Home Blog Page 2584

अंग्रेजी शराब मंगाते वीडियो वायरल, मस्तूरी नायब तहसीलदार हटाए गए…

बिलासपुर। नायब तहसीलदार मस्तूरी का अंग्रेजी शराब मंगाते वीडियो वायरल हो गया है। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम के विरुद्ध आचरण के मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर बिलासपुर ने नायब तहसीलदार मस्तूरी को तत्काल प्रभाव से जिला कार्यालय भू-अभिलेख शाखा बिलासपुर में अटैच कर दिया है। साथ ही नायब तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव बिलासपुर संभाग के कमिश्नर को भेजा है।

बिलासपुर जिले के मस्तूरी तहसील कार्यालय में पदस्थ नायब तहसीलदार रमेश कुमार कमार का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उनका आचरण शासकीय सेवक के आचरण के विपरीत है। कलेक्टर बिलासपुर द्वारा इस संबंध में बिलासपुर संभाग के कमिश्नर को भेजे पत्र में उल्लेख किया गया है कि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मस्तूरी द्वारा प्रतिवेदित किया गया है कि चार अप्रैल 2022 को मस्तूरी तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार रमेश कुमार का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें नायब तहसीलदार द्वारा शासकीय सेवक के विपरीत आचरण किया गया है। उस वीडियो में मीना नेताम, मनीष मिश्रा, सहायक ग्रेड-3 व नागरिक रूपचंद राय दिखाई दे रहे थे। साक्षियों के बयान से वीडियो की पुष्टि हो रही है। यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम-1965 के नियम-3 का उल्लंघन हैं। शासन एवं राजस्व न्यायालय की छवि धूमिल करने के लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के प्रतिवेदन के आधार पर नायब तहसीलदार मस्तूरी रमेश कुमार कमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने व कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की अनुशंसा बिलासपुर कमिश्नर से की है।

नायब तहसीलदार रमेश कुमार की पदस्थापना मस्तूरी तहसील में है। उनका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। नायब तहसीलदार अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ कार्यालय में मौजूद दिखाई दे रहे हैं। वह किसानों की समस्या पूछ कर उसे सुलझाते हैं। किसानों से बातचीत कर हुए समस्या का समाधान करते हुए दिखाई भी दे रहे हैं। इसी बीच नायब तहसीलदार रमेश कुमार किसानों को एक अंग्रेजी शराब लाने के लिए कहते हैं। बाद में वे किसानों से ही अंग्रेजी शराब की कीमत भी पूछते हैं। इसी बीच किसान को शराब लेने के लिए बाहर भी भेज देते हैं। पूरे वीडियो में नायब तहसीलदार का चेहरा स्पष्ट दिखाई देता है साथ ही एक महिला किसान तहसीलदार के डायस की ओर जाती हुई दिखाई दे रही है। अब यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इसी शिकायत किसी ने उच्च अधिकारियों से नहीं की है।

चार दिन पहले हवलदार का वीडियो हुआ था वायरल

गौरतलब है कि चार दिन पहले चकरभाटा थाना क्षेत्र में पदस्थ एक हवलदार का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें हवलदार मारपीट के मामले में आरोपी को जमानत देने के लिए रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर यह वीडियो वायरल होते ही एसपी पारुल माथुर ने हवलदार को निलंबित कर जांच के आदेश दे दिए हैं।

Violence: एक सोशल मीडिया पोस्ट, पुलिस थाने पर पथराव, 12 जख्मी और 40 गिरफ्तार, जानें हुबली में देर रात कैसे मचा बवाल

न्यूज डेस्क।कर्नाटक (Karnataka) के धारवाड़ जिले के पुराने हुबली पुलिस स्टेशन (old Hubli police station) पर कल रात भीड़ में से पथराव (Stone Pelting) करने के बाद लगभग 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस बवाल में एक इंस्पेक्टर समेंत 12 पुलिस अधिकारी घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्के लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे। हिंसा के के कारण शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है।
एक जानकारी के मुताबिक हुबली-धारवाड़ के पुलिस कमिश्नर लाभ राम ने बताया कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ छह मामले दर्ज किए गए हैं। अब स्थिति नियंत्रण में है।
राम ने कहा कि एक शख्स ने सोशल मीडिया पर एक खास समुदाय को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक पोस्ट शेयर की। पोस्ट को लेकर दूसरे लोगों ने आपत्ति जताई और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। नतीजतन, पुलिस ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
हालांकि, उस व्यक्ति के खिलाफ की गई कार्रवाई से असंतुष्ट होकर आधी रात के करीब भारी भीड़ थाने के बाहर जमा हो गई और हंगामा किया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए सभी निवारक उपाय किए गए थे कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
अधिकारी की हालत गंभीर है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, “एक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल है। हमले में शामिल कुछ लोगों को पकड़ लिया गया है। यह एक पूर्व नियोजित हमला था।”

