Home Blog Page 38

KORBA: नौतपा में गर्मी पड़ने पर लू (तापाघात) से बचाव हेतु सावधनियॉ

The Duniyadari: कोरबा 25 मई 2026/

ग्रीष्म कालीन मौसम में नौतपा में अधिक गर्मी पड़ने से शुष्क वातावरण में लू (तापाघात) की संभावना अधिक होती है। जो घातक या जानलेवा हो सकती है। इस दृष्टिगत रखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थय अधिकारी ने बताया कि जिले में मौसम परिवर्तन के बाद अब धूप एवं गर्मी प्रारंभ हो गया है। जिसके कारण लू लगने की संभावना बढ़ गई है, सूर्य की तेज गर्मी के दुष्प्रभाव से शरीर के तापमान में विपरीत प्रभाव पड़ता है जिससे शरीर में पानी और खनिज लवण, नमक की कमी हो जाती है इसे लू लगना या हीट-स्ट्रोक कहा जाता है। वर्तमान में लोग घर से बाहर जाकर ऑफिस वर्क, खेती तथा बाजार में खरीदारी आदि कार्य कर रहे है वे पर्याप्त मात्रा में पानी एवं पेय पदार्थो का सेवन नहीं करते हैं जिसके कारण वे निर्जलीकरण के शिकार हो जाते हैं। समय पर उपचार ना मिलने के कारण मरीज की हालत गंभीर हो जाती है।

उन्होने बताया कि आमलोगों के द्वारा कुछ तरीके अपनाकर लू (तापाघात ) से बचाव किया जा सकता है, जैसे गर्मी के दिनों में हमेशा घर से बाहर जाते समय सफेद, सूती या हल्के कपडे पहने, भोजन करके तथा पानी पीकर ही बाहर निकले, गर्दन के पिछले भाग कान एवं सिर गमछे से ढककर ही निकलें, छतरी एवं रंगीन चश्मे का प्रयोग करें, गर्मी में अधिक मात्रा में पानी पिये तथा ज्यादातर तरल पेय पदार्थों का सेवन करें, बाहर जाते समय पानी जरूर साथ रखें, बेवजह बाहर ना जावें, बच्चों बुजुर्गो व गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें, उन्हें समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें एव सुपाच्य भोजन एव तरल पदार्थों का सेवन करावें। गर्मी के दिनों में तीव्र धूप को घर अंदर आने से रोकें तथा जहॉं तक संभव हो अधिक से अधिक समय तक धूप में रहकर व्यायाम तथा मेहनत का काम ना करें,धूप में नंगे पॉव ना चलें इन सावधानियों को अपनाकर स्वयं को लू (तापाघात) से बचा जा सकता है।

*लू (तापाघात ) के लक्षणः* -लू का शिकार होने पर व्यक्ति में सरदर्द, बुखार, उल्टी एवं अत्यधिक पसीना आना, बेहोशी आना, चक्कर आना, सांस फूलना, दिल की धड़कन तेज होना , कमजोरी महसूस होना , शरीर में ऐंठन तथा त्वचा लाल एवं सूखी होना हो सकता है।

*लू (तापाघात ) से बचाव* — लू (तापाघात ) होने पर रोगी को छायादार स्थान पर कपड़े ढीले कर लिटायें एवं हवा करें। रोगी को बेहोशी होने की स्थिती में कोई भी भोज्य / पेय पदार्थ न दें एवं तत्काल चिकित्सा सेवायें प्राप्त करें। रोगी को होश में आने की स्थिती में उसे ठंडे पेय पदार्थ , जीवन रक्षक घोल, कच्चा आम का पना आदि देवें। रोगी के शरीर के तापमान को कम करने के लिए उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियॉं रखें। लू से प्रभावित व्यक्ति को नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र ले जावें।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले के मेडिकल कॉलेज, सामु.स्वा.केन्द्रों, प्राथ.स्वा.केन्द्रों तथा शहरी स्वा- केन्द्रों में लू (तापाघात ) से बचाव हेतु पर्याप्त मात्रा में आवश्यक जीवन रक्षक दवाईयॉं एवं ओ.आर.एस. की उपलब्ध है।

कलेक्टर कुणाल दुदावत तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के नागरिकों से कहा है कि गर्मी के मौसम में लू (तापाघात ) से बचाव हेतु उपरोक्तानुसार तरीकों की अवश्य अपनाये ताकि स्वयं और अपने परिवार को लू से सुरक्षित रख सकें.

तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस अब नियमित ट्रेन, रायपुर-बिलासपुर होकर चलेगी साप्ताहिक सेवा

The Duniyadari: Raipur– दक्षिण मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तिरुपति से रक्सौल के बीच चल रही विशेष ट्रेन को अब नियमित साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने का फैसला लिया है। ट्रेन संख्या 17433/17434 तिरुपति-रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस जून 2026 से नियमित रूप से पटरी पर दौड़ेगी। इससे छत्तीसगढ़, तेलंगाना, झारखंड और बिहार के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस 1 जून 2026 से प्रत्येक सोमवार को तिरुपति से रवाना होगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस 4 जून 2026 से हर गुरुवार को रक्सौल से संचालित की जाएगी।

यह ट्रेन दक्षिण भारत को बिहार से जोड़ते हुए छत्तीसगढ़ के दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। रायपुर स्टेशन पर यह ट्रेन अप दिशा में सुबह 10:45 बजे पहुंचेगी, जबकि डाउन दिशा में सुबह 6:20 बजे आएगी। बिलासपुर और दुर्ग में भी इसका ठहराव रहेगा, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मार्ग में सिकंदराबाद, काजीपेट, गोंदिया, झारसुगुड़ा, राउरकेला, रांची, धनबाद, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा और सीतामढ़ी सहित कई अहम स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव तय किया गया है। इससे दक्षिण भारत और बिहार के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं, मजदूरों, विद्यार्थियों और व्यापारिक यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी।

रेलवे ने जानकारी दी है कि ट्रेन 24 आईसीएफ कोचों के साथ चलाई जाएगी। इसमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल रहेंगे। नियमित संचालन शुरू होने से नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन समेत मध्य भारत के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय, आरक्षण और परिचालन संबंधी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या एनटीईएस ऐप के माध्यम से जरूर जांच लें।

जमीन के काम के बदले मांगी रिश्वत, ACB ने पटवारी को नकदी लेते दबोचा

The Duniyadari: बेमेतरा- जिले के साजा ब्लॉक में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी की पहचान ओंकार सुनवानी के रूप में हुई है, जिसे 15 हजार रुपए लेते समय टीम ने दबोच लिया।

बताया जा रहा है कि ग्राम केंद्र निवासी किसान नरोत्तम अपनी जमीन से जुड़े काम को लेकर लंबे समय से पटवारी कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। इसी दौरान पटवारी ने फाइल आगे बढ़ाने और काम पूरा करने के नाम पर पैसों की मांग की। आरोप है कि दोनों के बीच 30 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था और पहली किश्त के तौर पर 15 हजार रुपए देने की बात हुई थी।

किसान ने मामले की जानकारी एंटी करप्शन ब्यूरो को दी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने पूरे मामले का सत्यापन किया और फिर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की। तय योजना के अनुसार किसान जैसे ही रकम लेकर पटवारी के पास पहुंचा और पैसे सौंपे, एसीबी की टीम ने तुरंत मौके पर छापा मार दिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी को रिश्वत की रकम के साथ हिरासत में ले लिया गया। फिलहाल एसीबी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

डायल 112 की हकीकत परखने सड़क पर उतरे डिप्टी सीएम, खुद बनकर किया इमरजेंसी कॉल

The Duniyadari: Raipur– छत्तीसगढ़ में आपातकालीन सेवाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में उप मुख्यमंत्री Vijay Sharma ने अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने डायल 112 की कार्यप्रणाली और रिस्पांस टाइम की वास्तविक स्थिति जानने के लिए खुद ही पीड़ित बनकर इमरजेंसी कॉल किया।

जानकारी के मुताबिक, उप मुख्यमंत्री ने बेमेतरा थाना क्षेत्र के पास सड़क हादसे की सूचना देते हुए डायल 112 पर मदद मांगी। कॉल दर्ज होने के कुछ ही समय बाद आपातकालीन वाहन मौके पर पहुंच गया। इसके बाद विजय शर्मा ने मौके पर पहुंची टीम, वाहन और उपलब्ध संसाधनों का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाहन में मौजूद तकनीकी सुविधाओं, लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम, रिस्पांस मैकेनिज्म और आपदा की स्थिति में पुलिस की तत्परता को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद स्टाफ से संचालन व्यवस्था और तकनीकी उपयोग को लेकर भी चर्चा की।

