Wednesday, March 18, 2026
Home कोरबा Korba : सुबह स्कूल लगने और दोपहर छुट्टी के वक्त दीपका के...

Korba : सुबह स्कूल लगने और दोपहर छुट्टी के वक्त दीपका के गौरव पथ में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित..SDM ने जारी किया आदेश..

805

0 कटघोरा एसडीएम ने दिए दीपका थानेदार को व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देश

कोरबा। गौरव पथ पर भारी वाहनों के बीच खुद को बचते बचाते हर रोज जद्दोजहद करने मजबूर दीपका नगर के लोगों के लिए एक राहत की खबर है। अब से हर रोज सुबह एक घंटा और दोपहर एक घंटा दीपका थाने से क्रॉसिंग तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। कटघोरा एसडीएम ने दीपका पुलिस को इस संबंध में आदेश जारी किया है।

दीपका के गौरव पथ पर दौड़ते भारी वाहन आने जाने-वाले आम राहगीरों के लिए काल बनते जा रहे हैं। खासकर सुबह स्कूल लगने और दोपहर को छुट्टी के समय सबसे ज्यादा खतरा हर रोज बच्चों पर मंडराता देखा जा सकता है। इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई और व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग रखी। आखिरकार जिला प्रशासन ने आंशिक बदलाव के लिए राजी हो गया है। इसके तहत सुबह और दोपहर के वक्त एक एक घंटे के लिए गौरव पथ में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। सुबह साढ़े सात बजे से साढ़े आठ और दोपहर डेढ़ बजे से दोपहर ढाई बजे के बीच दीपका थाने से लेकर दीपका चौक रेलवे क्रॉसिंग के बीच भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटघोरा ने इस संबंध में एक पत्र दीपका थानेदार को आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि दीपका थाना से दीपका चौक (रेल्वे क्रासिंग) गौरव पथ में भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित करें। तहसीलदार दीपका द्वारा 6 अक्तूबर को जारी अपने ज्ञापन के माध्यम प्रतिवेदित किया गया है कि गौरव पथ के अलावा वर्तमान में कोई अन्य रास्ता नहीं होने के कारण रेल्वे कांसिंग के पास गौरव पथ में सुबह 7.30 से 8.30 तथा दोपहर 1.30 बजे से दोपहर 2.30 तक भारी वाहनो को प्रतिबंधित किया जाना उचित प्रतीत होता है। अतः दीपका थाना से दीपका चौक पर रेल्वे क्रासिंग तक गौरव पथ में भारी वाहनों का आवागमन सुबह 7:30 से 8.30 तथा दोपहर 1:30 से दोपहर 2.30 तक प्रतिबंधित किया जाता है। निर्धारित समयावधि में भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया जाना सुनिश्चित करें।