घटना पर टिप्पणी करते हुए, कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि हुबली में देर रात की घटनाओं ने उन्हें अंदर तक झकझोर कर रख दिया था।

उन्होंने ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, “शांति और सद्भाव को नष्ट करने के लिए बुरी ताकतों की ऐसे कोशिशें गंभीर चिंता का विषय हैं। राजनीतिक लाभ के लिए धर्म को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल करना गलत है।”

हाथ में जाम लिए इस महिला के साथ देर रात पार्टी करते राम गोपाल वर्मा का ऐसा वीडियो वायरल

न्यूज डेस्क। फिल्म मेकर राम गोपाल वर्मा (Ram Gopal Varma) का एक लेटेस्ट वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है जो कि काफी तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में राम गोपाल वर्मा के साथ जो महिला दिखाई दे रही है उसके हर तरफ चर्चे हो रहे हैं. कुछ ही दिनों पहले राम गोपाल वर्मा (Ram Gopla Varma Video) 60 साल के हुए हैं ऐसे में उन्होंने अपने करीबियों के साथ अपना 60वां जन्मदिन खूब धूमधाम से मनाया.

सेलिब्रेट किया बर्थडे
फिल्म मेकर ने हैरदाबाद के एक पब में अपनी मूवी की टीम के साथ बर्थडे सेलिब्रेट किया. जन्मदिन में कुछ टॉलीवुड सेलेब्स भी शामिल थे जैसे कि उनके पूर्व सहायक और निर्देशक पुरी जगंध और प्रोडक्शन पार्टनर चार्ममे कौर. बड़ा सा केक काटकर सभी ने राम गोपाल वर्मा का बर्थडे सेलिब्रेट किया.

एक हाथ में जाम का गिलास है तो दूसरी तरफ महिला
राम गोपाल वर्मा के वायरल वीडियो की बात करें तो वो इनमें एक्ट्रेस नैना गांगुली (Naina Ganguly) के साथ बेहद रंगीन अंदाज में दिखाई दे रहे हैं. जहां राम गोपाल वर्मा के एक हाथ में जाम का गिलास है तो वहीं दूसरी ओर नैना उन्हें किस करते और जन्मदिन की बधाई देती दिखाई दे रही हैं. एक्ट्रेस लाल साड़ी में बेहद हॉट लग रही हैं. ऐसे में उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है.

https://www.instagram.com/p/CcFN3AdBmUz/?utm_source=ig_embed&utm_campaign=embed_video_watch_again

राम गोपाल वर्मा की फिल्म
डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा (Ram Gopal Varma) अलग तरह की फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं. RGV की अलग ही फैन फॉलोइंग है और उनकी फिल्मों का फैन्स को इंतजार रहता है. भारत में पहली बार लेस्बियन लव स्टोरी पर बनी राम गोपाल वर्मा की मोस्ट कॉन्ट्रोवर्शियल फिल्म ‘खतरा: डेंजरस’ आखिरकार 8 अप्रैल 2022 को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है. बता दें कि नैना गांगुली रामगोपाल वर्मा (Naina Ganguly Ram Gopla Varma Video) की इसी फिल्म का हिस्सा रही हैं और वो उनके काफी क्लोज भी हैं.

KORBA: स्क्रेब लोड माजदा जब्त… अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप…

कोरबा। कबाड़ लोड एक माजदा को उरगा पुलिस ने जब्त किया है। पकड़े गए स्क्रेब को कीमत 60 हजार से बताई जा रही है। पुलिस के कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में एक बार हडकंप मच गया है।