गौरतलब है कि हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah ने राज्य में डायल 112 सेवा के लिए 400 से अधिक आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाई थी। यह सेवा चौबीसों घंटे संचालित होगी। इसमें जीआईएस आधारित मॉनिटरिंग, एडवांस व्हीकल ट्रैकिंग, एसआईपी ट्रंक टेक्नोलॉजी और ऑटोमैटिक कॉलर लोकेशन जैसी आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं।

राज्य के सभी 33 जिला समन्वय केंद्रों को इस नेटवर्क से जोड़ा गया है। नागरिक अब वॉयस कॉल के अलावा एसएमएस, व्हाट्सएप, ईमेल, वेब पोर्टल, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के जरिए भी तत्काल सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

निजी आईडी से रेलवे ई-टिकट बेच रहा था च्वाइस सेंटर संचालक, कोर्ट ने ठोका जुर्माना

The Duniyadari: Bilaspur- रेलवे की पर्सनल यूजर आईडी का व्यावसायिक इस्तेमाल कर ई-टिकट बेचने के मामले में रेलवे कोर्ट ने एक च्वाइस सेंटर संचालक को दोषी ठहराया है। आरोपी पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। मामला सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने जांच कर कार्रवाई की थी।

जानकारी के अनुसार, आरोपी संचालक अपने निजी आईआरसीटीसी अकाउंट से आम यात्रियों के लिए टिकट बुक कर अतिरिक्त रकम वसूल रहा था। रेलवे नियमों के मुताबिक पर्सनल आईडी का उपयोग केवल व्यक्तिगत यात्रा के लिए किया जा सकता है, जबकि व्यावसायिक टिकट बुकिंग के लिए अधिकृत एजेंसी या लाइसेंस आवश्यक होता है।

RPF की टीम ने जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और टिकट संबंधी दस्तावेज जब्त किए थे। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी लगातार निजी आईडी से टिकट बनाकर कारोबार कर रहा था। इसके बाद उसके खिलाफ रेलवे एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर रेलवे न्यायालय में पेश किया गया।

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने आरोपी को नियमों का उल्लंघन करने का दोषी माना और आर्थिक दंड लगाया। रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे टिकट केवल अधिकृत एजेंट या आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही बनवाएं, ताकि धोखाधड़ी और अवैध वसूली से बचा जा सके।

शादी से लौट रहे चार लोगों की कार नाले में गिरी, बड़ा हादसा टला

Oplus_16908288

The Duniyadari: Jashpur जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। शादी समारोह से वापस लौट रहे लोगों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर को तोड़ते हुए पानी से भरे नाले में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी चार लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।

बताया जा रहा है कि कार सवार लोग समारोह में शामिल होने के बाद Korba लौट रहे थे। इसी दौरान खरकट्टा गांव के पास चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे नाले में जा समाई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मदद कार्य शुरू किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। पानी से भरे नाले में फंसी कार को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता ली जा रही है। हादसे में किसी के हताहत नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली।

कालाबाजारी पर कृषि विभाग सख्त, उर्वरक दुकान का लाइसेंस निलंबित

The Duniyadari: Dhamtari जिले में किसानों को उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। खरीफ सीजन के बीच विभागीय टीम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर एक निजी उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि कई अन्य विक्रेताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद की कालाबाजारी, निर्धारित दर से अधिक वसूली और नियम विरुद्ध बिक्री पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी विकासखंड के सहकारी और निजी खाद विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान भखारा स्थित मेसर्स लक्ष्मी ट्रेडर्स में गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। यहां तय सीमा से अधिक उर्वरक बिक्री और भूमिहीन व्यक्ति को खाद बेचने की पुष्टि होने पर दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।

इसके अलावा झिरिया, सोनामगर, सेमरा, कुरूद और नगरी क्षेत्र के कई उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे उर्वरक खरीदते समय बिल अवश्य लें और निर्धारित मूल्य पर ही खाद खरीदें। साथ ही डीएपी के विकल्प के रूप में अनुशंसित अन्य उर्वरकों के उपयोग की सलाह भी दी गई है। विभाग ने कहा कि खाद की गुणवत्ता, अधिक कीमत या कालाबाजारी की शिकायत तत्काल नजदीकी कृषि कार्यालय में दर्ज कराई जा सकती है।

