Home Blog Page 56

छत्तीसगढ़ पुलिस को मिला नया मुखिया: वरिष्ठ IPS अरुण देव गौतम बने पूर्णकालिक DGP, गृह विभाग ने जारी किया नियुक्ति आदेश

The Duniyadari: रायपुर– छत्तीसगढ़ को आखिरकार नया पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक मिल गया। राज्य सरकार ने अभी-अभी आदेश जारी कर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को छत्तीसगढ़ का नया DGP नियुक्त किया है। गृह विभाग ने शनिवार शाम यह आदेश जारी किया।

*1992 बैच के आईपीएस हैं अरुण देव गौतम* 

अरुण देव गौतम 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वे पुलिस मुख्यालय में विशेष डीजी के पद पर पदस्थ थे। उनके पास कानून व्यवस्था, नक्सल ऑपरेशन और प्रशासनिक अनुभव का लंबा रिकॉर्ड है। वे रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग रेंज के आईजी भी रह चुके हैं।

*कई महीनों से खाली था पद*

छत्तीसगढ़ में पिछले कई महीनों से पूर्णकालिक DGP का पद खाली था। फिलहाल अतिरिक्त प्रभार के तौर पर काम चल रहा था। नए DGP की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से अटकलें लग रही थीं। आज शाम आदेश जारी होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

*नक्सल मोर्चे पर होगी बड़ी चुनौती*

अरुण देव गौतम के सामने सबसे बड़ी चुनौती बस्तर में नक्सल मोर्चे पर प्रभावी कार्रवाई और आगामी त्योहारी सीजन में कानून व्यवस्था बनाए रखना होगी। इसके अलावा पुलिसिंग में पारदर्शिता और साइबर क्राइम पर नियंत्रण भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल माना जा रहा है।

नए DGP सोमवार को पुलिस मुख्यालय में पदभार ग्रहण कर सकते हैं। आदेश जारी होते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी है।

थाने के सामने सतनामी युवक से मारपीट: कथित गौ सेवक पर आरोप

The Duniyadari: आरंग- आरंग थाना परिसर शनिवार को अखाड़े में बदल गया। कथित गौ सेवक गोल्डी शर्मा और उसके साथियों पर सतनामी समाज के युवक से थाने के सामने मारपीट का आरोप लगा है। घटना के बाद सैकड़ों की संख्या में सतनामी समाज के लोग थाने पहुंचे और उग्र प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ते देख थाने को छावनी में तब्दील कर दिया गया। भारी पुलिस बल तैनात है।

*भैंसों से भरे वाहन पकड़ने से शुरू हुआ विवाद*

जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले कथित गौ सेवकों ने ग्राम गुदगुदा में भैंसों से भरा एक वाहन पकड़ा था। उसी मामले को लेकर तनातनी चल रही थी। आरोप है कि आज इसी विवाद में गोल्डी शर्मा ने गुदगुदा निवासी बलराम कुर्रे के साथ सरेआम गाली-गलौज की और मारपीट कर दी।

*थाने के सामने हुई मारपीट, वीडियो वायरल*  

सबसे गंभीर बात यह है कि मारपीट पुलिस थाने के ठीक सामने हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें गोल्डी शर्मा बलराम कुर्रे से दुर्व्यवहार करते दिख रहा है। वीडियो सामने आते ही सतनामी समाज आक्रोशित हो गया और बड़ी संख्या में लोग आरंग थाना पहुंच गए।

समाज का कहना है कि थाने के सामने हुई इस घटना से कानून व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ में महिला सरपंचों की ‘प्रॉक्सी’ पर लगेगी रोक: पंचायत बैठकों में अब फेस रिकॉग्निशन से लगेगी हाजिरी

The Duniyadari: Raipur- पंचायती राज में महिलाओं की असली भागीदारी बढ़ाने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने सख्त कदम उठाया है। अब ग्राम पंचायत, जनपद और जिला पंचायत की बैठकों में निर्वाचित महिला प्रतिनिधि का खुद मौजूद रहना जरूरी होगा। पति, रिश्तेदार या कोई अन्य व्यक्ति उनकी जगह बैठक में शामिल नहीं हो पाएगा।

*बायोमीट्रिक और फेस रिकॉग्निशन से होगी पहचान* 

विभाग ने निर्देश दिया है कि महिला जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति बायोमीट्रिक अटेंडेंस और फेस रिकॉग्निशन तकनीक से जांची जाएगी। इससे प्रॉक्सी प्रतिनिधित्व पर रोक लगेगी। आरक्षण का मकसद सिर्फ औपचारिक प्रतिनिधित्व नहीं, बल्कि महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया का स्वतंत्र हिस्सा बनाना है।

*डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड होगी कार्रवाई*  

पंचायत बैठकों और ग्राम सभाओं की कार्रवाई अब सभासार पोर्टल, निर्णय ऐप और अन्य अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नियमित अपलोड की जाएगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और महिला प्रतिनिधियों की सक्रियता भी दर्ज हो सकेगी।

