Home Blog Page 90

युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस…

The Duniyadari: महासमुंद- जिले के सराईपाली विकासखंड में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शिशुपाल पर्वत शिखर के नीचे एक युवक और एक युवती के शव पड़े होने की खबर सामने आई। सूचना मिलते ही सरायपाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई।

पुलिस के मुताबिक, सुबह ग्रामीणों ने सबसे पहले शवों को देखा और तत्काल इसकी जानकारी थाने में दी। प्रारंभिक जांच में दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि घटना कब की है और मौत किन परिस्थितियों में हुई।

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोग दोनों को प्रेमी युगल होने की आशंका जता रहे हैं, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इसी स्थान पर ऐसे मामलों की चर्चा होती रही है, जिसके चलते आशंकाएं और बढ़ गई हैं।

मौके पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी पहुंची है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।

सुशासन तिहार में CM साय का औचक दौरा, सुदूर वनांचल चंदागढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री

The Duniyadari: पत्थलगांव– सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत सुदूर वनांचल ग्राम चंदागढ़ का अचानक दौरा किया। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर गांव में उतरते ही क्षेत्र में हलचल बढ़ गई और ग्रामीण बड़ी संख्या में उनका स्वागत करने पहुंच गए।

मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने पारंपरिक अंदाज में मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और उनसे क्षेत्र की समस्याओं व विकास कार्यों को लेकर चर्चा की उम्मीद जताई।

इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव Subodh Kumar Singh और विशेष सचिव Rajat Bansal भी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री का यह औचक निरीक्षण सुशासन तिहार के तहत जमीनी स्तर पर योजनाओं की स्थिति और ग्रामीणों से सीधे संवाद के उद्देश्य से किया जा रहा है।

जनगणना ड्यूटी पर गए शिक्षक से तीन बार मारपीट, आरोपी फरार

Oplus_16908288

The Duniyadari: न्यायधानी बिलासपुर में जनगणना कार्य के दौरान एक शिक्षक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना बिल्हा ब्लॉक के ग्राम घोघरा की है, जहां ड्यूटी पर पहुंचे शिक्षक को एक युवक ने तीन बार हमला कर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।

जानकारी के अनुसार, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उड़नताल में पदस्थ शिक्षक नेतराम पैकरा शनिवार सुबह करीब 10 बजे जनगणना कार्य के सिलसिले में गांव पहुंचे थे। इसी दौरान मकान क्रमांक 141 के पास गांव के ही निर्मल सतनामी ने उनसे पूछताछ शुरू की और बिना किसी ठोस कारण के विवाद करते हुए मारपीट करने लगा।

शिक्षक ने जब अपना अधिकृत पहचान पत्र दिखाया, तब भी आरोपी ने उस पर विश्वास नहीं किया और दोबारा हमला कर दिया। डर के कारण शिक्षक पंचायत भवन पहुंचे और सरपंच को पूरी घटना बताई, लेकिन वहां भी आरोपी पहुंच गया और शिक्षक का आईडी कार्ड व शर्ट फाड़ दी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

इसके बाद जब शिक्षक दगौरी की ओर जा रहे थे, तब आरोपी ने चुराघाट तक उनका पीछा किया। इस पूरी घटना से शिक्षक काफी डरे हुए हैं। उन्होंने मामले की जानकारी प्रशासन और शिक्षा विभाग को दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

बिल्हा थाने में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी निर्मल सतनामी के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 221 और 121(1) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

बिलासपुर से दिल्ली के लिए नई उड़ान सेवा शुरू, पहले ही हफ्ते में जबरदस्त डिमांड

Oplus_16908288

The Duniyadari: Bilaspur-  शहर के बिलासा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा आखिरकार शुरू होने जा रही है। 3 मई से शुरू हो रही इस नई फ्लाइट को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लंबे समय से शाम के समय सीधी उड़ान की मांग की जा रही थी, जिसे अब अमलीजामा पहनाया गया है।

फ्लाइट की बुकिंग खुलते ही यात्रियों ने तेजी से टिकट आरक्षित कराए। महज कुछ ही दिनों में किराया 10 हजार रुपये के पार पहुंच गया, जो इस रूट की बढ़ती मांग को दर्शाता है। दिलचस्प बात यह है कि इसी समयावधि में रायपुर से दिल्ली का किराया अपेक्षाकृत कम बना हुआ है, बावजूद इसके बिलासपुर से सीधी उड़ान को यात्रियों ने ज्यादा प्राथमिकता दी है।

