Home Blog Page 2651

श्रीलंका के खिलाफ भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत,पारी और 222 रन से जीता, जडेजा ने मैच में लिए 9 विकेट

मोहाली। रवींद्र जडेजा के ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत भारत ने मोहाली में खेले गए पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका को पारी और 222 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही भारतीय टीम ने दो टेस्ट मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

फॉलोऑन खेलने को मजबूर हुई श्रीलंका की टीम दूसरी पारी में 178 रन पर ढेर हो गई। भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 574/8 (घोषित) का स्कोर बनाया था। जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 174 रन पर सिमट गई थी।

जडेजा ने इस टेस्ट मैच में 175 रन की नाबाद पारी खेलने के अलावा श्रीलंका की पहली पारी में 5 और दूसरी पारी में 4 विकेट लिए। रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट में 7 विकेट लिए। वे अब कपिल देव को पीछे छोड़कर भारत की ओर से टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। दूसरा टेस्ट मैच 12 मार्च से बेंगलुरु में खेला जाएगा।

यह टीम इंडिया की टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले भारत ने 2017 में नागपुर टेस्ट में श्रीलंका को पारी और 239 रन से हराया था।

बस से पांच करोड़ रुपए का सोना-चांदी लेकर कर रहा था सफर, चेक पोस्ट में ऐसे पकड़ाया

अमरावती। आंध्र प्रदेश पुलिस ने रविवार तड़के एक बस से यात्रा कर रहे पांच यात्रियों के पास से पांच करोड़ रुपए मूल्य का सोना, चांदी और नकद रुपए बरामद किए।
विशेष प्रवर्तन ब्यूरो (एसईबी) के कर्मियों ने कुरनूल जिले में एक बस की जांच के दौरान तमिलनाडु के रहने वाले यात्रियों के पास से 8.250 किलोग्राम सोना, 28.5 किलोग्राम चांदी और नकदी बरामद की। बस हैदराबाद से कोयंबटूर जा रही थी।

एसईबी के मुताबिक उनके पास से 3.96 करोड़ रुपए कीमत का 8.250 किलो सोना, 18.52 लाख रुपए कीमत का 28.5 किलो चांदी और 90 लाख रुपए नकद बरामद किया गया है।

यात्रियों ने अपनी सीटों के नीचे नकदी और अंदर के कपड़ों में सोना छिपाया था। चूंकि वे कीमती सामान के लिए जीएसटी, ई-वे बिल और यात्रा वाउचर नहीं दिखा सके, इसलिए पुलिस ने सामान जब्त कर लिया।

पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए पांच लोगों की पहचान देवराजू, सेल्वाराजू, कुमारा वेलु, मुरुगेसन और वेंकटेश के रूप में हुई है। एसईबी ने हिरासत में लिए गए लोगों और जब्त किए गए कीमती सामानों को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रियंका गांधी करेंगी पैदल मार्च, ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ नारे को देंगी बढ़ावा

नई दिल्ली। नारी शक्ति की बदौलत उत्तर प्रदेश में राजनीति की तस्वीर बदलने की कोशिश करने में लगी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ में पैदल मार्च करेंगी।

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि, लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ की हुँकार पूरे देश में उद्घोष बनकर गूंज रही है। 8 मार्च को महिला दिवस पर लखनऊ लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ मार्च के जरिए इतिहास रचने जा रहा है। सुरजेवाला ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि, आप भी इस मार्च में प्रियंका गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर इतिहास का हिस्सा बनिए।

बता दें ​कि उत्तरप्रदेश में कांग्रेस महिलाओं और युवाओं के मुद्दे को भुनाने में लगी हुई है। चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने महिला उम्मीदवारों को 40 प्रतिशत टिकट देने की घोषणा की थी। कांग्रेस के अनुसार, इस अभियान में पूरे देश से कांग्रेस पार्टी की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि शामिल होंगी।

बेगम हजरत महल चौराहे से होगी शुरुआत

सुबह 10 बजे से शुरू होने वाला यह मार्च बेगम हजरत महल चौराहे से ऊदा देवी चौराहे तक वहां से होते हुए जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के पास खत्म होगा। वहीं इस मार्च में डॉक्टर्स, सेविकाओं, शिक्षिकाओं के साथ खेल और सिने जगत से जुड़ी महिलाओं के अलावा कांग्रेस की महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगी।

इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी ने पूरी रूप रेखा तैयार कर ली है। प्रदेश कांग्रेस प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए अपनी पूरी ताकत झोंकने में लगी हुई हैं। पार्टी दावा कर रही है कि ये कार्यक्रम में भारी तादाद में महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद लगाए जा रही है।