बता दें कि पुलिस कप्तान के निर्देशानुसार अवैध डीजल कबाड़ पर कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में आज उरगा पुलिस ने चोरी के कबाड़ से माजदा को जब्त किया है। उरगा थाना प्रभारी राजेश जांगड़े के मुताबिक पेट्रोलिंग कर रहे पुलिस जवानों को खबरीलाल से सूचना मिला कि एक कबाड़ लोड वाहन कोरबा की ओर जा रहा है। सूचना के बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर पेट्रोलिंग टीम ने मड़वारानी के समीप कबाड़ लोड वाहन को पकड़ लिया। पकड़े गए वाहन माजदा क्रमांक सीजी 12 एस 3292 के चालक से स्क्रेब के दास्तवेजो की मांग करने पर दस्तावेक प्रस्तुत नहीं कर सका। पकड़े गए वाहन चालक शिवा कुमार उम्र 22 वर्ष हरदीबाजार का निवासी बताया है। वाहन से जब्त लोहा की कीमत 60 हजार आंका गया है। पकड़े गए आरोपी को थाना लाकर धारा 41( 1-4) की कार्यवाही की गई है। बहरहाल उरगा पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

शादी के मंडप से गायब हुआ दूल्हा, पुलिस ढूंढकर लाई, फिर दुल्हन ने किया ऐसा, हर कोई कर रहा तारीफ

न्यूज डेस्क।कन्नौज जिले के तालग्राम में सजी संवरी दुल्हन शनिवार की देर रात तक दूल्हे का इंतजार करती रही, लेकिन बारात निकासी से पूर्व ही दूल्हा गायब हो गया। शिकायत होने पर पुलिस ने दूल्हे को खोज निकाला। रविवार की सुबह दूल्हा बारात लेकर चलने लगा तो, इसकी जानकारी मिलते ही शादी के मंडप में बैठी दुल्हन ने दहेज लोभी दूल्हे से विवाह करने से इनकार कर दिया।
दुल्हन के शादी से इनकार करने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। इससे तैयार होकर आए बाराती जहां अपने घरों को लौट गए, वहीं दुल्हन के साहस की हर तरफ तारीफ हो रही है।

मामला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के चौखटा गांव का है। गांव के रविकांत की बारात शनिवार को इंदरगढ़ के चंदौवा गांव जानी थी। दहेज के पूरे रुपए नहीं मिले, इससे दूल्हा अचानक घर से लापता हो गया। बहन ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं, दुल्हन शिवानी के भाई अनुराग ने थाने में तहरीर दी।

इसके बाद पुलिस परिजनों की मदद से दूल्हे रविकांत को गुरसहायगंज स्टेशन से पकड़ कर थाने ले आई। दहेज कम मिलने को लेकर दूल्हा शादी से इनकार करता रहा, लेकिन पुलिस, बड़े भाई और पिता के दबाव में शादी को तैयार हो गया। सुबह बारात निकलने की तैयारी हो गई। इसी बीच शादी के लिए तैयार बैठी दुल्हन को पता चला कि उसकी शादी में कम रुपये मिलने से दूल्हा लापता हो गया था। बारात निकलती इससे पहले ही दुल्हन ने मंडप से दहेज़ लोभी दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया।

रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी
दुल्हन के शादी से इनकार करने के बाद लड़की पक्ष के लोग दहेज में दिए पांच लाख रुपए की मांग कर रहे है। वहीं, लड़के का बड़ा भाई तीन लाख वापस करने को कह रहा है। दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा है। थाना प्रभारी कमल भाटी का कहना है कि दोनों पक्षों ने रुपयों को लेकर दो दिन का समय समझौते के लिए मांगा है। अगर समझौता नही होता है, तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

ब्रेकिंग: भरे मैदान में दिल का दौरा पड़ने से इस क्रिकेटर का निधन, क्रिकेट जगत में शोक की लहर

नई दिल्ली। आईपीएल 2022 के आगाज होने के बीच क्रिकेट जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। खबर यह है कि जम्मू कश्मीर के पूर्व रणजी क्रिकेटर प्रणव महाजन का आज यानी रविवार को निधन हो गया।

बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से चंडीगढ़ के वैसाखी मैराथन ही दम तोड़ा। जानकारी के अनुसार उन्होंने अपनी दौड़ पूरी कर 40 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। उन्होंने पांच साल तक घरेलू क्रिकेट में जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मैराथन के आयोजक सुपर सिख रन ने कहा, ” “एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जम्मू के प्रणव महाजन को वैसाखी मैराथन में दौड़ने के एक घंटे बाद दिल का दौरा पड़ा और उनका निधन हो गया। हम स्तब्ध और दुखी हैं। इस कठिन समय में हमारी प्रार्थना उनके परिवार के साथ हैं। पुरस्कार वितरण और उसके बाद के सभी कार्य रद्द कर दिया गया है।”

