The Duniyadari: नई दिल्ली- NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में नासिक पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। वहीं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 3 मई को हुई परीक्षा को रद्द कर दोबारा एग्जाम कराने का ऐलान किया है। NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने इस फैसले को छात्रों, अभिभावकों और एजेंसी के लिए बेहद कठिन और शर्मनाक बताया, लेकिन कहा कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं होगा।
*7 मई को मिले थे व्हाट्सएप पर सवाल*
आजतक से बातचीत में अभिषेक सिंह ने बताया कि 7 मई की देर रात NTA को कुछ व्हाट्सएप मैसेज मिले। इनमें शेयर किए गए सवाल NEET के पेपर से मेल खाते थे। मैसेज मिलते ही इन्हें जांच के लिए तुरंत कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि परीक्षा वाले दिन कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई थी और एग्जाम शांतिपूर्ण रहा, मगर आरोपों की गंभीरता देखते हुए जांच शुरू की गई।
*8-9 मई को जांच, 10 मई को मिली पुष्टि*
NTA डीजी के मुताबिक 8 और 9 मई को एजेंसियों ने व्हाट्सएप मैसेज की जांच की। 10 और 11 मई को कुछ आरोप सही पाए गए। इसके बाद NTA ने तय किया कि निष्पक्षता पर सवाल उठने पर परीक्षा रद्द करना ही सही रहेगा।
*लीक का दायरा कितना बड़ा, CBI बताएगी*
अभिषेक सिंह ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि पेपर लीक कितना बड़ा था और कितने छात्रों तक सवाल पहुंचे। मामले की जांच CBI को सौंप दी गई है। CBI ही पता लगाएगी कि लीक सिर्फ एक राज्य में हुआ या कई राज्यों तक फैला है।
फिलहाल NTA नई परीक्षा की तारीख जल्द घोषित करेगा। लाखों छात्रों को दोबारा परीक्ष देनी होगी।
The Duniyadari: जगदलपुर- शहर के नया पुल इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। आसना की तरफ से आ रही तेज रफ्तार यात्री बस ने मॉर्निंग वॉक कर रहे युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद बस चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रोज की तरह कई लोग सुबह नया पुल पर टहल रहे थे। तभी अचानक बस आई और युवक को चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाज भिजवाया।
*पहचान की कोशिश जारी*
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक आसपास का ही रहने वाला था। उसे अक्सर सुबह नया पुल पर टहलते देखा जाता था। फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस परिजनों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई की ज रही है।
The Duniyadari: KORBA- कमला नेहरू महाविद्यालय में समाजशास्त्र व समाज कार्य विभाग की विभागाध्यक्ष डाॅ विमला सिंह द्वारा संपादित पुस्तक “उदीयमान भारत और कोरोना महामारी” का विमोचन किया गया। प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर के हाथों विमोचित इस पुस्तक में कोविड के दौर में मानव जाति के समक्ष पेश आई कठिन परिस्थितियों और उससे संघर्ष कर उभरे भारतीय समाज में हुए परिवर्तन पर फोकस करते हुए ज्ञानवर्धक लेख संग्रहित हैं। 309 पृष्ठ में कुल 26 अध्याय से तैयार की गई इस पुस्तक में महाविद्यालय परिवार से पुस्तक की संपादक डाॅ विमला सिंह के अलावा आईटी विभागाध्यक्ष डाॅ बीना विश्वास, बीएड प्रभारी डाॅ भारती कुलदीप, डाॅ रश्मि शुक्ला, विकास पांडेय, अंचल अग्रवाल, कविता पटेल एवं निकिता अग्रवाल ने भी अपने अनुभवों से लेख का महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस उपलब्धि पर प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में कोविड की जंग जीतकर उभरे भारतीय समाज की जो तस्वीर प्रस्तुत की गई है, उससे निश्चित तौर पर युवा पीढ़ी एक सेहतमंद समाज के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान अर्पित करने जागृत और प्रेरित होगी। साथ ही समाजशास्त्र के शोध और अनुसंधान की दिशा में नए आयाम की खोज में भी सहायता मिल सकेगी।
The Duniyadari: आगरा- थाना कमला नगर इलाके में मंगलवार को यमुना नदी में नहाने गए 6 बच्चों के साथ बड़ा हादसा हो गया। गर्मी से बचने नदी में उतरे बच्चे अचानक गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गए। शोर सुनकर स्थानीय लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगाई और पुलिस को खबर दी।
सूचना पर पुलिस और पीएसी की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों और स्थानीय तैराकों की मदद से 5 बच्चों को बाहर निकाला गया। सभी को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां कान्हा, रिया और महक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। काजल और अंशू का इलाज चल रहा है और दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
*एक बच्चा अब भी लापता*
छठे बच्चे की तलाश के लिए देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। गोताखोर नदी में सर्च कर रहे हैं। पुलिस ने आसपास के घाटों पर भी तलाश तेज कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ बच्चे नहाते-नहाते गहरे पानी में चले गए। संतुलन बिगड़ने पर वे डूबने लगे। उन्हें बचाने की कोशिश में बाकी बच्चे भी बहाव में फंस गए।
*परिजनों में कोहराम, सुरक्षा पर उठे सवाल*
