कोरबा। जनसंपर्क विभाग ने बड़े पैमाने पर अफसरों के तबादले किए हैं। विभाग ने ज्वाइंट डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर, असिस्टेंट डायरेक्टर लेवल के अधिकारियों के ट्रांसफर और प्रमोशन के बाद पोस्टिंग आर्डर जारी किया है। इसके अनुसार मंत्रालय की जिम्मेदारी देख रहे जनसंपर्क विभाग के दोनों अधिकारियों सुदेश तिवारी और अटल बिहारी काशी का तबादला कर दिया गया है।
बता दें कि कोरबा में पदस्थ जनसंपर्क अधिकारी जितेंद्र नागेश को रायपुर में पदस्थ किया गया है । उनके स्थान पर पंकज गुप्ता को कोरबा में पदस्थ किया गया है। इसी तरह सुदेश तिवारी को बिलासपुर भेजा गया है। वहीं अटल बिहारी काशी को कवर्धा की कमान सौंपी गई है तो संयुक्त संचालक संजीव तिवारी को जनसंपर्क संचालनालय से ट्रांसफर कर जगदलपुर भेजा गया है।
कोरबा। अवैध रेत उत्खनन के मामले में पकड़े जाने पर कोतवाली थाने में मिट्टी तेल डालकर आग लगाने का ड्राम करने वाले आरोपी कादिर खान को पुलिस ने जेल दाखिल कर दिया है।
बता दें कि बीते दिन 25 जनवरी को तहसीलदार कोरबा द्वारा अवैध रेत उत्खनन कर परिवहन कर रहे ट्रैक्टरों को जब्त किया गया था। जिसके बाद वाहन मालिक कादिर खाने ने कोतवाली थाने में जमकर हंगामा मचाया था। आरोपी थाना के अंदर मिट्टी तेल डालकर आग लगाने की धमकी दे रहा था। उसका कहना था कि उसके वाहन की जब्ती कर जबरन थाने में लाया गया है।
थाना में हंगामा करने की जानकारी मिलने पर एसपी भोजराम पटेल ने मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे। एसपी के निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी कादिर खान के विरुद्ध शांति भंग करने के आरोप में धारा 151 के अंतर्गत गिरफ्तार कर सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा मामले को गम्भीर मानते हुए कादिर खान को जेल भेजा दिया है।
आरोपी के खिलाफ तहसीलदार ने शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा आत्महत्या करने की धमकी देकर मामले की जांच को प्रभावित करने की शिकायत थाने में की गई है। तहसीलदार की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफधारा -186,353, 285 भादवि के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
कोरबा। गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर जिले के चार होनहार अफसरों का प्रमोशन हुआ है। एसआई से टीआई बने चार पुलिस अधिकारियों के कंधे में स्टार सजाकर एसपी ने बधाई दी हैं। उन्होंने कहा कि खाकी वही जो अपने काम के बल पर पब्लिक के दिलो में राज करे।
बता दें कि पुलिस मुख्यालय द्वारा उप निरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नति हेतु योग्यता सूची जारी की गई थी ।जिसमे कोरबा जिले में पदस्थ 04 उप निरीक्षकों का नाम भी शामिल था ,योग्यता सूची में आए सभी अधिकारियों को निरीक्षक के पद पर पदोन्नति के सम्बंध में गणतंत्र दिवस की संध्या आदेश जारी किया गया है । इस आदेश के पालन में आज पुलिस अधीक्षक कोरबा भोजराम पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा पदोन्नत उप निरीक्षकों के कंधे पर स्टार लगा कर निरीक्षक के पद पर पदोन्नति प्रदान कर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई । इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय शेर बहादुर प्रदीप येरेवार , नगर पुलिस अधीक्षक योगेश साहू , स्थापना लिपिक बंधन राम सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे ।
कोरबा। जिले के कैप्टन कूल हर उत्सव को यादगार बनाने नवाचार करते रहे है। इस कड़ी में आज गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर एसपी भोज राम पटेल के निर्देश पर सभी थाना चौकियों में पुलिस के सहयोगियों का मान रखा गया और उन्हे शाल श्रीफल देकर सम्मान किया गया ।
बता दें कि पुलिस अधीक्षक कोरबा भोज राम पटेल सामुदायिक पुलिसिंग के क्षेत्र में लगातार नया इतिहास गढ़ रहे है । इसी कड़ी में आज पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना चौकी प्रभारियों को निर्देशित कर गणतंत्र दिवस के अवसर पर झंडारोहण क्षेत्र के गणमान्य नागरिक या जनप्रतिनिधियों कराने और इस पावन पर्व पर पुलिस के सहयोगी एवं समाजसेवियों का सम्मान किया करने की निर्देश जारी किया था।
एसपी के निर्देश का पालन करते हुए गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी थाना चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना का झंडारोहण गणमान्य नागरिकों से कराया गया साथ ही पुलिस सहयोगी एवम समाजसेवी महिला पुरुषों को थाना /चौकी में बुलाकर शाल एवं श्रीफल से सम्मानित किया गया ।पूरे जिले में पुरुष एवम महिला सहित कुल 88 संगी संगिनियों का सम्मान किया गया।