*महिला सभा और शिकायत पेटी की व्यवस्था*

पेसा क्षेत्रों में ग्राम सभा से पहले महिला सभा कराना अनिवार्य किया गया है। सामान्य क्षेत्रों में भी महिला सभाओं को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि महिलाएं खुलकर अपनी बात रख सकें। साथ ही प्रॉक्सी प्रतिनिधित्व की शिकायत के लिए जिला, जनपद और ग्राम पंचायत स्तर पर शिकायत पेटी और निवारण तंत्र बनाया जाएगा।

महिला जनप्रतिनिधियों को सक्षम बनाने के लिए जेंडर सेंसिटाइजेशन, नेतृत्व प्रशिक्षण और जागरूकता शिविर होंगे। बेहतर काम करने वाली महिला प्रतिनिधियों की कहानियों को सोशल मीडिया पर प्रचारित किया जाएगा ताकि दूसरी महिलाएं भी प्रेरित हों।

सफाई कर्मियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी: पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई कर्मी हिरासत में

The Duniyadari: Raipur- राजधानी में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन ठप पड़ा है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। आज भी मोहल्लों से कचरा नहीं उठा। महापौर मीनल चौबे की चेतावनी के बाद सुबह तहसीलदार और निगम अधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। हड़ताल खत्म न करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। कुछ कर्मचारियों को गाड़ियों में भरकर मोवा थाने और तूता धरना स्थल ले जाया गया।

*वेतन-पीएफ बढ़ाने की मांग, दीपावली से चल रहा विवाद*

सफाई कर्मचारी बीती दीपावली से वेतन, भत्ते, पीएफ और ड्यूटी टाइमिंग सुधारने की मांग कर रहे हैं। कंपनी और निगम को लगातार चेतावनी दे रहे थे। अब 900 कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। इससे 200 से ज्यादा सफाई मित्र वाहन घरों से कचरा लेने नहीं पहुंचे।

*स्वच्छता अभियान पर असर, लोग परेशान*

निगम इन दिनों स्वच्छता अभियान चला रहा है, लेकिन हड़ताल से वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो पा रही। राजधानी में घरों से कचरा कलेक्शन पूरी तरह ठप है। दो दिन से लोग कचरा इधर-उधर फेंकने को मजबूर हैं। इससे जगह-जगह गंदगी फैल रही है।

कोरबा में चलती कार बनी आग का गोला: सवारों ने कूदकर बचाई जान; शॉर्ट सर्किट से लगी आग

The Duniyadari: कोरबा– दर्री-कटघोरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को जेलगांव चौक के पास एक चलती कार में अचानक आग भड़क उठी। कार दर्री से कटघोरा जा रही थी। हादसे के वक्त सवार लोगों ने समझदारी दिखाते हुए फौरन बाहर निकलकर जान बचाई। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

*इंजन से निकला धुआं, फिर लपटों में घिरी गाड़ी*

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार चलाते वक्त अचानक इंजन से धुआं उठने लगा। चालक ने खतरा भांपते ही गाड़ी सड़क किनारे रोकी और सभी लोग बाहर आ गए। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया और देखते-देखते वह धू-धूकर जलने लगी।

*दमकल ने पाया काबू, ट्रैफिक रहा प्रभावित*

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। सूचना पर दमकल टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के कारण कुछ देर तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा।

शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांचकर रही है।

पेट्रोल-डीजल की किल्लत नहीं: सभी 58 पंपों पर स्टॉक पर्याप्त, 3 रुपये महंगा होने के बाद भी आपूर्ति सामान्य

The Duniyadari: कबीरधाम– जिले में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। एक भी पेट्रोल पंप पर ड्राई आउट की स्थिति नहीं है। तेल कंपनियां रोजाना नियमित रूप से ईंधन भेज रही हैं, जिससे लोगों को कोई दिक्कत नहीं हो रही।

*58 पंपों पर पर्याप्त भंडार*

जिले में कुल 58 पेट्रोल-डीजल पंप चल रहे हैं। इनमें इंडियन ऑयल के 28, भारत पेट्रोलियम के 14, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के 14 और नायरा के 2 पंप शामिल हैं। सभी पंपों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

*3 रुपये बढ़े दाम, पर सप्लाई पर असर नहीं*

तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। इसके बावजूद जिले में ईंधन की आपूर्ति सुचारू बनी हुई है। किसी भी पंप पर कमी नहीं देखी गई है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। जरूरत के हिसाब से ही पेट्रोल-डीजल खरीदें। घबराकर अनावश्यक स्टॉक जमा करने की जरूरत नहीं है।

शराब से लदे ट्रक ने गाय को कुचला: तड़पती रही गाय, नशे में ड्राइवर के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

The Duniyadari: खैरागढ़ गंडई-छुईखदान मुख्य मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब 6 बजे नर्मदा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर चल रही गाय को रौंद दिया। हादसा इतना भयानक था कि गाय ट्रक के नीचे दबकर बुरी तरह घायल हो गई और मौके पर तड़पती रही। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।

*शराब लदा था ट्रक, नशे में था चालक: ग्रामीणों का आरोप*

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर मारने वाला ट्रक सरकारी शराब से लदा था। लोगों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और चालक को लेकर जबरदस्त नाराजगी दिखी। कुछ देर तक मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