2000 के दशक में राज्य के एक प्रमुख क्रिकेटर महाजन को ‘आरएस पुरा के शान’ के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने 2004 और 2009 के बीच पांच साल तक घरेलू क्रिकेट में जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व किया। बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज और बाएं हाथ के बल्लेबाज, महाजन ने 10 रणजी ट्रॉफी मैचों में 24 विकेट लिए।

महाजन ने अपने राज्य के लिए 6 लिस्ट-ए मैचों में 7 विकेट भी लिए थे। वह बाद में स्थानीय टी 20 टूर्नामेंट में खेलें और आईपीएल के सितारों अब्दुल समद जैसे खिलाड़ियों के साथ भी खेले हैं। हाल के वर्षों में महाजन ने मैराथन दौड़ और साइकिल चलाना शुरू किया था।

19 अप्रैल से, 15 राज्यों से जुटेंगे आदिवासी साहित्य और कला के जानकार, 3 दिन के समारोह में प्रदर्शनी-प्रतियोगिताएं भी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 19 अप्रैल से आयोजित होने वाले जनजातीय साहित्य राष्ट्रीय महोत्सव में 15 प्रदेशों के आदिवासी साहित्य, जीवन और कला के मर्मज्ञ जुटेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में इसका उद्घाटन करेंगे। इसमें राज्यपाल अनुसूईया उइके मुख्य अतिथि होंगी। महोत्सव का समापन 21 अप्रैल को होगा।

अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने रविवार को जनजातीय साहित्य महोत्सव की जानकारी देते हुए बताया, समारोह का मुख्य उद्देश्य देशभर में पारम्परिक एवं समकालीन साहित्य से परिचय तथा आधुनिक संदर्भ में उनके विकास की स्थिति ज्ञात करना है। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य में जनजातीय साहित्य के क्षेत्र में कार्य कर रहे शोधार्थियों, साहित्यकारों, रचनाकारों को मंच प्रदान कर जनजातीय साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करना है। 19 अप्रैल की सुबह 10 बजे इसका उद्घाटन होगा। इसके बाद पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति डॉ. केशरी लाल वर्मा के आधारभूत व्याख्यान से चर्चा की शुरुआत होगी।

अब तक मिले 80 शोधपत्र

मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने बताया, महोत्सव के लिए विभिन्न राज्यों से जनजातीय विषयों पर लिखने वाले साहित्यकारों, शोधार्थियों और विश्वविद्यालय के विद्वानों को आमंत्रित किया गया था। अब तक उन विषयों पर 80 शोधपत्र मिल चुके हैं। वहीं देश भर से 28 प्रोफेसरों और साहित्यकारों ने आने की सहमति दी है। छत्तीसगढ़ के भी 100 से अधिक साहित्यकार और विद्वान इस महोत्सव में शामिल होने आ रहे हैं। इस महोत्सव में झारखंड, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, मेघालय, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा, राजस्थान, दिल्ली और असम के साहित्यकार शामिल होने आ रहे हैं। मंत्री प्रेमसाय सिंह ने बताया, यह अपनी तरह का पहला आयोजन है। इसका आयोजन छत्तीसगढ़ का आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय मिलकर कर रहे हैं।

महोत्सव में कला की प्रतियोगिता भी होगी

साहित्य महोत्सव के अंतर्गत कला एवं चित्रकला प्रतियोगिता तीन आयु वर्गांे में चित्रकला प्रतियोगिता के लिए राज्यभर के प्रविष्टियां आमंत्रित हो गई हैं। अब तक तीनों आयु वर्गो में 100 प्रविष्टियां प्राप्त हो गई हैं। इसके अतिरिक्त हस्तकला के अंतर्गत माटी, बांस, बेलमेटल, लकड़ी की कलाकृतियों का प्रदर्शन भी होना है। अच्छा प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

नाटक और नृत्य प्रस्तुतियों से मोहक होगी शाम

महोत्सव में छत्तीसगढ़ के विभिन्न नृत्य विधाओं का प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें विभिन्न जनजातीय क्षेत्रों में किए जाने वाले जनजातीय नृत्य शैला, सरहुल, करमा, सोन्दो, कुडुक, डुंडा, दशहरा करमा, विवाह नृत्य, मड़ई नृत्य, गवरसिंह, गेड़ी, करसाड़, मांदरी, डण्डार आदि नृत्यों का प्रदर्शन शमिल है। इसके अलावा शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और जनजातीय जीवन पर आधारित नाटक भी खेले जाएंगे। प्रदर्शन तीनों दिन शाम को किया जाना है।