हादसे के बाद अस्पताल और घाट पर मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने कहा कि गर्मी में रोज सैकड़ों बच्चे यमुना में नहाने आते हैं, लेकिन खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड नहीं हैं। गहराई का अंदाजा न लगने से हर साल हादसे होते हैं। लोगों ने प्रशासन से खतरनाक जगहों पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टीम मौके पर तैनात है और लापता बच्चे की तलाश के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
ओपीएस, सीधी भर्ती और संविदा नियमितीकरण को लेकर जनता यूनियन ने सौंपा ज्ञापन
● ओपीएस, नियमितीकरण और सीधी भर्ती को लेकर सौंपा ज्ञापन
● ठेका एवं आउटसोर्स प्रथा खत्म कर नियमित भर्ती की उठी मांग
● 1320 मेगावाट पावर प्लांट में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग तेज
● प्रांताध्यक्ष अनिल द्विवेदी के नेतृत्व में जारी जनप्रतिनिधि संपर्क अभियान
● अब तक 40 से अधिक विधायक, मंत्री और सांसदों तक पहुंची कर्मचारियों की आवाज
The Duniyadari: रायपुर/कोरबा-
पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस), संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, ठेका एवं आउटसोर्स प्रथा की समाप्ति, सीधी एवं नियमित भर्ती तथा कोरबा में निर्माणाधीन 1320 मेगावाट पावर प्लांट में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने जैसे महत्वपूर्ण कर्मचारीहित एवं जनहित मुद्दों को लेकर विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन का आंदोलनात्मक अभियान लगातार तेज होता जा रहा है।
इसी कड़ी में यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना चरणदास महंत से मुलाकात कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा तथा विस्तार से चर्चा की। यह प्रतिनिधिमंडल प्रांताध्यक्ष अनिल द्विवेदी के नेतृत्व एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष सम्मेलाल श्रीवास के संयोजन में उनसे मिला।
प्रांताध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने नेता प्रतिपक्ष एवं सांसद महोदया को बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने विद्युत कंपनियों में वर्ष 2004 के बाद नियुक्त नियमित कर्मचारियों के लिए अन्य शासकीय विभागों की तरह पुरानी पेंशन योजना लागू करने की घोषणा की थी, लेकिन सरकार बदलने के बाद यह विषय ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। इससे सैकड़ों कर्मचारी अपने भविष्य और सामाजिक सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत कंपनियों में ओपीएस से वंचित कर्मचारियों हेतु पुरानी पेंशन योजना लागू करने से सरकार पर कोई बड़ा वित्तीय भार भी नहीं पड़ेगा।
उन्होंने आगे कहा कि लगभग 10 वर्ष पूर्व विभागीय विज्ञापन एवं पूर्ण भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से नियुक्त संविदा कर्मचारियों को आज तक नियमित नहीं किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। ये कर्मचारी अत्यंत जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हुए प्रदेश के अनेक ब्लॉक एवं तहसील क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था संभाल रहे हैं। जरूरत पड़ने पर 24 घंटे तक सेवाएं देने वाले इन कर्मचारियों के कार्य की प्रकृति एवं खतरे को देखते हुए नियमितीकरण अत्यंत आवश्यक है, अन्यथा अनेक कर्मचारी असमय दुर्घटनाओं एवं जानलेवा परिस्थितियों के शिकार हो सकते हैं।
अनिल द्विवेदी ने कहा कि विद्युत कंपनियों में लगातार ठेका एवं आउटसोर्स व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो न केवल कर्मचारियों के हितों के साथ अन्याय है बल्कि कंपनियों को निजीकरण की दिशा में धकेलने का प्रयास भी है। वर्तमान में कंपनियों की वित्तीय व्यवस्था एवं राजस्व संकलन का बड़ा हिस्सा आउटसोर्स कर्मचारियों के माध्यम से संचालित हो रहा है, जिससे कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है। यदि यही स्थिति बनी रही तो भविष्य में आर्थिक घाटा और बढ़ सकता है। इसलिए ठेका एवं आउटसोर्स प्रथा समाप्त कर नई सीधी एवं नियमित भर्तियां की जानी चाहिए, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ें और कंपनियों की आर्थिक व्यवस्था भी मजबूत हो सके।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं सांसद श्रीमती ज्योत्स्ना महंत ने ज्ञापन के प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से चर्चा की और कर्मचारियों द्वारा रखी गई समस्याओं एवं तथ्यों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि विद्युत कर्मचारी प्रदेश के “रोशनी के सिपाही” हैं और उन्हें ओपीएस जैसे हितलाभ शीघ्र मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा घोषणा किए जाने के बावजूद इसे लागू नहीं किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण के संबंध में उन्होंने आश्वस्त किया कि इस विषय पर सरकार से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
भेंटकर्ता प्रतिनिधिमंडल में प्रांताध्यक्ष अनिल द्विवेदी, प्रांतीय उपाध्यक्ष सम्मेलाल श्रीवास, प्रांतीय संयुक्त संगठन सचिव उदय राठौर, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य सागर देवांगन, अध्यक्ष (कोरबा वृत्त) लक्ष्मी प्रसाद यादव, अध्यक्ष उत्पादन शाखा (कोरबा पूर्व) सुखीदास महंत, कोरबा वृत्त संगठन सचिव कुशल सोनवानी, जनरेशन शाखा (कोरबा पश्चिम) कोषाध्यक्ष जॉर्ज के. थंकाचंद, उत्पादन शाखा (कोरबा पूर्व) सचिव प्रमोद कुमार राठौर, देव निर्मलकर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