फैशन सलाहकार प्रसाद बिदापा का बेटा एडम गिरफ्तार, अभिनेत्री को भेजा था अश्लील संदेश

मुंबई। कोरियोग्राफर और फैशन सलाहकार प्रसाद बिदापा (Prasad Bidapa) के बेटे एडम बिदापा (Adam Bidapa) को एक फिल्म अभिनेत्री को अश्लील संदेश भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि एडम ने 25 फरवरी की रात को संदेश भेजे थे। उन्होंने यह भी बताया कि अभिनेत्री ने बातचीत का विवरण पुलिस को प्रस्तुत किया, जिसमें एडम पर उनका उत्पीड़न करने का आरोप लगाया गया है। अभिनेत्री को दो साल पहले मादक पदार्थों का इस्तेमाल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

यात्रीगण कृपया ध्यान दें:नागपुर,गोंदिया रूट पर 7 से 13 मार्च तक 10 ट्रेनें निरस्त,चेक कर लें शेड्यूल

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर रेल मंडल के राजनांदगांव और कलमना के बीच तुमसर रोड रेलवे स्टेशन में तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए नॉन इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा। इसके चलते 7 से 13 मार्च तक इस रूट में चलने वाली लोकल पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

रेलवे के अफसरों ने बताया कि नागपुर रेल मंडल के तुमसर रोड रेलवे स्टेशन को तीसरी लाइन से जोड़ने नॉन इंटरलॉकिंग का काम 6 से 09 मार्च तक चलेगा। काम होने के बाद सभी गाड़ियां समय पर चलेंगी। रेल प्रशासन ने विकास कार्यों में आम जनता से सहयोग की अपेक्षा के साथ यात्रा बाधित होने के लिए खेद जताया है।

रद्द होने वाली ट्रेनें

7 से 13 मार्च तक दुर्ग से चलने वाली 08741 दुर्ग-गोंदिया मेमू स्पेशल ट्रेन रद्द रहेगी।
7 से 13 मार्च तक गोंदिया से चलने वाली 08743 गोंदिया-ईतवारी मेमू स्पेशल ट्रेन रद्द रहेगी।
7 से 13 मार्च तक ईतवारी से चलने वाली 08744 ईतवारी-गोंदिया मेमू स्पेशल ट्रेन रद्द रहेगी।
7 से 13 मार्च तक गोंदिया से चलने वाली 08742 गोंदिया-दुर्ग मेमू स्पेशल ट्रेन रद्द रहेगी।
9 से 12 मार्च तक तुमसर रोड से चलने वाली 07811 तुमसर रोड-तिरोडी डेमू स्पेशल ट्रेन रद्द रहेगी।
9 से 12 मार्च तक तिरोड़ी से चलने वाली 07812 तिरोडी-तुमसर रोड डेमू स्पेशल ट्रेन रद्द रहेगी।
8 से 12 मार्च तक बिलासपुर से चलने वाली 12855 बिलासपुर-इतवारी इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन रद्द रहेगी।
8 से 12 मार्च तक इतवारी से चलने वाली 12856 इतवारी-बिलासपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन रद्द रहेगी।
8 से 12 मार्च तक इतवारी से चलने वाली 18240 इतवारी-बिलासपुर एक्सप्रेस ट्रेन रद्द रहेगी
8 से 11 मार्च, 2022 तक गेवरा रोड से चलने वाली 18239 गेवरा रोड-इतवारी एक्सप्रेस ट्रेन रद्द रहेगी।

कवर्धा छत्तीसगढ़ से लखनऊ जा रही बस पलटी, 3 यात्रियों की मौत, 30 घायल

कवर्धा/शहडोल। कवर्धा छत्तीसगढ़ से शहडोल होकर लखनऊ जाने वाली भोरमदेव ट्रेवल्स की बस सिंहपुर थाना क्षेत्र के पथखई घाट में पलट गई। बस में सवार 3 यात्रियों की घटनास्थल पर मौत हो गई है, जिसमें एक 12 साल की बालिका भी शामिल है।

दो मृतकों की पहचान हो गई है, जिसमें 12 साल की महिमा कश्यप निवासी कवर्धा छत्तीसगढ़ और 26 वर्षीय नाविर खान निवासी तेंदुआ नगरिया थाना बंडा शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश है। 30 यात्री घायल है, जिसमें 5 गंभीर घायल हैं। सभी घायलों को रात में ही पुलिस की मदद से जिला अस्पताल एवं मेडिकल कालेज मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।

घटना रात लगभग 12.00 बजे की है । सिंहपुर थाना प्रभारी रामेश्वर उसके ने बताया की बस क्रमांक सीजी 09 जेएम 6758 कवर्धा से लखनऊ जा रही थी। रास्ते में पद खाई घाट में अनियंत्रित होकर पलट गई गई है जिसमें 3 यात्रियों की मौत हो गई और कई घायल हुए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। सभी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पहली प्राथमिकता उपचार थी अब दोपहर तक सब की पहचान कर ली जाएगी।