एयरलाइन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, उड़ान की 80 प्रतिशत से अधिक सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। इस सेवा का संचालन एलायंस एयर द्वारा किया जाएगा, जो फिलहाल सप्ताह में एक दिन—रविवार को शाम 6:45 बजे—बिलासपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। 3 मई को इसकी पहली उड़ान निर्धारित है।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक संगठनों का मानना है कि यह सेवा शहर के विकास और कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित होगी। साथ ही, मांग उठ रही है कि फ्लाइट की संख्या बढ़ाकर सप्ताह में कम से कम दो दिन कर दी जाए, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।

माना जा रहा है कि यदि समय सारणी को और सुविधाजनक बनाया गया और उड़ानों की संख्या बढ़ाई गई, तो आने वाले समय में इस रूट पर यात्री संख्या में और इजाफा देखने को मिल सकता है।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने सोनी परिवार के दिवंगत हुए सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों से की मुलाकात 

The Duniyadari : काशीनगर में शोक संतप्त परिवार से मिले, अस्पताल मे उपचारित सदस्यों से मुलाकात कर हालचाल जाना 

5 दिन पूर्व कोरबा चांपा मार्ग पर सड़क हादसे का शिकार हुआ था परिवार 

कोरबा। कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन शनिवार को काशीनगर स्थित सोनी परिवार के निवास पहुंचे और हाल ही में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दिवंगत हुए सदस्यों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की।

चार दिन पूर्व कोरबा-चांपा मार्ग पर हुए भीषण सड़क दुर्घटना में सोनी परिवार के तीन सदस्यों का असामयिक निधन हो गया था, वहीं तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

मंत्री श्री देवांगन ने परिजनों से मिलकर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से घायल सदस्यों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस दौरान उन्होंने अस्पताल पहुंचकर उपचाररत घायल सदस्य का भी हालचाल जाना और चिकित्सकों से इलाज की जानकारी भी ली।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन, मंडल अध्यक्ष श्री राजेश राठौर, पार्षद श्रीमती धन कुमारी गर्ग एवं श्री गुलजार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कोरबा में पत्रकार–अधिवक्ता विवाद गरमाया: धमकी और वसूली के आरोपों की पुलिस जांच शुरू

The Duniyadari: KORBA शहर में अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़ी खबर के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया है। एक ओर पत्रकार को धमकाने का मामला दर्ज हुआ है, तो दूसरी ओर पत्रकार पर ही वसूली के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले ने अब कानूनी रूप ले लिया है और पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र की मानिकपुर चौकी पुलिस ने अधिवक्ता कमलेश साहू के खिलाफ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अपराध दर्ज किया है। यह कार्रवाई बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत की गई है। शिकायत में कहा गया है कि कबाड़ से भरे ट्रक की कार्रवाई पर प्रकाशित खबर से नाराज होकर कमलेश साहू ने फोन पर पत्रकार योगेश सलूजा को अपशब्द कहे और धमकाया। इतना ही नहीं, वे कथित तौर पर पत्रकार की तलाश में चौकी क्षेत्र तक पहुंच गए, जिससे डर का माहौल बना।

इस बीच, घटना से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा और जांच के निर्देश दिए गए।

हालांकि, कमलेश साहू ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी तरह की धमकी नहीं दी, बल्कि एक विवाद को लेकर बातचीत की थी।

वहीं दूसरी तरफ, मुकेश साहू ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए पत्रकार पर उलटे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से उनके खिलाफ झूठी खबरें चलाई जा रही हैं और इन्हें रोकने के बदले हर महीने मोटी रकम की मांग की जा रही थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ भुगतान पहले ही किया जा चुका है और अब दोबारा दबाव बनाया जा रहा है।

मुकेश साहू ने यह भी आरोप लगाया कि रकम नहीं देने पर उनके व्यवसाय को नुकसान पहुंचाने और दुकान बंद कराने की धमकी दी गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। मामले की सच्चाई सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।

3 मई 2026 (रविवार) का राशिफल — सभी 12 राशियों के लिए संक्षेप में

♈ मेष

काम में प्रगति होगी, लेकिन दबाव रहेगा। जल्दबाजी में प्रतिक्रिया न दें। धन सामान्य रहेगा।

