Home Blog Page 47

महंगाई से त्रस्त जनता की आवाज बनी कांग्रेस, बालकोनगर में धरना-प्रदर्शन

The Duniyadari: KORBA – बालकोनगर के परसाभाठा बाजार चौक पर पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन एवं जनजागरण अभियान चलाया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर एवं तख्तियां लेकर “केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन एवं जनजागरण” के नारे लगाए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री, दैनिक उपयोग की वस्तुओं सहित सोना-चांदी के दामों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनता, मध्यम वर्ग एवं गरीब परिवारों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान-इजराइल युद्ध शुरू होने के बाद से ही वैश्विक स्तर पर ईंधन संकट की आशंका स्पष्ट थी, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार देशहित में कोई ठोस रणनीति बनाने में विफल रही, जिसका खामियाजा आज देश की जनता भुगत रही है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “महंगाई” का प्रतीकात्मक जनाजा निकालकर परसाभाठा चौक में विरोध दर्ज कराया। नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम आदमी की कमर टूट चुकी है तथा गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी कठिन होता जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 17 मई से 20 मई 2026 तक पूरे प्रदेश में महंगाई के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच पहुंचकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं।

धरना-प्रदर्शन में जयसिंह अग्रवाल के साथ कोरबा जिला कांग्रेस अद्ध्यक्ष (शहर) मुकेश कुमार राठौर, जिला कांग्रेस अद्ध्यक्ष (ग्रामीण) मनोज चौहान, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष नत्थूलाल यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, बालको नगर ब्लाक अद्ध्यक्ष ए.डी.जोशी, राजेंद्र तिवारी, पालुराम साहू, बसंत चंद्रा, पूर्व ब्लाक अद्ध्यक्ष दुष्यंत शर्मा, पार्षद कृपाराम साहू, बद्रीकिरण, नारायण लाल कुर्रे, रवि सिंह चंदेल, मंडल अध्यक्ष, देवीदयाल सोनी, रोपा तिर्की, बुधेश्वर चौहान, पंचराम आदित्य, महेंद्र थवाईत, मुन्ना खान, श्रीकांत मांझी, पुष्पा पात्रे, मुश्लिम खान, शमसुद्दीन, देवकीनंदन सिंह, कन्हैया राठोर, कुंजबिहारी साहू, आर.के.नामदेव, गणेश खूंटे, दीपक कुमार टंडन, प्रमोद दिगसकर, माजिद कुरैशी, साहिदा खान, गायत्री चंद्रा, शायद खान, गायत्री कर्ष, राजेश श्रीवास, आकाश प्रजापति, विवेक श्रीवास, प्रह्लाद बंजारे, मिनिकेतन गवेल, बाबिल मिरी, अजीत वर्मन, कारन पटेल, साहिल खान, हरवेन्द्र सिंह सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में तत्काल राहत देने तथा आम जनता को महंगाई से राहत पहुंचाने की मांग की।

डीजल संकट गहराया, बीच रास्ते में बंद हुई यात्री बस, घंटों परेशान रहे मुसाफिर

Oplus_16908288

The Duniyadari: Bilaspur में इन दिनों डीजल की किल्लत लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। जिले के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल खत्म हो चुका है, जबकि जहां उपलब्ध है वहां भी सीमित मात्रा में ही ईंधन दिया जा रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर यात्री बसों और लंबी दूरी तय करने वाले वाहनों पर पड़ रहा है।

मंगलवार को बिलासपुर से गौरेला जा रही एक यात्री बस डीजल खत्म होने की वजह से बीच रास्ते में बंद हो गई। जानकारी के मुताबिक बस सुबह बिलासपुर बस स्टैंड से रवाना हुई थी। रवाना होने से पहले चालक और परिचालक ने शहर के कई पेट्रोल पंपों पर डीजल लेने की कोशिश की, लेकिन कहीं भी पर्याप्त ईंधन नहीं मिल पाया। काफी प्रयास के बाद रास्ते में एक पेट्रोल पंप से थोड़ी मात्रा में डीजल मिला, जिसके सहारे बस आगे बढ़ी।