घटना के बाद चालक फरार हो गया है। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। अधिकांश यात्री कवर्धा से लखनऊ मजदूरी करने जा रहे थे। 5 यात्री शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश के थे जो कवर्धा से अपने घर जा रहे थे। यह कवर्धा गन्ना की कटाई करने गए थे।

गंगा : 2200 भारतीयों को लेकर आज स्वदेश लौटेंगी 11 उड़ानें,  स्लोवाकिया से 154 भारतीयों को लेकर लौटी फ्लाइट

नई दिल्ली। यूक्रेन के विभिन्न शहरों में फंसे भारतीयों को पड़ोसी देशों रोमानिया, हंगरी, स्लोवाकिया और पोलैंड के जरिये निकाला जा रहा है। यूक्रेन के पड़ोसी मुल्कों से 2,200 से अधिक भारतीयों को लेकर 11 उड़ानें रविवार को स्वदेश लौटेंगी।

रविवार को आने वाली उड़ानों में से एक विशेष उड़ान यूक्रेन में फंसे 154 भारतीय नागरिकों को स्लोवाकिया के कोसिसे से लेकर रविवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंची। वहीं एक अन्य विशेष विमान हंगरी के बुडापेस्ट से 183 भारतीय नगारिकों को लेकर सुबह करीब 6.30 बजे दिल्ली पहुंचा।

यूक्रेन के विभिन्न शहरों में फंसे भारतीयों को पड़ोसी देशों रोमानिया, हंगरी, स्लोवाकिया और पोलैंड के जरिये निकाला जा रहा है। मंत्रालय ने कहा कि शनिवार को हंगरी के बुडापेस्ट से पांच, रोमानिया के सुसेआवा से चार, स्लोवाकिया के कोसिके से एक और पोलैंड के रजेजॉ से दो विमानों ने उड़ान भरी। रूस के साथ जारी युद्ध के चलते यूक्रेन का हवाई क्षेत्र 24 फरवरी से ही बंद है।

वायुसेना ने पहुंचाई 26 टन राहत सामग्री

ऑपरेशन गंगा के तहत वायुसेना के सी-17 सैन्य परिवहन विमानों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है जबकि एअर इंडिया, इंडिगो, विस्तारा और स्पाइसजेट भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
ऑपरेशन गंगा के तहत अब तक वायुसेना की 10 विशेष उड़ानों के जरिये 2,056 भारतीयों को लाया जा चुका है। यूक्रेन के पड़ोसी देशों को 26 टन राहत सामग्री भी पहुंचाई गई है।

पत्नियां बोलीं: अभी हम जिंदा हैं…दरोगा का मोबाइल तोड़ा और फाड़ डाली वर्दी, थाने में मचा बवाल

नई दिल्ली ।शांतिभंग करने के आरोप में पकड़े गए शख्स को छुड़ाने एक नहीं उसकी दो पत्नियां थाने पहुंच गई। फिर क्या था, एक ने दरोगा का गिरेबान पकड़ा तो दूसरी ने उनका मोबाइल पटककर चकनाचूर कर दिया। दोनों ने पति को छुड़ाने के लिए थाने में खूब बवाल काटा। महिलाओं ने कहा कि अभी हम जिंदा हैं, सुहाग को जेल नहीं जाने देंगी। दोनों ने थाने में जमकर हंगामा किया। किसी तरह उन्हें काबू किया गया। उनके खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी पर हमला करने का मामला दर्ज कर लिया गया। पूरा वाकया साउथ रोहिणी थाने का है। अब पति के अलावा उसकी दोनों पत्नियों भी हवालात में हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश बरवा और उसकी पत्नियां अल्का और हेमलता के रूप में हुई है। महेश सेक्टर तीन रोहिणी में रहता है। महेश ने कुछ दिन पहले एक शख्स के खिलाफ थाने में शिकायत दी थी।
शुक्रवार को पुलिस मामले की छानबीन करने के लिए महेश को थाने में बुलाया था। जांच अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे थे। इस दौरान महेश मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। जांच अधिकारी ने उसे ऐसा करने से मना किया तो महेश थाने में हंगामा करने लगा।
काफी समझाने बुझाने पर वह शांत नहीं हुआ। तब पुलिस ने उसे शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इस बात की जानकारी मिलते ही महेश की एक नहीं, दो पत्नियां थाने पहुंच गई। उस समय पुलिसकर्मी महेश को हवालात ले जा रहे थे।
यह देखकर दोनों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। हेमलता ने पुलिसकर्मी का गला पकड़ लिया और उसकी वर्दी फाड़ दी। महिलाओं को हंगामा करते देख उपनिरीक्षक अरुण अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगे।
इसको देखकर अल्का बेकाबू हो गई और अरुण से मोबाइल छीनकर उसे जमीन पर पटककर तोड़ दिया। उसके बाद दोनों महिलाएं पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने लगी। महिला पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को काबू में किया। पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हेमलता महेश की पहली पत्नी है। दो साल पहले अल्का ने उसपर दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। महेश ने अल्का से शादी कर मामले को रफा दफा कर लिया। दोनों पत्नियां अलग-अलग जगहों पर रहती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

