Home Blog Page 39

सड़क हादसे में मासूम की मौत, पोस्टमार्टम के दौरान गायब हुआ सोने का लॉकेट

The Duniyadari: जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा-शिवरीनारायण मार्ग पर दर्दनाक हादसे में तीन साल के बच्चे की जान चली गई। केरा गांव में तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने सड़क किनारे खड़े मासूम को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि छोटा हर्ष श्रीवास अपने पिता मनोज श्रीवास की सैलून दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घायल अवस्था में परिजन तत्काल उसे नवागढ़ के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब परिजनों ने पोस्टमार्टम के दौरान बच्चे के गले से सोने का लॉकेट गायब होने का आरोप लगाया। परिवार का कहना है कि अस्पताल लाते समय बच्चे के गले में लॉकेट मौजूद था, लेकिन अगले दिन शव सौंपे जाने के दौरान वह नहीं मिला। इससे परिजनों में भारी नाराजगी देखी गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं लॉकेट गायब होने के मामले में अस्पताल और मोर्चरी परिसर में मौजूद कर्मचारियों व अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

बड़ा फैसला: शादी-ब्याह में डीजे पर रोक, परंपरा बचाने सख्त हुए समाज प्रमुख

The Duniyadari: कोंडागांव में हल्बा समाज ने अपनी पारंपरिक संस्कृति और सामाजिक मर्यादाओं को सुरक्षित रखने के लिए अब सख्ती बढ़ा दी है। कोपरा स्थित सामाजिक भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में समाज के पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों ने आधुनिक आयोजनों के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए कई अहम निर्णय लिए। बैठक में विशेष रूप से विवाह समारोहों में डीजे बजाने की प्रवृत्ति को परंपराओं के खिलाफ बताते हुए उस पर पूर्ण प्रतिबंध जारी रखने की बात कही गई।

बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि कुछ गांवों में सामाजिक नियमों की अनदेखी करते हुए शादी कार्यक्रमों में डीजे का उपयोग किया गया था। इस मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित लोगों को समाज की ओर से नोटिस जारी कर कार्रवाई की गई है। समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर और कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

समीक्षा बैठक में छठी कार्यक्रमों में नशापान पर रोक लगाने तथा रिसेप्शन समारोहों में बफे सिस्टम बंद करने की अपील भी की गई। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने युवाओं को अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश देते हुए सामाजिक अनुशासन का पालन करने की सलाह दी।

बैठक में विभिन्न गांवों से पहुंचे युवक-युवतियों और समाज प्रतिनिधियों ने भी संस्कृति संरक्षण के पक्ष में अपनी राय रखी। समाज का मानना है कि आधुनिकता की दौड़ में पारंपरिक रीति-रिवाज कमजोर होते जा रहे हैं, इसलिए सामाजिक नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य बनाया जा रहा है। बैठक के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने एकजुटता के साथ सांस्कृतिक विरासत को बचाने का संकल्प दोहराया।

ईंधन की कीमतों में फिर लगी आग, चौथी बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल ₹102 के पार

The Duniyadari: रायपुर/नई दिल्ली-  देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार चौथी बार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ताजा संशोधन के बाद पेट्रोल 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। नई दरें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

बीते कुछ दिनों में ईंधन के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था। वहीं 19 मई को भी करीब 90 पैसे की वृद्धि की गई थी। सबसे बड़ी बढ़ोतरी 15 मई को देखने को मिली थी, जब दोनों ईंधनों के दाम में करीब 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया था।

लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब परिवहन लागत और रोजमर्रा की वस्तुओं पर भी दिखाई देने लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और टैक्स संरचना का सीधा प्रभाव घरेलू ईंधन दरों पर पड़ रहा है।

सागौन तस्करी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 68 पेड़ों की कटाई के बाद डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड सस्पेंड

The Duniyadari: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में वन संपदा की अवैध कटाई का बड़ा मामला सामने आया है। अंबागढ़ चौकी वन परिक्षेत्र के देववाडवी सर्किल अंतर्गत टाटेकसा कक्ष क्रमांक 751 में लाखों रुपए मूल्य की सागौन और अन्य इमारती लकड़ियों की तस्करी किए जाने के खुलासे के बाद वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही पाए जाने पर डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, संरक्षित वन क्षेत्र से करीब 13 लाख रुपए कीमत की लकड़ियां काटकर तस्कर महाराष्ट्र की सीमा पार ले गए। सबसे हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी मात्रा में पेड़ों की कटाई और लकड़ी की निकासी होने के बावजूद स्थानीय वन अमले को इसकी भनक तक नहीं लगी। मामले के सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।

डीएफओ दिनेश पटेल के निर्देश पर कराई गई जांच में खुलासा हुआ कि जंगल में 68 सागौन एवं अन्य प्रजाति के बड़े पेड़ों की अवैध कटाई की गई थी। तस्करों ने लकड़ियों को लठ्ठों के रूप में जंगल से बाहर निकालकर महाराष्ट्र पहुंचा दिया। जांच रिपोर्ट में वन कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही सामने आने पर डिप्टी रेंजर पुरुषोत्तम सिंह भलावी और बीट गार्ड खेमचंद देशलहरा को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के वन अमले में खलबली मची हुई है। वहीं विभाग अब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।

आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका भर्ती शुरू, 9 जून तक मांगे गए आवेदन

The Duniyadari: रायगढ़ के एकीकृत बाल विकास परियोजना रायगढ़ ग्रामीण अंतर्गत बंगालीडीपा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका पद के लिए भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। नगर पालिका निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 43 में संचालित इस केंद्र में पूर्व सहायिका के इस्तीफा देने के बाद पद रिक्त हुआ था, जिसके लिए अब नए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार इच्छुक महिला अभ्यर्थी 9 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया विभाग के अधिकृत पोर्टल aww.e-bharti.in⁠� के माध्यम से पूरी की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया से जुड़ी पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, निवास संबंधी शर्तें और अन्य दिशा-निर्देश परियोजना कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है।

KORBA: संडे ड्यूटी विवाद पर एनसीएच कर्मियों का हंगामा, काम बंद कर जताया विरोध

The Duniyadari: कोरबा के गेवरा-दीपका स्थित नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनसीएच) में रविवार को संडे ड्यूटी व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। पैरामेडिकल और कार्यालयीन कर्मचारियों ने काम बंद कर अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और ड्यूटी आवंटन में भेदभाव का आरोप लगाया।

कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल में संडे ड्यूटी सीमित कर्मचारियों को ही दी जा रही है, जबकि सभी कर्मचारियों को समान अवसर मिलना चाहिए। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने मांग रखी कि या तो सभी स्टाफ को रविवार की ड्यूटी में शामिल किया जाए या फिर किसी को भी अतिरिक्त ड्यूटी न दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने कार्यालय अधीक्षक की कार्यप्रणाली की जांच कराने की भी मांग उठाई।

कर्मचारियों ने बताया कि नेहरू शताब्दी चिकित्सालय क्षेत्र का प्रमुख केंद्रीय अस्पताल है, जहां गेवरा, दीपका, कुसमुंडा, बांकीमोंगरा, देलवाड़ीह और शहर के अन्य इलाकों से प्रतिदिन करीब 300 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में स्टाफ की जिम्मेदारियां बराबरी से तय होना जरूरी है।

विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही गेवरा एरिया की कार्मिक प्रबंधक सुधा शिंदे अस्पताल पहुंचीं और कर्मचारियों से चर्चा की। उन्होंने स्टाफ को रोस्टर के अनुसार कार्य करने और मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देने की समझाइश दी। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य क्षेत्रों में भी संडे ड्यूटी की व्यवस्था सीमित रूप में लागू है।

इस दौरान प्रभारी सीएमओ डॉ. अनिल कुमार सहित अस्पताल का कार्यालयीन और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।

25 मई 2026 राशिफल: सोमवार का दिन किन राशियों के लिए रहेगा शुभ, जानिए आज का भविष्यफल

मेष राशि

आज का दिन ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरपूर रहेगा। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। परिवार में किसी पुराने विवाद का समाधान होने के संकेत हैं। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन अनावश्यक खर्च से बचें।

वृषभ राशि

व्यापार और नौकरी दोनों में लाभ के योग बन रहे हैं। किसी करीबी से अच्छी खबर मिल सकती है। निवेश के मामलों में जल्दबाजी न करें। स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें और खानपान संतुलित रखें।

मिथुन राशि

आज मन थोड़ा अस्थिर रह सकता है। कार्यों में बाधाएं आ सकती हैं, लेकिन धैर्य से स्थिति संभल जाएगी। दोस्तों और रिश्तेदारों का सहयोग मिलेगा। विद्यार्थियों के लिए दिन अच्छा रहेगा।

कर्क राशि

पारिवारिक माहौल सुखद रहेगा। नौकरीपेशा लोगों को अधिकारियों से सराहना मिल सकती है। धन लाभ के योग हैं। यात्रा के दौरान सावधानी बरतें। जीवनसाथी के साथ संबंध मजबूत होंगे।

सिंह राशि

आज आत्मविश्वास बढ़ा हुआ रहेगा। नए कार्य की शुरुआत के लिए समय अनुकूल है। समाज में मान-सम्मान बढ़ सकता है। आर्थिक मामलों में लाभ मिलेगा, लेकिन गुस्से पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा।

कन्या राशि

कामकाज में व्यस्तता बढ़ेगी। परिवार के किसी सदस्य की चिंता परेशान कर सकती है। स्वास्थ्य संबंधी छोटी समस्याएं हो सकती हैं। पुराने मित्रों से मुलाकात संभव है।

तुला राशि

आज का दिन सकारात्मक रहेगा। नौकरी में तरक्की के अवसर मिल सकते हैं। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और रुका हुआ धन वापस मिलने की संभावना है।

वृश्चिक राशि

कार्यस्थल पर चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। किसी भी निर्णय में जल्दबाजी से बचें। परिवार का सहयोग मिलेगा। विद्यार्थियों को मेहनत का अच्छा परिणाम मिल सकता है।