*प्रशासन पर उठाए सवाल*

स्थानीय लोगों ने कहा कि शराब से भरे भारी वाहन बेलगाम रफ्तार से सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इससे राहगीरों और मवेशियों दोनों की जान खतरे में है। लोगों ने पुलिस-प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल उठाए।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात संभाले। दबे हुए गाय को ट्रक के नीचे से निकालने का प्रयास किया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नेता का हंगामा: NICU के बाहर गार्ड को पीटा, कॉलर पकड़कर दी धमकी; बोले- ‘दो बाप के साथ आऊंगा, स्वास्थ्य मंत्री को बुलाऊंगा

The Duniyadari: Bilaspur- सिम्स अस्पताल में शुक्रवार को हिंदूवादी संगठन के नेता राम सिंह ठाकुर ने NICU के बाहर ड्यूटी कर रहे गार्ड से मारपीट कर दी। रोकने पर भड़के नेता ने गार्ड का कॉलर पकड़कर गाली-गलौज की और धमकाया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।

*पोंछा लगने पर रोका तो भड़के*

गार्ड मनीष कश्यप ने बताया कि NICU के बाहर पोंछा लगाया जा रहा था। इसी दौरान राम सिंह वहां पहुंचे। उन्हें कुछ देर रुकने को कहा गया तो वे भड़क गए। आरोप है कि राम सिंह ने कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। झूमाझटकी में गार्ड के गले की चेन और लॉकेट भी टूट गया।

*‘स्वास्थ्य मंत्री को बुलाऊंगा’ का वीडियो वायरल*

वीडियो में राम सिंह कहते दिख रहे हैं, “तुम्हारे दो बाप के साथ आऊंगा, फिर डीन को बुलाऊंगा, स्वास्थ्य मंत्री को भी बुलाऊंगा। सबका हिसाब-किताब कर देंगे। नौकर हो तो नौकरी करो।” उन्होंने यह भी कहा कि “हमारे पैसों से तनख्वाह ले रहे हो, आम आदमी को परेशान मत करो। जबरदस्ती कर रहे हो।”

*राम सिंह ने लगाया दुर्व्यवहार का आरोप*

वहीं राम सिंह का कहना है कि गार्ड आम लोगों से गाली-गलौज कर बात कर रहा था। उसने “अरे, कहां जा रहे हो?” कहकर बदतमीजी से रोका। जबकि “भाई, मत जाइए” कहकर विनम्रता से भी मना कर सकता था। बातचीत का तरीका सही होना चाहिए। घटना के बाद अस्पताल में कुछ देर हंगामा होता रहा। मामले की जांच की जा रही है।

चोरी: वॉशरूम में तोड़फोड़ कर फर्श पर लिखा ‘आई लव अंबिकापुर’

The Duniyadari: Ambikapur– घड़ी चौक स्थित कांग्रेस जिला कार्यालय राजीव भवन में शुक्रवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। बाथरूम से करीब 73 नल की टोटियां चोरी कर ली गईं। साथ ही वॉश बेसिन, फ्लश और पाइप लाइन में जमकर तोड़फोड़ की गई। इससे एक लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।

*जाते-जाते फर्श पर लिखा संदेश*

चोरों ने उत्पात मचाने के बाद जाते समय कार्यालय के फर्श पर अंग्रेजी में ‘आई लव अंबिकापुर’ लिख दिया। सुबह कार्यालय खुलने पर घटना का पता चला तो हड़कंप मच गया। सूचना पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।

*तीसरी बार हुई चोरी, पुलिस पर उठे सवाल*

राजीव भवन में यह तीसरी बार चोरी की वारदात हुई है। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर जिलाध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक ने जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्टेशन पर रेलवे का बड़ा टिकट चेकिंग अभियान: बिना टिकट पकड़े गए 193 यात्री

The Duniyadari: भाटापारा-  रेलवे ने गुरुवार को भाटापारा स्टेशन पर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले यात्रियों पर शिकंजा कसा। प्लेटफार्म और ट्रेनों में हुई जांच में कुल 342 मामलों में कार्रवाई कर रेलवे ने 2,07,720 रुपये का राजस्व जुटाया।

*193 यात्री बिना टिकट धरे गए*

अभियान के दौरान 193 यात्रियों को बिना टिकट सफर करते पकड़ा गया। इनसे 1,56,025 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा 91 यात्री अनियमित टिकट के साथ मिले जिनसे 48,895 रुपये वसूले गए।

*लगेज और गंदगी पर भी कार्रवाई*

अधिक सामान ले जा रहे 21 यात्रियों से 2,100 रुपये और स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले 37 लोगों से 3,700 रुपये का जुर्माना लिया गया।

*16 TTE और RPF रही मौजूद*

इस अभियान में ACM, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, वाणिज्य निरीक्षक समेत 16 टिकट चेकिंग स्टाफ और 2 RPF जवान शामिल थे। रेलवे अधिकारियों ने साफ किया कि बिना टिकट यात्रा और स्टेशन पर अनुशासनहीनता रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।