आकांक्षी जिलों के कामकाज की करेंगे समीक्षा

रायपुर। खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव में भाजपा की हार के बाद अचानक राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ में सोमवार को केंद्रीय उड्‌डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, MSMI राज्य मंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा, वन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे और संचार राज्य मंत्री देवसिंह चौहान आज छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। यह दौरा आकांक्षी जिलों में हो रहे कामकाज की समीक्षा के लिए हो रहा है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया राजनांदगांव जाएंगे

तय कार्यक्रम के मुताबिक केंद्रीय नागरिक उड्‌डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सोमवार रात 9 बजे तक रायपुर पहुंचेंगे। वहां से उन्हें सीधे राजनांदगांव सर्किट हाउस जाएंगे। मंगलवार सुबह जिला प्रशासन के साथ उनकी समीक्षा बैठक है। वे किसी गांव में फील्ड विजिट पर भी जाएंगे। वहां से लौटने के बाद वे राजनांदगांव जिला पंचायत सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। उसके बाद गैर सरकारी संगठनों और भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। देर शाम वे रायपुर लौट आएंगे जहां से उनको दिल्ली चले जाना है।

भानुप्रताप सिंह वर्मा रायपुर में कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम राज्य मंत्री भानुप्रताप सिंह वर्मा सोमवार सुबह ही रायपुर पहुंच जाएंगे। वे यहां राज्य अतिथि गृह में रुकेंगे। वहां से खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग जाकर विभागीय योजनाओं की समीक्षा करेंगे। केंद्रीय मंत्री वहां से भाजपा कार्यालय जाकर पदाधिकारियों से मुलाकात और चर्चा करने वाले हैं।

वहीं से उनका काफिला कांकेर के लिए रवाना होगा। वहां वे भाजपा के जिला कार्यालय में सामाजिक समरसता पखवाड़ा कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां से किसी कार्यकर्ता के यहां चाय पीने जाएंगे। रात को वे कांकेर सर्किट हाउस में रुकने वाले हैं। मंगलवार को कुलगांव में फील्ड विजिट पर जाएंगे। वहां से कांकेर आकर अफसरों के साथ समीक्षा बैठक करने वाले हैं। उसके बाद प्रेस वार्ता कर वे रायपुर और फिर दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

केंद्रीय संचार राज्य मंत्री देवसिंह चौहान जगदलपुर में रहेंगे

माई दंतेश्वरी पर विशेष इनवेलप जारी करेंगे संचार मंत्री
केंद्रीय संचार राज्य मंत्री देवसिंह चौहान सोमवार 2 बजे के करीब रायपुर पहुंचने वाले हैं। यहां से वे विमान से जगदलपुर जाएंगे। वहां शाम को पूर्व बस्तर रियासत के राजा और भाजपा नेता कमलचंद भंजदेव के साथ उनकी बैठक होनी है। वहां से वे सड़क मार्ग से दंतेवाड़ा जाएंगे।

मंगलवार सुबह 10 बजे से आकांक्षी जिले की समीक्षा बैठक होगी। फिर भाजपा पदाधिकारियों और उसके बाद स्थानीय विशेष लोगों के साथ बैठक होनी है। वहां से मंत्री स्थल निरीक्षण करने भी जाएंगे। दोपहर में मां दंतेश्वरी पर विशेष आवरण और दंतेवाड़ा पर पोस्टकार्ड सीरीज का अनावरण होगा। एक पत्रकार वार्ता होगी जिसकी आयोजक भाजपा है। संचार मंत्री रात को फिर अधिकारियों के साथ बैठक। बुधवार सुबह वे रायपुर पहुंचेंगे। यहां डाक और बीएसएनएल के अधिकारियों के साथ लंच। होटल मेरियट में उनके साथ एक बैठक के बाद मंत्री दिल्ली चले जाएंगे।

अश्विनी कुमार चौबे कोरबा में रहेंगे, अमरकंटक में केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में होंगे शामिल

केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे सोमवार शाम 5 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां से कोरबा जाकर सीएसईबी रेस्टहाउस में रुकेंगे। अगले दिन जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। उसके बाद वे स्थानीय प्रेस प्रतिनिधियों से चर्चा करने वाले हैं। केंद्रीय मंत्री कुछ गांवों में स्थल निरीक्षण के लिए भी जाएंगे। वहां भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं-नेताओं से चर्चा।

दोपहर में वे वहां से अमरकंटक स्थित केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जाएंगे। वहां से रात को कोरबा लौटेंगे। बुधवार सुबह वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, एसईसीएल के अधिकारियों के साथ खनन क्षेत्र में वनीकरण के कार्य की समीक्षा करेंगे।

दोपहर तक वे रायपुर पहुंचकर रायपुर में जंगल सफारी का निरीक्षण करने वाले हैं। यहीं पर वे राज्य सरकार के वन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक के बाद चौबे भी दिल्ली रवाना होंगे।