लद्दाख। आज भारत अपना 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस बीच पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है लेकिन यह हमारे देश के जवानों का हौसला नहीं तोड़ सकी है। लद्दाख की बर्फीली पहाड़ियों पर इंडो-तिबतन बॉर्डर पुलिस(आईटीबीपी) माइनस 40 डिग्री में भी मुस्तैद है। आईटीबीपी के जवानों ने 15 हजार फीट की ऊंचाई और माइनस 35 डिग्री तापमान में लद्दाख में तिरंगा लहराया।
आईटीबीपी के 18 जवान पुलिस पदक से सम्मानित
भारत-चीन सीमा पर तैनात इंडो-तिब्बतन सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के 18 जवान शौर्य व पराक्रम के लिए गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पुरस्कृत किए गए। इनमें से तीन जवानों को पीएमजी, विशिष्ट सेवा के लिए तीन जवान को राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए 12 जवान पुलिस पदक पुरस्कार से सम्मानित हुए।
असिस्टेंट कमांडेंट अशोक कुमार, इंस्पेक्टर सुरेश लाल और नीला सिंह की टीम को पीएमजी पुरस्कार प्रदान किया गया। इन्होंने 2018 में छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव जिले में नक्सलियों के हमले को रोका था। साथ ही बड़ी मात्रा में हथियारों को बरामद किया था। वहीं डिप्टी इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह, डीआईजी रमाकांत शर्मा और जीसी उपाध्याय को विशिष्ट सेवा के लिए पुरस्कृत किया गया।
रायपुर। राज्यपाल अनुसुईया उइके ने 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज सुबह राजभवन में ध्वजारोहण किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया।
राज्यपाल ने इस अवसर पर राजभवन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने राजभवन के कर्मचारियों के बच्चों से बड़ी आत्मीयता से मुलाकात की और उन्हें टॉफी-मिठाई वितरित की। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव अमृत कुमार खलखो, राज्यपाल के उपसचिव दीपक अग्रवाल सहित राजभवन सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा उनके परिवार के सदस्यगण उपस्थित थे।
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद को पद्म भूषण दिए जाने के ऐलान के बाद कांग्रेस नेता और पूर्व कानून मंत्री कपिल सिब्बल ने बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधा है। सिब्बल ने बधाई देते हुए कहा कि लगता है कांग्रेस को उनकी जरूरत नहीं है।
दरअसल, अपने एक ट्वीट में कपिल सिब्बल ने लिखा कि गुलाम नबी आजाद को पदम भूषण मिला है। बधाई हो भाईजान। विडंबना यह है कि जब देश सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को मान्यता दे रहा है और कांग्रेस को उनकी सेवाओं की आवश्यकता नहीं है। कपिल सिब्बल का बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस की तरफ से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बता दें कि गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जम्मू-कश्मीर के दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद को पद्म भूषण पुरस्कार का ऐलान किया गया है। गुलाम नबी आजाद की गिनती कांग्रेस के मुखर नेताओं में है। हाल के दिनों में उनकी कांग्रेस से दूरी साफ नजर आती है। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी भी संसद में खुलकर उनकी प्रशंसा कर चुके हैं। गुलाम नबी आजाद को ऐसे वक्त में ये नागरिक अवॉर्ड मिल रहा है, जब जम्मू-कश्मीर में चुनाव ज्यादा दूर नहीं हैं।
कांग्रेस के असंतुष्ट समूह जी-23 के नेता
बता दें कि गुलाम नबी आजाद कांग्रेस के जी-23 के नेता हैं। यह कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं का एक समूह है। यह ग्रुप कांग्रेस नेतृत्व शैली और रणनीति में बदलाव की मांग कर रहा है। आजाद इस बात पर अफसोस जताते रहे हैं कि असहमति और पार्टी के संचालन में खामियों को इन दिनों नेतृत्व एक तरह से विद्रोह के रूप में देख रहा है। वह कहते हैं कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के समय में ऐसा नहीं था।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने बिलासपुर और रायपुर नगर निगम के सामान्य सभा और मेयर इन कौंसिल को नोटिस जारी किया है। जनहित याचिका में कहा गया है कि नगर निगम में स्मार्ट सिटी कंपनी बनाकर निर्वाचित संस्थाओं के अधिकार हड़पे हैं। मामले की अगली सुनवाई अब 14 फरवरी को होगी।