100 करोड़ के क्लब में शामिल हुई आलिया की फिल्म गंगूबाई, जानें वर्ल्ड वाइड कलेक्शन

मुंबई। 25 फरवरी को सिनेमा के पर्दे पर रिलीज हुई आलिया भट्ट की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी को 8 दिन हो चुके हैं। लेकिन, फिल्म का जादू अभी तक लोगों के बीच चल रहा है। दर्शकों के साथ क्रिटिक्स की तरफ से भी जमकर तारीफ मिल रही है। आलिया की ये फिल्म अब 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो गई है। भंसाली प्रोडक्शन की तरफ से किये गए ट्वीट में फिल्म का एक पोस्टर शेयर कर ये जानकारी दी गई है कि फिल्म ने वर्ल्ड वाइड 108.3 करोड़ रुपये की कमाई की है।

आलिया भट्ट ने भी इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि हीरोइन बनने आई थी गंगू, पूरा सिनेमा बन गई। बता दें कि इस फिल्म आलिया भट्ट, शांतनु माहेश्वरी, अजय देवगन, सीमा पाहवा और विजय राज हैं। कोरोना महामारी के बाद फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर में से एक बनकर उभरी है।

बता दें कि गंगूबाई काठियावाड़ी ने फिल्म के रिलीज होने वाले पहले और दूसरे दिन क्रमश: 10.50 करोड़ रुपए और 13.32 करोड़ रुपए की कमाई की थी। इसके बाद तीसरे दिन यह बढ़कर 15.30 करोड़ रुपए हो गई, जबकि चौथे दिन की कमाई में कुछ गिरावट देखने को मिली। फिल्म ने चौथे दिन 8.19 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। बुधवार को फिल्म में थोड़ी और गिरावट देखने को मिली और इसने 6.21 करोड़ रुपए की कमाई की। हालांकि, वर्ल्ड वाइड फिल्म कमाल कर रही है. अब तक 108 करोड़ से ऊपर की कमाई करके फिल्म 100 करोड़ी क्लब में शामिल हो गई है।

नहीं माने नवा रायपुर के किसान,NRDA भवन के सामने क्रमिक भूख हड़ताल जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी के नवा रायपुर में पिछले दो महीनों से आंदोलन कर रहे अधिग्रहण प्रभावित किसान सरकार के प्रस्ताव पर नहीं माने। अब किसानों ने आंदोलन को और तेज करने का फैसला कर लिया है। इसके तहत NRDA भवन के सामने आंदोलन के मंच पर क्रमिक भूख हड़ताल की घोषणा हुई है। पहले दिन 10 किसान उपवास पर बैठे।

आंदोलन स्थल पर नेताओं ने कहा, सरकार ने कहा है कि वे उनकी छह मांगे मान रहे हैं। लेकिन ऐसा नहीं है। उनकी तीन मांगे आंशिक रूप से मानी गई हैं। ऐसे में यह आंदोलन स्थगित नहीं होगा। आंदोलन को तेज करने के लिए अब से क्रमिक भूख हड़ताल होगी।

पहले दिन राखी गांव के कन्हैयालाल सिन्हा, कोटराभाठा के खोरबाहरा बांदे, सगुन चेलक, तूता के प्रभु बैस, झगरू पाल, पलौद के सीताराम तिवारी, उपरवारा के विष्णु साहू और खोरबाहरा पटेल, रिको के दुकालू राम सिन्हा और गणेश यादव उपवास पर बैठे। शाम को पानी पिलाकर इनका उपवास खुलवाया गया। रविवार को 10 और लाेग उपवास पर बैठने की तैयारी कर रहे हैं।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे नई राजधानी प्रभावित किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष रूपन चंद्राकर ने बताया, मांगे मानी जाने तक आंदोलन जारी रखने का फैसला हुआ है। सभी ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से सरकार का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। चुनाव के बाद राकेश टिकैत और दूसरे राष्ट्रीय स्तर के नेता भी यहां पहुंच रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी पहुंच रहे हैं।