The Duniyadari: दुर्ग- कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात गर्लफ्रेंड से बात करने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की जान चली गई। केजू राइस मिल के पास 5 युवकों ने राजीव नगर निवासी 20 वर्षीय जितेश ठाकुर पर हमला कर दिया। चाकू लगने से जितेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल की हालत नाजुक है और उसे आरोग्यं हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 2 बजे की है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच ने इलाके की घेराबंदी की। आसपास के CCTV फुटेज खंगालने के बाद सुबह तक पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
*पूछताछ में कबूला जुर्म*
शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गर्लफ्रेंड से बात करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बहस इतनी बढ़ी कि उन्होंने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
The Duniyadari: जगदलपुर– बस्तर जिले में भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्षों और जिला कार्यकारिणी की नई सूची जारी की गई है।
जिले के सभी 13 मंडलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। साथ ही जिला कार्यकारिणी का भी विस्तार किया गया है। नए संगठन में राम प्रसाद मौर्य और सत्यम झा को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
*कार्यकारिणी में इन पदों पर हुई नियुक्ति*
जिला स्तर पर उपाध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष और आईटी सेल प्रभारी समेत अन्य पदों पर भी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी का कहना है कि यह विस्तार संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और युवा कार्यकर्ताओं को ज्यादा भागीदारी देने के लिए किया गया है। नए पदाधिकारियों से बस्तर में संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
The Duniyadari: बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र से मंगलवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। खूंटाघाट की छोटी नहर में एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने नहर में शव तैरता देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान सांधीपारा वार्ड क्रमांक 7 निवासी 65 वर्षीय कनक कुमार राज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे पिछले रविवार से घर से लापता थे और परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।
मंगलवार सुबह उनका शव नहर में मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। फिलहाल मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
The Duniyadari: नई दिल्ली- मेडिकल यूजी कोर्सों में दाखिले के लिए होने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोपों के बीच केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने यह फैसला लिया। मामले की जांच अब CBI करेगी।
NTA की ओर से जारी बयान में बताया गया कि NEET-UG 2026 का आयोजन 3 मई को हुआ था। परीक्षा के बाद से ही पेपर लीक की आशंका को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। विवाद बढ़ता देख एजेंसी ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।
*नई तारीख का एलान जल्द*
केंद्र सरकार ने कहा है कि NEET-UG 2026 की नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी। NTA ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन चेक करते रहें।
*कारणों पर सस्पेंस बरकरार*
फिलहाल NTA ने परीक्षा रद्द करने की ठोस वजहों को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी है। इससे देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों में असमंजस है। पेपर लीक की शिकायतों के बाद से ही छात्र दोबारा परीक्षा कराने की मांग कर रहे थे।
सरकार ने गड़बड़ी रोकने और पारदर्शिता के लिए अब जांच CBI को सौंप दी है। एजेंसी पेपर लीक के सोर्स और इसमें शामिल नेटवर्क की जांच करेगी।
The Duniyadari: दिसपुर– असम विधानसभा चुनाव में NDA को मिली प्रचंड जीत के बाद हिमंता बिस्वा सरमा ने आज लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ 4 नेताओं ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के वरिष्ठ नेता, कई केंद्रीय मंत्री और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे। राज्यपाल ने हिमंता बिस्वा सरमा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
*किन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ:*
1. रामेश्वर तेली – पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता
2. अतुल बोरा – असम गण परिषद के अध्यक्ष
3. चरण बोरो – यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के नेता
4. अजंता नियोग – भाजपा की वरिष्ठ नेता
NDA गठबंधन की जीत के बाद बने नए मंत्रिमंडल में भाजपा के साथ सहयोगी दलों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। शपथ के बाद मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि उनकी सरकार असम के विकास और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।