जनजातीय विषयों पर पुस्तकों का खजाना मिलेगा

मंत्री ने बताया, महोत्सव में पुस्तक मेला भी होना है। इसमें देश के 11 प्रतिष्ठित प्रकाशकों को आमंत्रित किया गया है। इन प्रकाशकों में नेशनल बुक ट्रस्ट, वाणी प्रकाशन-ज्ञानपीठ, राजकमल प्रकाशन, सत्यम पब्लिशिंग, कौशल पब्लिशिंग हाउस, सरस्वती बुक प्रकाशन, फारवर्ड प्रेस, कावेरी बुक सर्विस, वैभव प्रकाशन, हिंदी ग्रंथ अकादमी और गोंडवाना साहित्य का नाम शामिल है। पुस्तक स्टालों के लिए ऑडिटोरियम की आंतरिक परिसर की गैलरी में व्यवस्था की गई है।

होशियार…डायरिया के रूप में फिर आ रहा कोरोना, दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों को लेकर अलर्ट जारी

नई दिल्ली/आगरा। (Corona symptoms coming again in the form of diarrhea)चीन सहित कई एशियाई देशों में कोरोना अभी भी तबाही मचा रहा है। भारत में भी अभी कोरोना खत्म नहीं हुआ है। दिल्ली आसपास तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है। अब कोरोना डायरिया के रूप में फिर सामने आ रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने आगरा में फिर से कोरोना संक्रमण बढ़ने की आशंका जताई है। सीएमओ का कहना है कि 15 से 30 अप्रैल तक संक्रमण फिर से बढ़ सकता है। इस बार बच्चे और किशोर प्रभावित हो सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र सहित पांच राज्यों से आ रहे यात्रियों को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। इस बार डायरिया के रूप में कोरोना असर दिखा सकता है।

ताजनगरी में सामने आया मामला

ताजनगरी में करीब 15 दिन बाद शुक्रवार को एक नया मरीज मिला है। ताजनगरी निवासी महिला नोएडा में संक्रमित मिली है। वहीं, उसका इलाज हो रहा है। शनिवार तक जिले में दो कोरोना सक्रिय मरीज हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार कोरोना और लू के लक्षण एक जैसे हो सकते हैं। उल्टी, दस्त और सिर चकराना। डायरिया के रूप में कोरोना हो सकता है।

15 से 30 अप्रैल में फिर बढ़ सकता है कोरोना

उन्होंने कहा कि ऐसे लक्षण वाले व्यक्ति अपनी कोरोना जांच अवश्य कराएं ताकि परिवार के अन्य लोग संक्रमित न हों। उन्होंने बताया कि आगामी 15 दिनों में यानी 30 अप्रैल तक कोरोना संक्रमण फिर आगरा में रफ्तार पकड़ सकता है। उन्होंने लोगों से मास्क पहनने, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने और सैनिटाइजर के प्रयोग की सलाह दी है।
18 साल से कम उम्र के किशोर प्रभावित

गाजियाबाद व नोएडा नए हॉटस्पॉट

यूपी में गाजियाबाद और नोएडा कोरोना के नए हॉट स्पॉट बन कर उभरे हैं। इन जिलों से आगरा में लोगों की बेरोकटोक आवाजाही है। अधिकतर लोग निजी वाहनों से आते हैं। इनकी जांच व स्क्रीनिंग नहीं हो पा रही। सीएमओ ने बताया कि रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर स्क्रीनिंग की जा रही है, परंतु सड़क मार्ग से आने वालों की स्क्रीनिंग नहीं होने से खतरा बढ़ने की आशंका है।

भारत बनाएगा अब अपना बैटरी पावर बैंक, इमरजेंसी में मिल सकेगी बिजली, जानिए क्या है योजना

नई दिल्ली। बिजली की बढ़ती खपत से निपटने के लिए भारत अपनी तरह का पहला स्टैंडअलोन अक्षय बैटरी पावर बैंक (Renewable Battery Power Bank) स्थापित कर रहा है। इससे अधिकतम मांग आ जाने पर डिस्कॉम और ग्रिड ऑपरेटर्स को हरित ऊर्जा (Green Energy ) उपलब्ध करायी जा सकेगी। इस पावर बैंक के लिए 2,000 करोड़ रुपए के निवेश की परिकल्पना की गई है।