धनु राशि

भाग्य का साथ मिलेगा। लंबे समय से रुके कार्य पूरे हो सकते हैं। धार्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। नौकरी और व्यवसाय में लाभ के संकेत हैं। यात्रा के योग बन रहे हैं।

मकर राशि

आज खर्च बढ़ सकते हैं। कार्यक्षेत्र में सावधानी से काम करें। किसी करीबी व्यक्ति से मतभेद हो सकता है। स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न करें। धैर्य और संयम से काम लेना लाभदायक रहेगा।

कुंभ राशि

आज नए अवसर मिल सकते हैं। व्यापार में लाभ और नौकरी में प्रगति के संकेत हैं। परिवार के साथ समय अच्छा बीतेगा। किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है।

मीन राशि

दिन सामान्य रहेगा। मेहनत का फल मिलने में थोड़ा समय लग सकता है। आर्थिक मामलों में सोच-समझकर निर्णय लें। घर में मांगलिक कार्यक्रम की चर्चा हो सकती है। मानसिक शांति बनाए रखें।

बांगो विस्थापितों के हक की हुंकार: कांग्रेस महासम्मेलन में महंत, बैज और टीएस सिंहदेव एक मंच पर, मछली आखेट अधिकार बहाली की मांग उठी

The Duniyadari: कोरबा– बांगो बांध से प्रभावित परिवारों के समर्थन में आयोजित कांग्रेस के महासम्मेलन में रविवार को प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े नेता एक मंच पर नजर आए।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने विस्थापितों की समस्याओं को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। सम्मेलन में बड़ी संख्या में प्रभावित ग्रामीण, मछुआरा समुदाय और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महासम्मेलन के दौरान नेताओं ने कहा कि बांगो परियोजना से प्रभावित हजारों परिवार आज भी मूलभूत अधिकारों और सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

विशेष रूप से जलाशय क्षेत्र में रहने वाले मछुआरा समुदाय की आजीविका प्रभावित होने का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि विस्थापितों को पहले की तरह मछली आखेट का अधिकार तत्काल वापस दिया जाए, ताकि उनके रोजगार और जीवनयापन पर संकट न आए।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि विस्थापितों के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकार प्रभावित परिवारों से किए गए वादों को पूरा करने में असफल रही है। डॉ. चरणदास महंत ने भी कहा कि कांग्रेस विस्थापितों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी।

कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं नेताओं के सामने रखीं। उन्होंने रोजगार, मुआवजा, पुनर्वास और जलाशय में पारंपरिक मछली पकड़ने के अधिकार को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। महासम्मेलन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने विस्थापितों के समर्थन में आंदोलन तेज करने का संकेत भी दिया।

देर रात बमबाजी, पुरानी दुश्मनी में महिला के घर को बनाया निशाना

Oplus_16908288

The Duniyadari: रायपुर के कबीर नगर क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बदमाशों ने एक मकान के बाहर दो देसी बम फेंक दिए। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना रिंकू तिवारी के घर की बताई जा रही है, जहां पुरानी रंजिश के चलते हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, कुछ युवक और एक युवती नकाब पहनकर मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि सोनू पटेल नामक युवक अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें धमाके की आवाज भी सुनाई दे रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पीड़िता रिंकू तिवारी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि शिकायत दर्ज कराने के लिए उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। एफआईआर के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पुरानी दुश्मनी को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद कबीर नगर इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ने लगी है।

खनिज विभाग ने विशेष अभियान के दूसरे दिन भी 5 चैन माउंटेन, 5 हाइवा, 5 ट्रैक्टर व 1 टीपर किया जप्त

The Duniyadari: कोरबा, 24 मई 2026/ कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं जांच की गई।

कार्यवाही के दौरान खनिज रेत, गिट्टी एवं मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर कार्रवाई कर बरमपुर से अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर तथा सर्वमंगला चौकी क्षेत्र से गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे दो हाइवा को जप्त कर सर्वमंगला चौकी अभिरक्षा में रखा गया।

राताखार में मिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक टीपर को कार्रवाई कर जप्त किया गया। वहीं जरहा जेल बरमपुर में बसाहट समतलीकरण के लिए किए जा रहे कार्य में बिना वैधानिक अनुमति मिट्टी का उत्खनन व परिवहन करवाने पर कार्रवाई करते हुए मौके पर स्थित चार चैन माउंटेन को जप्त कर सील किया गया।

गेवरा बस्ती से मुरुम का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर दो ट्रैक्टरों को कार्रवाई करते हुए कुसमुंडा थाना अभिरक्षा में रखा गया है। नरईबोध में ईंट भट्ठे से ईंट का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर को जप्त किया गया। इंदलभाटा तरदा में मिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर को भी कार्रवाई कर जप्त किया गया।

इसी प्रकार उरगा क्षेत्र में मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर एक चैन माउंटेन और तीन हाइवा को जप्त कर सील किया गया। सभी जप्त वाहनों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई हेतु संबंधित पुलिस थानों एवं खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा राजस्व की क्षति को रोकना है। अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों तथा प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।