The Duniyadari: Raipur राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल अंबेडकर अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। इलाज के लिए अस्पताल पहुंची एक महिला के बैग से 50 हजार रुपए चोरी होने का मामला सामने आया है, जिससे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार महिला अपने पति के उपचार के सिलसिले में अस्पताल आई थी। उसका पति इमरजेंसी वार्ड में भर्ती है। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने महिला के बैग में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता चलते ही महिला अस्पताल चौकी पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई। रुपये चोरी होने से वह काफी परेशान और भावुक नजर आई।
घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी और निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के बावजूद इस तरह की वारदात होना चिंता का विषय माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी अस्पताल परिसर में चोरी और लूटपाट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।