हालांकि रतनपुर-बेलगहना मार्ग पर पड़ने वाले कई पेट्रोल पंपों में भी डीजल उपलब्ध नहीं था। लगातार तलाश के बावजूद दोपहर के समय बस गरसागर के पास पूरी तरह बंद हो गई। बस में करीब दो दर्जन यात्री सवार थे, जिन्हें तेज धूप और गर्मी के बीच सड़क किनारे घंटों इंतजार करना पड़ा।

बाद में अन्य वाहनों और गुजर रही बसों की मदद से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। काफी मशक्कत के बाद कंचनपुर इलाके में डीजल मिलने पर बस किसी तरह वापस बिलासपुर लौट सकी। इस घटना के बाद जिले में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

22 मई को लगेगा जिला स्तरीय रोजगार मेला, युवाओं को मिलेंगे नौकरी के अवसर

The Duniyadari: दुर्ग जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग और छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के संयुक्त प्रयास से 22 मई 2026, शुक्रवार को जिला स्तरीय रोजगार मेला एवं प्लेसमेंट कैम्प आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन शिवाजी नगर स्थित छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी परिसर में होगा।

जिला रोजगार कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस रोजगार मेले में विभिन्न निजी संस्थानों द्वारा अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताओं के अनुसार भर्ती की जाएगी। इसमें 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, इंजीनियरिंग, नर्सिंग, एएनएम, जीएनएम, एमबीबीएस, बीएएमएस और पैरामेडिकल कोर्स से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध रहेंगे।

प्लेसमेंट कैम्प का मुख्य उद्देश्य अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों और शिक्षित बेरोजगार युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए जिले के शिक्षण संस्थानों से भी अपील की गई है कि वे अपने विद्यार्थियों तक इस रोजगार मेले की जानकारी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें।

रोजगार मेले से जुड़ी विस्तृत जानकारी erojgar.cg.gov.in⁠� पर प्राप्त की जा सकती है। इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग से संपर्क कर अतिरिक्त जानकारी हासिल कर सकते हैं।

रात्रि गश्त के दौरान दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार पिकअप ने पुलिस बाइक को मारी टक्कर, प्रधान आरक्षक की मौत

The Duniyadari: Dhamtari शहर में बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया। रात्रि गश्त पर निकले दो जवानों की मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे नियमित रात्रि गश्त पर निकले थे। दोनों सिहावा चौक के पास स्थित संजय आर्ट्स के समीप पहुंचे ही थे कि सामने से तेज गति में आ रही पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय बाइक नगर सैनिक दिलीप पांडे चला रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप चालक बाइक को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। साथी जवानों और स्थानीय लोगों ने दिवंगत प्रधान आरक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

भीषण गर्मी में अस्पताल की बदहाल व्यवस्था, लाइन में खड़ी गर्भवती महिला बेहोश

The Duniyadari: डोंगरगढ़ के सरकारी अस्पताल में व्यवस्थाओं की पोल उस समय खुल गई, जब पैथोलॉजी जांच के लिए लाइन में लगी एक गर्भवती महिला अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और परिजनों ने प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई और अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल की पैथोलॉजी जांच सेवाओं को मुख्य भवन से हटाकर नए भवन में स्थानांतरित किया गया है। लेकिन यहां मरीजों की सुविधा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। जांच कराने आने वाले लोगों को पहले रजिस्टर में नाम दर्ज कराने के लिए लंबी कतार में खड़ा होना पड़ता है। भीषण गर्मी और उमस के बीच मरीज घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहते हैं।