बिलासपुर के अधिवक्ता विनय दुबे की ओर से अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव और गुंजन तिवारी के माध्यम से हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। इसमें बिलासपुर और रायपुर नगर में कार्यरत स्मार्ट सिटी लिमिटेड कंपनियों के अधिकार क्षेत्र को चुनौती दी गई है। साथ ही कहा है कि निर्वाचित नगर निगम के सभी अधिकारों और क्रियाकलाप का असंवैधानिक रूप से अधिग्रहण कर लिया गया है।
स्मार्ट सिटी कंपनी विकास के वही कार्य कर रही है जो संविधान के तहत संचालित प्रजातांत्रिक व्यवस्था में निर्वाचित नगर निगम के अधीन है। पिछले 5 वर्षों में कराए गए कार्य की प्रशासनिक या वित्तीय अनुमति नगर निगम मेयर- मेयर इन कौंसिल या सामान्य सभा से नहीं ली गई है।
स्मार्ट सिटी के वकीलों ने स्थगन हटाने की मांग की
चीफ जस्टिस अरूप गोस्वामी और जस्टिस एनके चन्द्रवंशी की डिवीजन बेंच में इस मामले की सुनवाई हुई। इस दौरान स्मार्ट सिटी लिमिटेड के वकीलों ने याचिका पर दिए गए स्थगन आदेश हटाने और अंतिम सुनवाई करने की मांग की। इस दौरान डिवीजन बेंच ने नगर निगम के सामान्य सभा और मेयर इन कौंसिल को पूर्व में पक्ष रखने के लिए कहा गया था। लेकिन, विधिवत नोटिस जारी नहीं की गई थी। इस पर कोर्ट ने नोटिस जारी कर उन्हें पक्ष रखने कहा है।
निगम की अनुमति पर काम कर सकती है कंपनी
केंद्र सरकार की ओर से इस याचिका के जवाब में यह माना गया कि ये स्मार्ट सिटी कंपनियां उन्हीं कार्यों को कर सकती है, जिसकी अनुमति नगर निगम से ली गई है। साथ ही इन कंपनियों के निदेशक मंडल में राज्य सरकार और नगर निगम के बराबर-बराबर प्रतिनिधि होने चाहिए।
वर्तमान में इन दोनों कंपनियों के 12 सदस्यीय निदेशक मंडल में नगर निगम आयुक्त के अलावा कोई भी नगर निगम का प्रतिनिधि नहीं है। इसके विपरीत स्मार्ट सिटी कंपनियों की ओर से उन्हें स्वतंत्र रूप से कार्य करने की अधिकारिता की दलील दी जा रही है।
नई दिल्ली: सामुद्रिक शास्त्र में अंगों की बनावट और शरीर के कुछ खास चिह्न इंसान के व्यक्तित्व और भाग्य के बारे में बताते हैं. समुद्र शास्त्र में महिलाओं के कुछ ऐसे गुणों के बारे में बताया गया है, जिससे उनके भाग्यशाली होने का पता चलता है. जानते हैं कैसी महिलाओं को भाग्यशाली माना जाता है.
चौड़ा मस्तक
सामुद्रिक शास्त्र के मुताबिक जिन महिलाओं का मस्तक तीन उंगली से अधिक चौड़ा हो, साथ ही माथा दिखने में आधे चंद्र जैसा दिखे तो ऐसी महिलाएं भाग्यशाली होती हैं. इसके अलावा ऐसी लड़कियां ससुराल के लिए भी भाग्यशाली साबित होती हैं.
माथे पर त्रिशूल का निशान
ऐसी महिलाएं जिसके माथे पर त्रिशूल का चिह्न होता है वे बेहद भाग्यशाली मानी जाती है. ऐसी लड़कियां जिसकी दुल्हन बनती हैं, उनके भाग्य में भी वृद्धि होती है. इसके अलावा जिन महिलाओं की आंखों की त्वचा लाल और आंखों की पुतली काली रहे तो ऐसी स्त्रियां भी भाग्यशाली होती हैं.
नाक पर तिल
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार जिन महिलाओं की चाल राजहंस के समान और कमर बाघ के समान पतली हो तो ऐसी महिलाएं सभी प्रकार के सुखों को प्राप्त करती हैं. वहीं जिन महिलाओं की नाक पर तिल होता है वे बहुत लकी साबित होती हैं. इनके जीवन में धन-वैभव की कमी नहीं होती है.
शरीर के बाएं भाग में तिल
जिन महिलाओं के पैर का अंगूठा गोल और लालिमा लिए हुए हो वे बेहद भाग्यशाली होती हैं. ऐसी महिलाएं पति के लिए भी भाग्यशाली मानी जाती हैं. इसके अलावा जिन महिलाओं की शरीर के बाएं भाग में तिल होता है, उन्हें सौभाग्यशाली मानी जाती हैं.
रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में उत्तर से शुष्क और ठंडी हवाएं आने की वजह से मौसम अचानक सर्द होने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की संभावना भी जताई जा रही है।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवा आने के कारण प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 26 से 27 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
मौसम विज्ञानियों ने बताया, 27-28 जनवरी को प्रदेश में एक दो पैकेट में शीतलहर की स्थिति निर्मित होने की भी संभावना है। यह पैकेट सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिले हो सकते हैं। इस अवधि में प्रदेश उत्तरी भाग के एक-दाे क्षेत्रों में सुबह के वक्त हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा बनने की भी संभावना बन रही है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद इस क्षेत्र में मौसम अधिक ठंडा हो जाता है। अगर अचानक से न्यूनतम तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट आए तो शीतलहर की स्थिति बनती है।