♉ वृषभ

दिन थोड़ा सुस्त रहेगा। खर्च बढ़ सकते हैं, इसलिए बजट पर ध्यान दें।

♊ मिथुन

बातचीत से काम बनेंगे। कोई नई सूचना या संपर्क फायदा दे सकता है।

♋ कर्क

घर-परिवार पर ध्यान रहेगा। दोस्तों और नेटवर्क से लाभ मिल सकता है।

♌ सिंह

आप एक्टिव रहेंगे और काम तेजी से करेंगे। नया काम शुरू करने का अच्छा समय है।

♍ कन्या

काम में स्थिरता और सम्मान मिलेगा। नई योजना बनाने के लिए अच्छा दिन।

♎ तुला

पैसों से जुड़ी अच्छी खबर मिल सकती है, लेकिन खर्च सोच-समझकर करें।

♏ वृश्चिक

भावनात्मक उतार-चढ़ाव रह सकता है। काम में ध्यान बनाए रखें।

♐ धनु

मेहनत का फल मिलेगा। निवेश सोच-समझकर करें, खर्च कंट्रोल करें।

♑ मकर

मन थोड़ा उलझा रहेगा। ध्यान भटक सकता है, इसलिए फोकस बनाए रखें।

♒ कुंभ

धीरे-धीरे प्रगति होगी। धैर्य रखें और टीमवर्क पर ध्यान दें।

♓ मीन

करियर में दबाव रह सकता है, लेकिन मेहनत से आगे बढ़ेंगे। अनुशासन जरूरी है।

शादी के भोज के बाद बिगड़ी लोगों की तबीयत, फूड पॉइजनिंग की आशंका

The Duniyadari: कोंडागांव जिला मुख्यालय से सटे डोंगरीगुड़ा के राऊतपारा में शादी समारोह के बाद आयोजित भोज कार्यक्रम लोगों के लिए मुसीबत बन गया। भोज में शामिल बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल को आयोजित इस भोज में परिवार सहित मोहल्ले के कई लोग शामिल हुए थे। इसके अगले दिन 1 मई की शाम तक कई लोगों में उल्टी और दस्त की शिकायतें सामने आने लगीं। स्थिति बिगड़ने पर स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही 2 मई को स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके चतुर्वेदी के निर्देश पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल के नेतृत्व में मेडिकल टीम गांव पहुंची। टीम ने मौके पर 46 लोगों का इलाज किया, जबकि दो गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 29 अप्रैल को राऊतपारा निवासी के यहां विवाह समारोह हुआ था, जिसके बाद 30 अप्रैल को भोज रखा गया था। भोज में मुर्गा, पनीर, दाल-चावल जैसे व्यंजन परोसे गए थे। आशंका जताई जा रही है कि इनमें से किसी खाद्य पदार्थ में संक्रमण के चलते फूड पॉइजनिंग की स्थिति बनी।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में कैंप लगाकर मरीजों का उपचार किया और हालात को नियंत्रण में लिया। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को घर-घर सर्वे कर लोगों की सेहत पर नजर रखने के लिए कहा गया है।

फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है।

जन्मदिन पर बृजमोहन अग्रवाल को मिली देशभर से शुभकामनाएं, समर्थकों में दिखा उत्साह

Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur– छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल को उनके जन्मदिन के अवसर पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें संदेश भेजकर लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर जनसेवा के लिए शुभेच्छा व्यक्त की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने बधाई संदेश में कहा कि बृजमोहन अग्रवाल का सार्वजनिक जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने आशा जताई कि वे आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ देश और प्रदेश के विकास में योगदान देते रहेंगे।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर बृजमोहन अग्रवाल को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि अग्रवाल का जनसेवा के प्रति समर्पण सराहनीय है और वे आने वाले समय में भी समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

बृजमोहन अग्रवाल छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक महत्वपूर्ण चेहरा रहे हैं और उन्होंने लंबे समय तक मंत्री पद पर रहते हुए कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में भी जन्मदिन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर छापा: फैक्ट्री से भारी मात्रा में सामान बरामद

Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur में पर्यावरण विभाग की टीम ने अवैध रूप से सिंगल यूज प्लास्टिक बनाने वाली एक फैक्ट्री पर कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, भारतीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी प्रवीण अधिकारी अपनी टीम के साथ ग्राम धुसेरा स्थित फैक्ट्री पहुंचे। अधिकारियों को देखते ही फैक्ट्री संचालक और वहां मौजूद अन्य जिम्मेदार लोग मौके से फरार हो गए।

जांच के दौरान फैक्ट्री परिसर से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक डिस्पोजल सामग्री और कच्चा माल (दाने) बरामद किया गया। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 1 जुलाई 2022 से सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बावजूद रायपुर और आसपास के इलाकों में इसका उत्पादन और बिक्री खुलेआम जारी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन छोटे दुकानदारों पर तो सख्ती दिखाता है, लेकिन बड़े कारोबारी अक्सर कार्रवाई से बच निकलते हैं। वहीं, बाहरी क्षेत्रों के कुछ गांवों में भी धड़ल्ले से सिंगल यूज प्लास्टिक का निर्माण हो रहा है, जिससे नियमों के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।