मरीजों का कहना है कि कतार में खड़े लोगों के लिए न तो बैठने की व्यवस्था है और न ही ठंडी हवा के लिए पंखा या कूलर लगाया गया है। सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं और बुजुर्ग मरीजों को उठानी पड़ रही है। कई महिलाएं गर्मी और भीड़ के कारण अस्वस्थ महसूस कर रही हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बाहर मरीज गर्मी से बेहाल हैं, जबकि अंदर कर्मचारी कूलर और पंखों के बीच आराम से काम कर रहे हैं। भगत सिंह चौक निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि वह अपनी गर्भवती पत्नी की जांच कराने अस्पताल पहुंचे थे, जहां भारी भीड़ के कारण घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। उनका कहना है कि दोपहर बाद डॉक्टर अस्पताल से नदारद हो जाते हैं, जिससे मरीजों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।

मरीजों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर अस्पताल कर्मचारियों का व्यवहार ठीक नहीं रहता और कई बार मरीजों से अभद्रता की जाती है। लगातार बढ़ रही शिकायतों के बावजूद अस्पताल प्रबंधन की ओर से व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

सुशासन तिहार 2026-ग्राम पंचायत डोंगरी में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित

The Duniyadari: *183 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण*

कोरबा-

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम पंचायत डोंगरी में आज व्यापक स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्लस्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत डोंगरी, राल, रंजना, मोहनपुर, देवगांव, झाबर, चाकाबुड़ा एवं कोलिहामूड़ा सहित आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए तथा अपनी विभिन्न समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल रहे। शिविर को संबोधित करते हुए विधायक श्री प्रेमचंद पटेल ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए इस प्रकार के शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, ताकि शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सके।

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 654 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 183 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को समय-सीमा के भीतर निराकरण हेतु प्रेषित किया गया।

इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। खाद्य विभाग द्वारा 9 राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा 4 किसानों को सिंचाई पंप वितरित किए गए तथा किसान किताब प्रदान की गईं। समाज कल्याण एवं सहकारिता विभाग द्वारा मुख्यमंत्री पेंशन योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए तथा सहकारिता विभाग द्वारा 2 हितग्राहियों को चेक वितरण कर लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में पंचायत अध्यक्ष श्रीमती फूलबाई गोविंद सिंह कंवर, जनपद सदस्य अरुण कुमार कंवर, कमल बेलदार, विधायक प्रतिनिधि राज कुमार कश्यप, रवि रजक, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष राम प्रसाद कोर्राम, गोविंद सिंह कंवर एवं श्रीमती ममता मरकाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

सामान्य प्रेक्षक ने किया उप निर्वाचन वाले क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण

The Duniyadari: कोरबा-

छ.ग. राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशानुसार, मई 2026 में होने वाले नगर पालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन हेतु जांजगीर-चांपा के अपर कलेक्टर श्री श्रानेन्द्र सिंह ठाकुर को कोरबा जिले का सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किया गया है।

सामान्य प्रेक्षक श्री ठाकुर ने आज, 19 मई को विकासखण्ड करतला के अंतर्गत उप-निर्वाचन वाले क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत लबेद, केराकछार, घांठाद्ववारी व बरकोना (प्रत्येक में 1 पंच पद), सलिहाभांठा (1 सरपंच पद) तथा जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 24 के अंतर्गत उमरेली, अमलडीहा, सुखरीकला और सुखरीखुर्द के मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया।

निरीक्षण के दौरान प्रेक्षक ने प्राप्त नाम-निर्देशन पत्रों का बारीकी से अवलोकन किया और संवीक्षा की प्रक्रिया में स्वयं मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने स्ट्रांग रूम, निर्वाचन सामग्री वितरण एवं वापसी स्थल, मतगणना केंद्र तथा मतदान केंद्रों का आयोग के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने कलेक्टर कार्यालय (स्थानीय निर्वाचन शाखा) कोरबा का भी निरीक्षण कर उप-निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय सीमा में पूरी की जाएं।

सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाना

The Duniyadari: *लेपरा के जनसमस्या निवारण शिविर में 187 आवेदन का किया गया निराकरण*

कोरबा-

सुशासन तिहार के तहत आज ग्राम पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम लेपरा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया गया। ग्रामीणों ने भी अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। मत्स्य, पंचायत, राजस्व, खाद्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

ग्राम पंचायत लेपरा में सुशासन तिहार के शिविर में प्रमुख रूप से जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तंवर, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री प्रकाशचन्द्र जाखड़, जनपद सदस्य श्री भरत सिंह सिदार, पूर्व जनपद सदस्यगण, जिला पंचायत सदस्य श्री विद्वान सिंह मरकाम, सरपंच श्री बरतू टोप्पो, श्रीमती रीतूरानी सिदार,जवाहर सिंह, मान सिंह मरकाम सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शिविर में लगे स्टाॅल का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। मुख्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुँचाना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे जन समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता व तत्परता बनाए रखें, ताकि प्रत्येक नागरिक को शासन की योजनाओं का लाभ सरलता से प्राप्त हो सके।

शिविर में ग्रामीणों को शासन की विविध योजनाओं से संबंधित सामग्री और सेवाएँ प्रदान की गईं। स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा तथा अन्य विभागों द्वारा आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। विद्युत, राजस्व, कृषि, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभागों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं का पंजीकरण और समाधान किया गया।

शिविर में कुल 717 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 187 आवेदनों का निराकरण स्थल पर ही कर दिया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रेषित करते हुए शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में लमना, बंजारी, मड़ई, बनिया, परला, लाद, घुंचापुर, पोड़ीखुर्द, रोदे, चोटिया, आमाटिकरा ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की भी महत्वपूर्ण भागीदारी रही। षिविर में एसडीएम पोंड़ीउपरोड़ा मनोज कुमार बंजारे सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

KORBA: कुसमुंडा सायलो साइडिंग में बड़ा हादसा टला, मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतरा

The Duniyadari: कोरबा जिले के कुसमुंडा स्थित KAMKA सायलो साइडिंग में मंगलवार शाम अचानक उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कोयला लोडिंग के दौरान एक मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया। घटना में इंजन के छह पहिए ट्रैक से नीचे उतर गए, जिससे कुछ समय के लिए कोयला लोडिंग और परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो गई।

बताया जा रहा है कि साइडिंग में नियमित रूप से कोयला लोडिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक इंजन असंतुलित होकर ट्रैक से उतर गया। मौके पर मौजूद चालक और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही रेलवे और SECL के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। तकनीकी टीम ने स्थिति का निरीक्षण कर राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू किया। बाद में रेलवे की ATR टीम को बुलाया गया, जिसने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद इंजन को दोबारा पटरी पर चढ़ाया।

घटना के कारण साइडिंग में कोयला लोडिंग का कार्य कुछ समय तक प्रभावित रहा, हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्य रेलवे यातायात पर इसका कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस हादसे में किसी भी कर्मचारी को चोट नहीं आई है।

कोरबा रेलवे के एआरएम उत्कर्ष गौरव ने बताया कि सूचना मिलते ही ATR टीम को तुरंत रवाना किया गया था। टीम ने तेजी से कार्रवाई कर इंजन को सुरक्षित तरीके से ट्रैक पर बहाल कर दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

रेलवे और SECL प्रबंधन ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए साइडिंग की तकनीकी व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

विद्यार्थियों के जाति प्रमाणपत्र बनाने,आधार अपडेट के लिए अभियान चलाने के निर्देश

The Duniyadari: सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

सेवा सेतु के आवेदनों के निराकरण के दिए निर्देश

समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की, लंबित प्रकरणों का निराकरण के दिये निर्देश

