Friday, May 1, 2026
Home Breaking OPS पर बड़ा आंदोलन: 1 मई से 90 विधायकों व 16 सांसदों...

OPS पर बड़ा आंदोलन: 1 मई से 90 विधायकों व 16 सांसदों तक पहुंचेगी कर्मचारियों की आवाज

11

The Duniyadari: मजदूर दिवस से शुरू हुआ प्रदेशव्यापी जनप्रतिनिधि संपर्क अभियान

रायपुर/कोरबा-

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन द्वारा प्रदेश के विद्युत कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर 1 मई (मजदूर दिवस) से 7 मई 2026 तक पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर “जनप्रतिनिधि संपर्क अभियान” प्रारंभ किया गया है।

इस अभियान के अंतर्गत यूनियन के पदाधिकारी प्रदेश के सभी जिलों एवं क्षेत्रीय मुख्यालयों में अपने-अपने क्षेत्र के 90 विधायक, 11 लोकसभा सांसद एवं 5 राज्यसभा सांसदों से संपर्क कर उन्हें ज्ञापन सौंपेंगे तथा कर्मचारियों की लंबित मांगों से अवगत कराएंगे।

प्रमुख मांगें (मुख्य मुद्दा – OPS):

विद्युत कंपनियों में पुरानी पेंशन योजना (OPS) तत्काल लागू की जाए

रिक्त पदों पर नियमित भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए

वर्षों से कार्यरत संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए

विद्युत कंपनियों में प्रचलित आउटसोर्सिंग/ठेका प्रथा समाप्त की जाए

कर्मचारियों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण एवं न्यायसंगत वेतन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए

यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि इन मूलभूत मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ने के साथ-साथ प्रदेश की विद्युत व्यवस्था की गुणवत्ता एवं कार्यक्षमता भी प्रभावित हो सकती है।

यह अभियान केवल मांगों को रखने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर आगामी समय में व्यापक आंदोलन की रूपरेखा भी तय की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों से अपील:

यूनियन ने प्रदेश के सभी विधायक, लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों से आग्रह किया है कि वे कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन मांगों को प्राथमिकता के साथ शासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष उठाएं और शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराएं।

यूनियन का आह्वान:

यूनियन ने अपने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अपील की है कि वे इस अभियान को सफल बनाने हेतु अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों से संपर्क करें और कर्मचारियों की आवाज को मजबूत बनाएं। यह अभियान प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है।

कोरबा जिले से अभियान की शुरुआत:

अभियान की शुरुआत कोरबा जिले से की गई, जहां कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल से ग्राम धनराज में मुलाकात कर यूनियन प्रतिनिधिमंडल द्वारा ज्ञापन सौंपा गया।

इस अवसर पर

प्रांतीय उपाध्यक्ष सम्मेलाल श्रीवास,

प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य संजय लसार,

सचिव मुरलीधर सोनिकर (जनरेशन पश्चिम),

कोषाध्यक्ष जॉर्ज के. थंकाचंद,

प्रचार सचिव दिलेश्वर प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।