हालांकि, बैटरी निर्माण के लिए जरूरी लिथियम की कीमतों में बढ़ोतरी और रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia Ukraine War) के कारण आपूर्ति श्रृंखला में बाधा इसमें कुछ व्यवधान डाल सकती हैं।

भारत की सौर और पवन ऊर्जा योजनाओं को लागू करने वाली सरकारी संस्था सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (SECI) द्वारा जारी निविदा के अनुसार, परियोजना में दो घंटे के लिए 500MW या 1000MWh (मेगा वाट घंटा) की आपूर्ति करने की भंडारण क्षमता होगी। अक्षय ऊर्जा मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

भंडारण क्षमता को किराए पर ले सकती है डिस्कॉम

डिस्कॉम्स इस भंडारण क्षमता को किराए पर ले सकती हैं, जिसे अक्षय ऊर्जा का उपयोग करके चार्ज किया जाएगा। इस भंडारण क्षमता का उपयोग अत्यधिक मांग के समय बिजली प्राप्त करने के लिए किया जाएगा। यह परियोजना राजस्थान में अंतरराज्यीय पारेषण प्रणाली के फतेहगढ़-III सबस्टेशन के आसपास स्थित होनी है। परियोजना को बिल्ड-ऑन-ऑपरेट के आधार पर स्थापित किया जाएगा, जिसमें डेवलपर कनेक्टिविटी और आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के लिए जिम्मेदार होगा।

योजना के अनुसार सेंट्रल ट्रांसमिशन यूटिलिटी द्वारा उपयोग के अधिकार के आधार पर भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। डेवलपर को प्रतिदिन दो परिचालन चक्रों के लिए या एक दिन में दो पूर्ण चार्ज-डिस्चार्ज चक्रों के लिए भंडारण क्षमता उपलब्ध करानी होती है। SECI थर्ड-पार्टी लीजिंग के लिए 60% क्षमता रखेगा। जबकि 30 फीसद उत्तरी और राष्ट्रीय ग्रिड ऑपरेटरों द्वारा उनकी सहायक सेवाओं के लिए निर्धारित की जाएगी।

4,000MWh बैटरी भंडारण क्षमता का लक्ष्य

सरकार ने राष्ट्रीय ग्रिड में अक्षय ऊर्जा की पैठ बढ़ाने की योजना के तहत 4,000MWh बैटरी भंडारण क्षमता का लक्ष्य रखा है। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण की रिपोर्ट में 2029-30 तक 27,000MW, या 108,000MWh- अनिवार्य रूप से चार घंटे के भंडारण की बैटरी भंडारण क्षमता की परिकल्पना की गई है। हालांकि, लिथियम की कीमतों में 500% की वृद्धि ने बैटरी को महंगा बना दिया है और इस परियोजना में भी यह एक बड़ा खर्च होगा।

KORBA: तुमान में लगी SP की जन चौपाल…मौके पर ही हुआ समस्याओं का निपटारा…

कोरबा। जिले में चलाए जा रहे ” तुंहर पुलिस तुंहर द्वार” योजना के अंतर्गत शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए रविवार को थाना उरगा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तुमान में जन चौपाल का आयोजन किया गया, जन चौपाल में एसपी भोजराम पटेल खुद उपस्थित रहे।

जन चौपाल में उपस्थित जनमानस को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के मंशा अनुरूप हर व्यक्ति तक सुलभ न्याय उपलब्ध कराने एवं जिले में कानून का शासन स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में एक नया प्रयोग करते हुए “तुंहर पुलिस तुंहर द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस कर्मियों को गांवों में भेजकर शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया जा रहा है। गांव में शांति व्यवस्था स्थापित करने एवम अंतिम व्यक्ति तक पुलिस की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए गांव में जन चौपाल एवं चलित थाना के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है।

0.मौके पर ही हुआ समस्याओं का निराकरण


जन चौपाल में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने 05 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया एवं जन चौपाल में उपस्थित पुरुषों को शाल, महिलाओं को साड़ी वितरित किया गया। साथ ही यातायात के प्रति जागरूक करने के लिए हेलमेट वितरण किया गया।


इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा योगेश साहू, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े सहित पुलिस एवं मीडिया कर्मी के साथ जनप्रतिनिधि एवम नागरिक गण उपस्थित थे।