प्रार्थना सभा के नाम पर मतांतरण का आरोप, बीमारी-गरीबी दूर करने का लालच देकर धर्म बदलवाने की कोशिश

The Duniyadari: Bilaspur- जिले में प्रार्थना सभा की आड़ में कथित मतांतरण कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोग ग्रामीणों को बीमारी ठीक करने, गरीबी दूर करने और बेहतर जीवन का झांसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला बिलासपुर जिले के एक ग्रामीण क्षेत्र का है, जहां लंबे समय से प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सभा में शामिल लोगों को धार्मिक पुस्तकों का वितरण किया जाता था और उन्हें हिंदू धर्म छोड़कर दूसरे धर्म को अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता था। इतना ही नहीं, लोगों को यह भी कहा जाता था कि धर्म परिवर्तन करने से उनकी आर्थिक परेशानियां दूर होंगी और गंभीर बीमारियों से छुटकारा मिल जाएगा।

ग्रामीणों ने इसकी शिकायत हिंदू संगठनों और पुलिस प्रशासन से की। शिकायत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभा में मौजूद लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामग्री और प्रचार से जुड़े दस्तावेज भी मिलने की बात कही जा रही है।

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गतिविधि से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंसा मामले में ग्रामीणों का प्रदर्शन, एसआई पर पक्षपात के आरोप

The Duniyadari: गरियाबंद जिले के दूतकैया (खपरी) गांव में फरवरी में हुई हिंसक घटना को लेकर अब विरोध तेज हो गया है। रविवार को सर्व हिंदू समाज और ग्राम विकास समिति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण राजिम पहुंचे, जहां पंडित सुंदरलाल शर्मा चौक पर धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई गई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस ने निष्पक्षता बरतने के बजाय ग्रामीणों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की। ज्ञापन में कहा गया कि गांव के कुछ युवकों को हिरासत में लेकर उनके हाथों में लाठी-डंडे और हथियार थमाकर तस्वीरें खिंचवाई गईं, ताकि उन्हें हिंसा में शामिल दिखाया जा सके। ग्रामीणों ने इसे साजिशपूर्ण कार्रवाई बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

धरना दे रहे लोगों का यह भी कहना था कि जांच के दौरान कई लोगों से बिना जानकारी दिए कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए। आरोप है कि बाद में इन्हीं दस्तावेजों का उपयोग केस डायरी और बयान के रूप में किया गया। ग्रामीणों ने दावा किया कि घटना में बाहरी लोगों की भूमिका होने के बावजूद स्थानीय लोगों को ही आरोपी बनाया जा रहा है।

ज्ञापन में कुछ नामजद व्यक्तियों पर अवैध कब्जा, धमकी और क्षेत्र में तनाव फैलाने के आरोपों का भी उल्लेख किया गया, लेकिन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुलिस उन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही। सर्व हिंदू समाज ने आरोप लगाया कि उनके द्वारा दिए गए साक्ष्यों और शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया।

प्रदर्शन के दौरान एसआई जीवन साहू को तत्काल हटाने और पूरे मामले की उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

रोजगार मेले का आयोजन कल, 72 पदों पर होगी भर्ती

The Duniyadari: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा 26 मई मंगलवार को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह प्लेसमेंट कैंप सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जिला रोजगार कार्यालय परिसर में लगाया जाएगा, जहां निजी कंपनियां विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी करेंगी।

रोजगार मेले में भिलाई-दुर्ग की सेफ इंटेलिजेंट सिक्योरिटी सर्विस कंपनी द्वारा सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, लेबर, फील्ड ऑफिसर और ट्रेनिंग ऑफिसर समेत कुल 69 पदों पर भर्ती की जाएगी। वहीं गौरेला की श्रीराम प्रिंटिंग प्रेस में टैली अकाउंटिंग, ऑफसेट ऑपरेटर और प्रिंटिंग ऑपरेटर के पदों के लिए भी अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

इस रोजगार मेले के माध्यम से कुल 72 रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसमें शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का 8वीं, 10वीं या 12वीं पास होना आवश्यक है। इच्छुक उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की फोटोकॉपी के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के अधिकारियों तीरथराम मरकार (9754094200) और सुरेश बेहरा (7389504991) से संपर्क कर सकते हैं।