कोरबा-

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज समय सीमा की बैठक में पीएमओ,मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानव अधिकार, कलेक्टर जनदर्शन सहित अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण करने और सम्बंधित आवेदकों को सूचित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों को सूचीबद्ध करते हुए सम्बंधित विभागों को प्रेषित करने और इसका समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीम गठित कर गुणवत्ता क्वालिटी अस्योरेंस निर्धारित करने, एसडीएम को तहसील के आवेदन की समीक्षा कर निराकरण और मांग संबंधित आवेदनों का परीक्षण कर निराकरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सुशासन तिहार अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर लगाया जा रहा है। सभी विभागों के अधिकारी अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए शिविर में आवेदन प्राप्त करे और सम्भव होने पर तत्काल निराकरण सुनिश्चित करे। उन्होंने विभागों को निर्देशित किया कि वे शिविर में ग्रामीणों को शासन की योजनाओं के तहत लाभान्वित भी करे। कलेक्टर ने बैठक में ग्रीष्म ऋतु को ध्यान रखते हुए नगर निगम आयुक्त, सीएमओ, पीएचई को ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कही भी पेयजल संकट की समस्या न आये। हैंडपंप खराब होने पर तत्काल सुधार कराई जाए।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, मानव अधिकार आयोग सहित अन्य कार्यालय के लंबित प्रकरणों का निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार में प्राप्त राजस्व सम्बंधित आवेदन और जाति प्रमाणपत्र बनाने के आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को 7 दिवस के भीतर पात्रता रखने वाले अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों की स्कूलवार सूची प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए अपार आईडी और विद्यार्थियों का बायो मैट्रिक अपडेट समय सीमा में कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सेवा सेतु से प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर ने पीएम आवास योजना (शहरी) अंतर्गत दादरखुर्द में एक सप्ताह के भीतर विद्युत कनेक्शन प्रदाय करने के निर्देश विद्युत विभाग के ईई को दिए।

कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत बनाने की दिशा में लक्षित क्षेत्रों में अभियान चलाकर टीबी का जाँच करने और इस कार्य में एनजीओ का सहयोग लेने के निर्देश दिए। उन्होंने सिकलसेल जांच और प्रमाणपत्र के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को कुपोषण मुक्ति के लिए अभियान चलाने, महतारी वंदन के हितग्राहियों का ईकेवाईसी पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जल संरक्षण के लिए जलसंसाधन विभाग और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि वे गाँव-गाँव सर्वे कर ले और नदी-नाले को चिन्हित करे। इसका एक रिपोर्ट बनाये। पानी की आवश्यकता वाले स्थानों पर स्ट्रक्चर निर्माण कर साल भर पानी की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके, इसके लिए सर्वे करें।

कलेक्टर ने ई डिस्ट्रिक्ट सेवा 2.0 अंतर्गत सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय सीमा में सुनिश्चित करना है। जो सेवाएं ऑनलाइन है उसका ऑनलाइन आवेदन प्राप्त करना है।

कलेक्टर ने बैठक में जनपद सीईओ, नगरीय निकाय के सीएमओ को स्व निधि के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता के साथ कार्यवाही करते हुए 10 दिवस में पूर्ण करने और हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने स्कूल के आसपास से ठेला हटाने, शहरी तालाबो का सीमांकन कराने, रेत घाट में कार्यवाही, भू अर्जन, भू आबंटन के लंबित प्रकरणों की एसडीएम को समीक्षा करने, पीएम सूर्यघर योजना में प्रगति लाने, सभी अधिकारियों को अपने प्रभार वाले पंचायतों में भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनजाति गरिमा उत्सव के तहत कार्यक्रम का आयोजन करने और योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत शहरी- नगरीय क्षेत्रों में अनिवार्य 4 श्रेणी पृथक्करण के तहत गीला, सूखा कचरा को निर्धारित रंग के डिब्बो में संग्रहित करने और उसका उचित उपचार करने, आम नागरिक पार्षद के सहयोग से मॉडल वार्ड बनाने के निर्देश दिए.